'झारखंड विज़न 2050' के दीर्घकालिक लक्ष्यों को पूरा करने और राज्य में वैश्विक निवेश को रफ्तार देने के लिए झारखंड सरकार आज से देश की राजधानी नई दिल्ली में दो दिवसीय 'नेशनल स्टेकहोल्डर्स कंसल्टेशन' का आयोजन कर रही है. 8 और 9 जुलाई 2026 को होने वाले इस भव्य कार्यक्रम का नेतृत्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन कर रहे हैं. इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य झारखंड को औद्योगिक निवेश, आईटी, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), ई-गवर्नेंस और पर्यटन के क्षेत्र में एक अग्रणी राज्य के रूप में स्थापित करना है.
ADVERTISEMENT
यह पहल विश्व आर्थिक मंच (WEF), दावोस में राज्य की पहली उपस्थिति से मिले सकारात्मक परिणामों को आगे बढ़ाने और "एक्सप्लोर इंफिनाइट अपॉर्चुनिटीज" (अनंत संभावनाओं की खोज) के दृष्टिकोण को धरातल पर उतारने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है.
उद्योग जगत के बड़े दिग्गजों का जुटेगा जमावड़ा
सूचना प्रौद्योगिकी (IT), उद्योग और पर्यटन विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में देश-विदेश के कई बड़े नीति निर्धारक, दिग्गज निवेशक और तकनीकी विशेषज्ञ शामिल हो रहे हैं. इस दौरान सरकार उद्योग जगत के हितधारकों से महत्वपूर्ण सुझाव और प्रतिक्रियाएं आमंत्रित करेगी.
राज्य के विकास को नई दिशा देने के लिए कई महत्वपूर्ण नीतियों के कांसेप्ट पेपर और प्रारूप (Drafts) जारी किए जाएंगे, जिनमें शामिल हैं:
- झारखंड एआई पॉलिसी (Jharkhand AI Policy)
- झारखंड इन्वेस्टमेंट प्रमोशन पॉलिसी (Jharkhand Investment Promotion Policy)
- झारखंड टूरिज्म पॉलिसी (Jharkhand Tourism Policy)
- झारखंड टेक्सटाइल पॉलिसी (Jharkhand Textile Policy)
- जियाडा रेगुलेशंस (JIADA Regulations)
- पीपीपी पॉलिसी (PPP Policy)
पहले दिन का एजेंडा
कार्यक्रम के पहले दिन का मुख्य फोकस डिजिटल और तकनीकी विकास पर रहेगा. आईटी, एआई और डिजिटल गवर्नेंस पर मंथन मुख्य केंद्र में होगा. पहले सत्र में देश के शीर्ष आईटी विशेषज्ञ और सरकारी नीति निर्माता आधुनिक आईटी पार्क, एआई और डिजिटल गवर्नेंस से जुड़े निवेश पर विचार-विमर्श करेंगे. सरकार और व्यापारिक प्रतिनिधियों के बीच बिजनेस-टू-गवर्नमेंट (B2G) सीधी बातचीत होगी.
एआई (AI) नीति पर विशेष सत्र
पहले दिन का समापन 'झारखंड में एआई: भविष्य को आकार देना' विषय पर केंद्रित सत्र से होगा. इसके साथ ही आईटी विभाग और विभिन्न कंपनियों के बीच कुछ महत्वपूर्ण एमओयू (MoU) भी साइन किए जाएंगे.
दूसरे दिन का एजेंडा: निवेश, पर्यटन और बड़े समझौते
कार्यक्रम का दूसरा दिन राज्य में बड़े निवेश और पर्यटन की संभावनाओं को समर्पित रहेगा. निवेशकों के सामने झारखंड की समृद्ध सांस्कृतिक और प्राकृतिक पर्यटन क्षमताओं को प्रदर्शित कर निवेश आकर्षित किया जाएगा. नए उद्योगों की स्थापना को लेकर विशेष स्टेकहोल्डर्स कंसल्टेशन होगा. राज्य के विकास को गति देने के लिए बड़े औद्योगिक घरानों के साथ एमओयू (MoU) साइन किए जाएंगे. साथ ही नई दूरदर्शी नीतियों के ड्राफ्ट और नए डिजिटल पोर्टल्स का आधिकारिक शुभारंभ भी होगा.
सांस्कृतिक झलकियों के साथ समापन
दो दिवसीय इस आयोजन का समापन झारखंड की समृद्ध संस्कृति, पारंपरिक नृत्य और संगीत को प्रदर्शित करने वाले एक विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम के साथ होगा, जिसमें देश-विदेश के कई गणमान्य व्यक्ति शामिल होंगे. सरकार का विश्वास है कि इस आयोजन से राज्य में भारी निवेश के साथ-साथ रोजगार के बड़े अवसर पैदा होंगे.
ADVERTISEMENT


