झारखंड में टेक्सटाइल और JIIPP नीति 2026 का ड्राफ्ट जारी, CM हेमंत सोरेन की मौजूदगी में दिल्ली में जुटेगा उद्योग जगत

न्यूज तक डेस्क

• 10:01 PM • 05 Jul 2026

झारखंड सरकार ने टेक्सटाइल और औद्योगिक निवेश प्रोत्साहन नीति (JIIPP) 2026 का ड्राफ्ट जारी कर दिया है. 9 जुलाई को दिल्ली में CM हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में होने वाले नेशनल कंसल्टेशन में देश के बड़े उद्योगपति जुटेंगे.

NewsTak
तस्वीर: सीएम हेमंत सोरेनक के सोशल मीडिया X से.
Google CTA

झारखंड को देश का प्रमुख औद्योगिक हब बनाने और राज्य में बड़े पैमाने पर निवेश आकर्षित करने के लिए हेमंत सोरेन सरकार ने एक बड़ा कदम उठाया है. उद्योग निदेशालय ने ‘झारखंड टेक्सटाइल, परिधान एवं फुटवियर नीति 2026’ और ‘झारखंड औद्योगिक निवेश प्रोत्साहन नीति (JIIPP) 2026’ का ड्राफ्ट आधिकारिक तौर पर जारी कर दिया है. सरकार ने इन दोनों महत्वाकांक्षी नीतियों को अंतिम रूप देने से पहले उद्योग जगत के विशेषज्ञों, हितधारकों (Stakeholders) और आम जनता से उनके सुझाव और फीडबैक मांगे हैं.

Read more!

सिंगल विंडो पोर्टल पर ड्राफ्ट लाइव, पारदर्शी नीति पर ज़ोर
राज्य सरकार ने पारदर्शिता और जन-भागीदारी को बढ़ावा देने के लिए दोनों नीतियों के विस्तृत प्रारूप को 'झारखंड सिंगल विंडो पोर्टल' पर सार्वजनिक कर दिया है. सरकार का मुख्य उद्देश्य इन नीतियों को वैश्विक और आधुनिक औद्योगिक मानकों के अनुसार तैयार करना है, जिससे घरेलू और अंतरराष्ट्रीय निवेशकों को झारखंड की ओर आकर्षित किया जा सके. कैबिनेट से अंतिम मंजूरी मिलने से पहले प्राप्त होने वाले सभी महत्वपूर्ण सुझावों को इसमें शामिल किया जाएगा.

8 और 9 जुलाई को दिल्ली में महामंथन, CM सोरेन करेंगे अध्यक्षता
इस नीति को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए आगामी 8 और 9 जुलाई 2026 को नई दिल्ली में एक राष्ट्रीय स्तर का हितधारक परामर्श कार्यक्रम (National Stakeholder Consultation Program) आयोजित किया जा रहा है. 9 जुलाई को होने वाले विशेष फीडबैक सत्र की अध्यक्षता खुद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन करेंगे. इस दो दिवसीय कार्यक्रम में देश के बड़े उद्योगपति, मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर के लीडर्स, टेक्सटाइल एक्सपर्ट्स और नामचीन अर्थशास्त्री शामिल होंगे. 

माना जा रहा है कि इस कार्यक्रम के दौरान झारखंड में निवेश के लिए कई बड़े समझौता ज्ञापनों (MoUs) पर हस्ताक्षर भी हो सकते हैं, जिससे राज्य में रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे.