भोजपुरी पावर स्टार पवन सिंह की पत्नी ज्योति सिंह एक बार फिर सुर्खियों में हैं, लेकिन इस बार वजह कोई अदालती मामला नहीं बल्कि उनकी सोशल मीडिया ट्रोलिंग है. दरअसल, ज्योति सिंह ने हाल ही में एक गाना गाते हुए वीडियो शेयर किया, जिसमें उन्होंने अनजाने में सुपरस्टार खेसारी लाल यादव के गाने को अपने पति पवन सिंह का बता दिया. बस फिर क्या था, सोशल मीडिया पर फैंस ने उन्हें निशाने पर ले लिया.
ADVERTISEMENT
क्या है पूरा मामला?
ज्योति सिंह सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव रहती हैं. उन्होंने एक वीडियो पोस्ट किया जिसमें वह मशहूर गाना 'प्यार ने खेल हाथ के लकीर में' गा रही थीं. गाना गाते हुए उन्होंने कहा, "यह गाना मेरे पतिदेव (पवन सिंह) का है." हकीकत यह है कि यह गाना पवन सिंह का नहीं, बल्कि भोजपुरी के ट्रेंडिंग स्टार खेसारी लाल यादव का है.
जैसे ही यह वीडियो वायरल हुआ, पवन सिंह और खेसारी लाल के प्रशंसकों के बीच बहस छिड़ गई और ज्योति सिंह को भद्दे कमेंट्स का सामना करना पड़ा.
ट्रोलर्स को ज्योति सिंह का करारा जवाब
बुरी तरह ट्रोल होने के बाद ज्योति सिंह ने अपनी चुप्पी तोड़ी और एक नया वीडियो जारी कर माफी मांगी. उन्होंने स्पष्ट किया, "मुझे सच में नहीं पता था कि यह खेसारी भैया का गाना है. मुझे लगा कि यह मेरे पति का गाना है. मैं बहुत ज्यादा भोजपुरी गाने नहीं सुनती हूँ, इसलिए मुझसे गलती हो गई."
ज्योति ने ट्रोलर्स से तीखे सवाल भी किए, "क्या आप लोगों के घर में मां-बहन नहीं है? एक लड़की के लिए ऐसे शब्दों का प्रयोग करने से पहले क्या आपको शर्म नहीं आती? मैं किसी एक इंसान के लिए नहीं मर सकती, मेरे मां-बाप मुझसे बहुत प्यार करते हैं और मैं उनके लिए जी रही हूँ."
तलाक के मामले के बीच बढ़ी चर्चा
बता दें कि पवन सिंह और ज्योति सिंह के बीच तलाक का मामला आरा कोर्ट में चल रहा है. हाल ही में 25 मार्च को हुई सुनवाई में पवन सिंह कोर्ट पहुंचे थे, जहाँ उन्होंने 'वन टाइम सेटलमेंट' की बात कही थी. दूसरी तरफ, ज्योति सिंह लगातार सोशल मीडिया पर भावुक पोस्ट और गाने शेयर कर रही हैं, जिसे लेकर उनके समर्थक और विरोधी अपनी-अपनी प्रतिक्रिया दे रहे हैं.
ADVERTISEMENT


