भोजपुरी इंडस्ट्री के 'पावरस्टार' पवन सिंह और उनकी पत्नी ज्योति सिंह के बीच चल रहा पारिवारिक विवाद किसी से छिपा नहीं है. दोनों की शादी के 8 साल हो चुके हैं और कोर्ट में तलाक का मामला पेंडिंग है. लेकिन इस कड़वाहट और अनिश्चितता के बीच ज्योति सिंह ने अपनी जिंदगी से जुड़ा एक बेहद भावुक और बड़ा फैसला सुनाया है.
ADVERTISEMENT
हाल ही में ज्योति सिंह एक आईवीएफ (IVF) सेंटर में पहुंचीं, जहां उन्होंने मीडिया के सामने बेबाकी से कहा कि अगर जरूरत पड़ी तो वह भविष्य में IVF के जरिए मां बनने से पीछे नहीं हटेंगी.
'मैं भी एक महिला हूं, मेरा भी दिल करता है कि मेरा बच्चा हो'
आईवीएफ सेंटर में महिलाओं को जागरूक करने पहुंचीं ज्योति सिंह से जब पूछा गया कि क्या वह भी मां बनने के लिए इस आधुनिक तकनीक का सहारा लेंगी, तो उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा "मैं भी एक औरत हूं और मेरा भी मन करता है कि मेरा एक बच्चा हो, मैं भी मां बनूं. अगर मैं दूसरों को जागरूक कर रही हूं और भविष्य में मुझे ऐसा लगा या जरूरत महसूस हुई, तो बिल्कुल... मैं जरूर IVF से मां बनूंगी, क्यों नहीं?"ज्योति की इन बातों से साफ जाहिर है कि भले ही पति पवन सिंह के साथ उनका रिश्ता किसी भी मोड़ पर खड़ा हो, लेकिन वह मां बनने के अपने सपने को खत्म नहीं होने देना चाहतीं.
शादी के 8 साल बाद भी अधूरा है 'मदरहुड' का सपना
ज्योति सिंह और पवन सिंह की शादी साल 2018 में हुई थी. पिछले कुछ सालों से दोनों की शादीशुदा जिंदगी में भयंकर कड़वाहट आ चुकी है. जहां पवन सिंह कोर्ट से तलाक मांग रहे हैं, वहीं ज्योति कई बार कह चुकी हैं कि वह अपना घर बचाना चाहती थीं.इंटरव्यूज में ज्योति अपना दर्द बयां करते हुए कह चुकी हैं कि शादी के 8 साल बीत गए, उनके सामने उनकी छोटी बहनों की शादी हुई और उनकी गोद में बच्चे भी आ गए, लेकिन उनके हिस्से सिर्फ डिप्रेशन और अकेलापन आया.
क्या अब अपने दम पर आगे बढ़ेंगी ज्योति?
पवन सिंह पर अतीत में गंभीर आरोप लगाने और अब खुलेआम आईवीएफ (IVF) के समर्थन में बोलने को लेकर सोशल मीडिया पर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं. कयास लगाए जा रहे हैं कि ज्योति सिंह अब एक टूटे हुए रिश्ते के भरोसे अपनी जिंदगी को रोकने के मूड में नहीं हैं. उन्होंने साफ संकेत दे दिए हैं कि रिश्ते का भविष्य जो भी हो, वह मातृत्व (Motherhood) का सुख पाने के अपने हक से समझौता नहीं करेंगी. देखना यह होगा कि ज्योति के इस बोल्ड और इमोशनल बयान पर पावरस्टार पवन सिंह की क्या प्रतिक्रिया आती है.
ADVERTISEMENT


