बिहार के कटिहार स्थित अंचल कार्यालय परिसर में उस वक्त हड़कंप मच गया जब जनता के काम निपटाने वाले दो बड़े अधिकारी आपस में ही भिड़ गए. अंचल अधिकारी (CO) सोनू भगत और प्रधान लिपिक संजय वर्मा के बीच पहले तो तीखी बहस और तू-तू मैं-मैं हुई, लेकिन देखते ही देखते बात इतनी बिगड़ गई कि दोनों के बीच जमकर मारपीट और हाथापाई होने लगी. सरकारी दफ्तर में हुए इस शर्मनाक ड्रामे की पूरी तस्वीर वहां लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरे में कैद हो गई है, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
ADVERTISEMENT
अवैध वसूली को लेकर भिड़ंत का अंदेशा
हालांकि आधिकारिक तौर पर विवाद के मुख्य कारणों की घोषणा अभी तक नहीं की गई है, लेकिन स्थानीय सूत्रों और दफ्तर के चर्चाओं की मानें तो मामला आम लोगों की फाइलों के निष्पादन के नाम पर होने वाली 'अवैध वसूली' और पैसे के बंटवारे से जुड़ा बताया जा रहा है. इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हुई थी जो मारपीट तक जा पहुंची. घटना के बाद दोनों ही पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ सहायक थाना में लिखित आवेदन देकर कड़ी कार्रवाई की मांग की है. उल्लेखनीय है कि अंचल अधिकारी सोनू भगत वही अधिकारी हैं, जो कुछ समय पहले स्टूडेंट प्रोटेस्ट के दौरान अपनी आंख में चोट लगने के कारण चर्चा में आए थे.
कटिहार DM आशुतोष द्विवेदी सख्त, बनाई 3 सदस्यीय जांच टीम
मामला तूल पकड़ते ही कटिहार के जिलाधिकारी (DM) आशुतोष द्विवेदी ने पूरी घटना पर कड़ा संज्ञान लिया है. डीएम आशुतोष द्विवेदी ने मामले पर बयान देते हुए कहा:
यह मामला हमारे संज्ञान में आया था और हमने तत्काल प्रभाव से जांच के लिए अधिकारियों की एक टीम गठित कर दी है. इस टीम में राजस्व शाखा के प्रभारी अधिकारी सहित तीन वरीय पदाधिकारी शामिल हैं. जांच टीम को शाम तक अपनी रिपोर्ट सौंपने को कहा गया है. क्या परिस्थितियां बनीं, हाथापाई की मुख्य वजह क्या थी और कौन इसके लिए जिम्मेदार है, रिपोर्ट आते ही दोषियों पर कड़ी कानूनी व प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी.
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो, उठ रहे सवाल
अंचल कार्यालय में दिनदहाड़े हुई इस मारपीट के बाद पूरे कटिहार जिले के प्रशासनिक हलके में खलबली मची हुई है. आम लोग वीडियो को लेकर सोशल मीडिया पर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं और सवाल उठा रहे हैं कि जब दफ्तर के आला अधिकारी खुद ही आपस में मारपीट करेंगे, तो आम जनता की समस्याओं की सुनवाई कौन करेगा.
लालू यादव के बेटे तेज प्रताप यादव का बड़ा दावा, बोले- मेरी हत्या की रची जा रही साजिश!
ADVERTISEMENT


