पुलिस लाइन में 12 दिन तक रहा, पुलिसवालों के साथ खाया-पिया और बैरक में आराम से सोया. खुद को डायल 112 का ड्राइवर और एसएपी जवान बताने वाले इस शख्स की कहानी सुनकर आप भी पूछेंगे- भाई, पुलिस लाइन में नौकरी लगी थी या रहने का इंतजाम हो गया था? लेकिन जनाब की पोल तब खुली, जब एक सिपाही को इनकी ड्यूटी पर शक हो गया. जांच हुई तो पता चला कि जिस ड्यूटी का रौब दिखा रहे थे, उसका पुलिस के रिकॉर्ड में कोई अता-पता ही नहीं था.
ADVERTISEMENT
12 दिन तक पुलिसवालों के बीच रहा 'फर्जी पुलिसवाला'
मामला कटिहार पुलिस लाइन का है. यहां दीपक कुमार उर्फ दिलखुश कुमार नाम का शख्स पिछले करीब 12 दिनों से सिपाही बैरक नंबर-100 में रह रहा था. खुद को डायल 112 वाहन का चालक और एसएपी जवान बताकर उसने पुलिसकर्मियों के बीच अपनी जगह बना ली थी. दूसरे पुलिसकर्मियों को भी यही बताया कि वह पुलिस विभाग में तैनात है. लेकिन कहानी में ट्विस्ट तब आया, जब एक सिपाही को इसकी बातों पर भरोसा नहीं हुआ.
एक सिपाही ने पकड़ी झूठ की गाड़ी!
कटिहार जिला बल में तैनात सिपाही सुनील कुमार महतो को दीपक की गतिविधियों और उसकी बताई गई ड्यूटी पर शक हुआ. उन्होंने सीधे पुलिस लाइन की परिवहन शाखा के प्रभारी सार्जेंट को इसकी जानकारी दी. अब सार्जेंट साहब ने जब ड्यूटी का हिसाब-किताब चेक किया तो पूरा खेल ही पलट गया. रिकॉर्ड में दीपक कुमार नाम का कोई शख्स न तो डायल 112 का चालक निकला और न ही हाईवे पेट्रोलिंग वाहन पर तैनात था. यानी पुलिस की नौकरी का दावा तो था, लेकिन सरकारी रिकॉर्ड में नाम ही नहीं था!
तलाशी हुई तो वर्दी और फर्जी आईकार्ड का पूरा सामान मिला
इसके बाद सार्जेंट मेजर और सार्जेंट को सूचना दी गई. अधिकारियों की मौजूदगी में जब दीपक की तलाशी ली गई तो उसके पास से एक सेट कैमोफ्लाज वर्दी, टोपी, जूता, फर्जी पहचान पत्र, फर्जी आईकार्ड, पर्स और मोबाइल फोन मिला. इतना ही नहीं, वर्दी पहनकर खिंचवाए गए दो फोटो भी बरामद हुए. यानी वर्दी भी तैयार, आईकार्ड भी तैयार और फोटो भी तैयार. बस पुलिस विभाग के रिकॉर्ड में एंट्री नहीं थी!
जहां रखे हैं हथियार और गोपनीय दस्तावेज, वहां 12 दिन तक रहा बाहरी शख्स
अब इस कहानी का सबसे गंभीर पहलू समझिए. कटिहार पुलिस लाइन कोई आम ठिकाना नहीं है. यहां पुलिस का शस्त्रागार, रक्षित कार्यालय और कई महत्वपूर्ण गोपनीय दस्तावेज रखे जाते हैं. इसी परिसर में जिले के पुलिस अधिकारी और जवान भी रहते हैं. ऐसे संवेदनशील परिसर में एक बाहरी व्यक्ति फर्जी पुलिसकर्मी बनकर 10 से 12 दिनों तक रहा. पुलिस को आशंका है कि कहीं वह शस्त्रागार और रक्षित कार्यालय जैसे महत्वपूर्ण स्थानों की रेकी तो नहीं कर रहा था. इसी आशंका के चलते उसे गिरफ्तार किया गया है.
DSP ने बताया- अब पता लगाएंगे, पुलिस लाइन में आया कैसे?
कटिहार सदर के डीएसपी विशाल आनंद ने बताया कि 4 नवंबर को पुलिस लाइन में एक व्यक्ति के फर्जी तरीके से रहने की सूचना मिली थी. सत्यापन में उसके फर्जी पुलिसकर्मी होने की बात सामने आई, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया. डीएसपी के मुताबिक, दीपक खुद को एक्स-आर्मिमैन और डायल 112 का चालक बता रहा था. उसके पास से कैमोफ्लाज वर्दी, जूता, फर्जी पहचान पत्र, मोबाइल और वर्दी में खिंचवाए गए दो फोटो मिले हैं.
अब पुलिस के सामने सबसे बड़ा सवाल- 12 दिन तक किसकी नजर नहीं पड़ी?
दीपक कुमार के खिलाफ सहायक थाना में एफआईआर दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जा रही है. पुलिस यह पता लगा रही है कि वह 10 से 12 दिनों तक पुलिस लाइन में क्यों रह रहा था, उसका मकसद क्या था और उसे अंदर एंट्री कैसे मिली. फिलहाल जांच में यह भी पता लगाया जा रहा है कि कहीं उसने पुलिस लाइन के संवेदनशील इलाकों की रेकी तो नहीं की. कुल मिलाकर, फर्जी पुलिसवाला तो पकड़ा गया, लेकिन अब असली सवाल पुलिस लाइन की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर है. आखिर एक शख्स फर्जी वर्दी और पहचान पत्र के दम पर 12 दिन तक पुलिसवालों के बीच रहा कैसे?
ADVERTISEMENT


