पटना में खान सर के कोचिंग सेंटर पर हुए बवाल और फायरिंग मामले में एक नया और बेहद चौंकाने वाला मोड़ सामने आया है. अब इस पूरे मामले में खुद देश के प्रसिद्ध शिक्षक खान सर पुलिस के रडार पर आ गए हैं. पुलिस की टीम इस वक्त खुद खान सर से उनके कोचिंग संस्थान में ही पूछताछ कर रही है. यह पूरी कार्रवाई सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल होने के बाद शुरू हुई है, जिसने इस पूरे मामले की दिशा को ही पलट कर रख दिया है. पुलिस अब इस बात का पता लगाने में जुटी है कि आखिर इस पूरी घटना के पीछे की असली सच्चाई क्या है.
ADVERTISEMENT
गार्ड ने कबूली फायरिंग की बात, हथियार भी बरामद
थाने में पुलिस द्वारा की गई कड़ाई से पूछताछ के दौरान खान सर के गार्ड ने खुद फायरिंग करने की बात कबूल कर ली है. इसके साथ ही पुलिस ने मौके से हथियार भी बरामद कर लिया है. दरअसल, सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है जिसमें खान सर के दो गार्ड कथित तौर पर फायरिंग करते हुए साफ दिखाई दे रहे हैं. हालांकि इस वायरल वीडियो की पुष्टि हम नहीं करते है, लेकिन पुलिस ने इसी वीडियो को मुख्य आधार मानकर अपनी जांच आगे बढ़ाई, जिसके बाद गार्ड ने अपना गुनाह कबूल कर लिया.
बयानों में विरोधाभास के बाद खान सर से पूछताछ
पुलिस द्वारा खान सर से पूछताछ किए जाने की मुख्य वजह उनके खुद के बयानों में भारी विरोधाभास होना बताया जा रहा है. घटना के शुरुआती वक्त में खान सर ने दावा किया था कि उन्होंने खुद कोचिंग संस्थान पर गोली चलते हुए देखी है और वहां करीब 8 से 10 राउंड फायरिंग हुई थी. लेकिन, बाद में वह अपने इस बयान से पूरी तरह पलट गए और फायरिंग की घटना से ही इनकार करने लगे. पहले खुद गोली देखने का दावा करना और बाद में मुकर जाना, खान सर के इसी यू-टर्न और वायरल वीडियो के बाद पुलिस अब उनसे कड़ाई से पूछताछ कर सच उगलवाने की कोशिश कर रही है.
रोशन आनंद की पहले ही हो चुकी है गिरफ्तारी
इस पूरे विवाद में पुलिस ने पहले कार्रवाई करते हुए रोशन आनंद नाम के एक शख्स को गिरफ्तार किया था, जिन्हें बाद में न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. रोशन आनंद पर खान सर के कोचिंग सेंटर पर पथराव करने, हंगामा करने और बवाल काटने के गंभीर आरोप लगे थे, जिसके बाद पुलिस उन्हें हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही थी. लेकिन जैसे ही गार्ड की फायरिंग का वीडियो सामने आया और उसने पुलिस के सामने सच कबूला, इस पूरे मामले ने एक नया मोड़ ले लिया है.
पुलिस की जांच पर टिकी सबकी नजरें
इस वक्त पुलिस खान सर के कोचिंग संस्थान में मौजूद है और हर पहलू को ध्यान में रखकर गहराई से जांच कर रही है. खान सर से हो रही इस पूछताछ के बाद अब देखना यह होगा कि इस मामले में क्या नए और बड़े खुलासे होते हैं. क्या खान सर पुलिस के सामने कोई बड़ा राज खोलेंगे या फिर रोशन आनंद द्वारा किए जा रहे दावे सच साबित होंगे, इसका इंतजार अब सभी को है. लेकिन फिलहाल खान सर से पुलिस की पूछताछ ने इस पूरे मामले में संशय और सस्पेंस को काफी बढ़ा दिया है.
यहां देखें वीडियो
पटना में कोचिंग विवाद मामले में नया मोड़, खान सर के दो गार्ड्स को पुलिस ने किया गिरफ्तार
ADVERTISEMENT


