'...तो बंद हो जाएगा खान सर का कोचिंग सेंटर'! गार्ड्स की गिरफ्तारी के बाद कोचिंग पर लटकी सीलिंग की तलवार

पटना में कोचिंग के बाहर हुई फायरिंग के मामले में खान सर पहले से ही कानूनी मुश्किलों में घिरे हैं. अब उनके 'खान ग्लोबल स्टडीज' (KGS) सेंटर में फायर सेफ्टी नियमों की कमियां मिली हैं. बिहार अग्निशमन सेवा ने चेतावनी दी है कि कमियां दूर न होने पर कोचिंग सेंटर को सील कर दिया जाएगा.

Khan Sir Latest News
Khan Sir

शशि भूषण कुमार

follow google news

बिहार के मशहूर शिक्षक खान सर (फैजल खान) की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं. पटना में कोचिंग संस्थान के बाहर हुए गोलीकांड के बाद वह पहले से ही पुलिस जांच का सामना कर रहे हैं. अब उनके 'खान ग्लोबल स्टडीज' (KGS) कोचिंग सेंटर पर प्रशासन का डंडा चला है. बिहार अग्निशमन सेवा ने खान सर के कोचिंग संस्थान में फायर सेफ्टी नियमों की अनदेखी पकड़ी है और इसे लेकर एक सख्त चेतावनी जारी की है.

Read more!

फायर सेफ्टी नियमों में मिलीं कमियां

बिहार अग्निशमन सेवा के डीआईजी मनोज कुमार ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि केजीएस (KGS) कोचिंग सेंटर की जांच में सुरक्षा से जुड़ी कई कमियां पाई गई हैं. विभाग ने खान सर के प्रबंधन को इन सभी कमियों को तुरंत ठीक करने के निर्देश दिए हैं. अधिकारियों का साफ कहना है कि अगर तय समय के भीतर नियमों का पालन नहीं किया गया, तो जिला अग्निशमन अधिकारी कोचिंग सेंटर को सील करने जैसी बड़ी और सख्त कानूनी कार्रवाई कर सकते हैं.

माना जा रहा है कि मुजफ्फरपुर के एक अस्पताल के आईसीयू (ICU) में हाल ही में लगी भीषण आग के बाद प्रशासन अलर्ट मोड पर है. उस हादसे में 6 मरीजों की जान चली गई थी, जिसके बाद से पूरे राज्य में सुरक्षा ऑडिट तेज कर दिया गया है.

क्या है पूरा फायरिंग विवाद?

खान ग्लोबल स्टडीज के पटना में दो प्रमुख सेंटर संचालित हैं. इनमें एक बोरिंग रोड और दूसरा मुसल्लहपुर हाट इलाके में स्थित है. मुसल्लहपुर हाट स्थित सेंटर के बाहर 2 जून को हंगामा, पथराव और फायरिंग की घटना हुई थी.

शुरुआत में दावा किया गया था कि किसी प्रतिद्वंद्वी कोचिंग संस्थान से जुड़े लोगों ने हमला किया और गोलीबारी की. लेकिन बाद में सामने आए वीडियो ने मामले को नया मोड़ दे दिया.

वीडियो सामने आने के बाद बढ़ी कानूनी परेशानी

पुलिस जांच में सामने आया कि वायरल वीडियो में कोचिंग संस्थान के दो सुरक्षा गार्ड फायरिंग करते दिखाई दे रहे हैं. इसके बाद पुलिस ने दोनों गार्डों को हिरासत में लेकर उनके हथियार जब्त कर लिए और जांच शुरू की.

जेल जाएंगे या मिलेगी राहत?

हिरासत में लिए गए गार्ड्स ने पूछताछ में पुलिस के सामने दावा किया कि उन्होंने खान सर के कहने पर ही फायरिंग की थी. इस बयान के बाद पुलिस ने दर्ज एफआईआर (FIR) में खान सर को भी आरोपी बनाया है. अपनी गिरफ्तारी की आशंका को देखते हुए खान सर फिलहाल सरेंडर करने के मूड में नहीं हैं. सूत्रों के मुताबिक, वह इस मामले से बचने के लिए कोर्ट में अग्रिम जमानत (Anticipatory Bail) की अर्जी लगाने की तैयारी कर रहे हैं. पटना के बोरिंग रोड और मुसल्लहपुर हाट स्थित उनके दोनों सेंटर्स पर फिलहाल गहमागहमी का माहौल है.

    follow google news