Khan Sir Controversy: क्या गिरफ्तार होंगे खान सर? एफआईआर के बाद पटना एसएसपी का बड़ा बयान

हर्षिता सिंह

• 05:47 PM • 05 Jun 2026

Patna SSP on Khan Sir Arrest: पटना कोचिंग विवाद में खान सर की मुश्किलें लगातार बढ़ रही हैं. फायरिंग मामले में एफआईआर दर्ज होने के बाद पटना एसएसपी कार्तिकेय शर्मा का बड़ा बयान सामने आया है. पुलिस ने वायरल वीडियो में दिख रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और हथियारों को एफएसएल जांच के लिए भेजा है. जानिए क्या खान सर की गिरफ्तारी हो सकती है और एसएसपी ने क्या कहा.

Khan Sir Arrest Update
Khan Sir Arrest Update
Google CTA

खान सर की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं. कोचिंग विवाद मामले में घिरे मशहूर शिक्षक फैजल खान उर्फ खान सर पर अब गिरफ्तारी की तलवार लटक रही है. सोशल मीडिया पर एक वीडियो सामने आने के बाद खान सर के दावे उलट साबित होते दिख रहे हैं, जिसके बाद उन पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है. ताजा जानकारी के मुताबिक, खान सर फिलहाल अंडरग्राउंड बताए जा रहे हैं और पुलिस उन्हें लेकर लगातार बैठकें कर रही है. माना जा रहा है कि इस मामले में किसी भी वक्त उनकी गिरफ्तारी हो सकती है. विस्तार से जानिए पूरी कहानी.

Read more!

पटना एसएसपी कार्तिकेय शर्मा का पहला बयान 

इस पूरे कोचिंग विवाद और एफआईआर दर्ज होने के बाद पटना के एसएसपी कार्तिकेय शर्मा का पहला आधिकारिक बयान सामने आया है. मीडिया से बातचीत करते हुए एसएसपी ने साफ किया कि पुलिस इस मामले में पूरी मुस्तैदी से अनुसंधान कर रही है. उन्होंने बताया कि अभी तक की जांच में जो भी तथ्य सामने आए हैं, उसके आधार पर पुलिस कार्रवाई को आगे बढ़ा रही है. वीडियो में जो दो व्यक्ति सरेआम फायरिंग करते हुए दिखाई दे रहे थे, पुलिस ने उनकी पहचान करके उन्हें गिरफ्तार कर लिया है.

हथियारों की जांच और पुलिस की आगे की कार्रवाई 

एसएसपी कार्तिकेय शर्मा के मुताबिक, गिरफ्तार किए गए आरोपियों के पास से हथियार जब्त कर लिए गए हैं. इन हथियारों को आगे की जांच के लिए FSL(फॉरेसिंक साइंस लैबोरेटरी) भेजा गया है ताकि मामले की वैज्ञानिक तरीके से पुष्टि हो सके. उन्होंने स्पष्ट किया कि अभी पुलिस का अनुसंधान जारी है और जैसे-जैसे नए तथ्य सामने आएंगे, उसी आधार पर आगे की कानूनी फॉरवर्डिंग की जाएगी.

क्या गिरफ्तार होंगे खान सर? एसएसपी ने दिया जवाब

जब एसएसपी से सीधा सवाल पूछा गया कि क्या इस मामले में खान सर की भी गिरफ्तारी होगी, तो उन्होंने कानून सम्मत कार्रवाई की बात कही. कार्तिकेय शर्मा ने कहा कि पुलिस पूरी तरह से सबूतों के आधार पर काम कर रही है. इस मामले में जिस किसी के खिलाफ भी पुख्ता सबूत मिलेंगे, उसके ऊपर सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी, चाहे वह कोई भी हो. विधि व्यवस्था और अपराध के मामले में पुलिस किसी को भी बख्शने के मूड में नहीं है.

बॉडीगार्ड का बड़ा कबूलनामा और खान सर का आदेश 

मामले में दर्ज एफआईआर में बेहद चौंकाने वाली बातें सामने आई हैं. एफआईआर के मुताबिक, खान सर के निजी सुरक्षाकर्मी यानी बॉडीगार्ड ने पुलिस के सामने यह बात कबूल की है कि उसने खान सर के कहने पर ही गोली चलाई थी. एफआईआर में साफ तौर पर लिखा गया है कि खान सर ने अपने सुरक्षाकर्मी को आदेश देते हुए कहा था कि 'तुम गोली चलाओ, जो कुछ भी आगे होगा उसे हम देख लेंगे'. इस कबूलनामे के बाद खान सर की भूमिका पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं.

क्लासरूम में दी सफाई और अब पुलिस की नजर

विवाद बढ़ता देख खान सर ने अपने छात्रों को इकट्ठा किया था और क्लासरूम में बिठाकर इस पूरे घटनाक्रम पर अपनी सफाई भी पेश की थी. खान सर की इस सफाई का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया है. हालांकि, अब एफआईआर दर्ज होने और बॉडीगार्ड के बयान के बाद पुलिस बेहद गंभीर है. अब देखना यह होगा कि अंडरग्राउंड चल रहे खान सर तक पुलिस कब तक पहुंच पाती है और उनसे पूछताछ में क्या नए खुलासे होते हैं.

यहां देखें वीडियो

'जो होगा मैं समझ लूंगा...' खान सर के कहने पर गार्ड्स ने चलाई थी गोली? जानिए कदमकुआं थाने की एफआईआर में क्या है