खान सर पर लटकी गिरफ्तारी की तलवार, कोचिंग विवाद और फायरिंग मामले में FIR दर्ज, पुलिस की रेड जारी!

अनिकेत कुमार

• 01:30 PM • 05 Jun 2026

Khan Sir Coaching Controversy: पटना कोचिंग विवाद और फायरिंग मामले में खान सर की मुश्किलें बढ़ गई हैं. पुलिस ने आर्म्स एक्ट और हत्या के प्रयास जैसी गंभीर धाराओं में FIR दर्ज की है. वायरल वीडियो, गार्ड्स की गिरफ्तारी, रोशन आनंद विवाद और खान सर पर गिरफ्तारी की तलवार से जुड़े पूरे मामले की विस्तृत जानकारी पढ़ें.

Khan Sir FIR
Khan Sir FIR
Google CTA

Khan Sir FIR: पटना में कोचिंग विवाद और फायरिंग के मामले में देश के चर्चित शिक्षक खान सर की मुश्किलें बेहद बढ़ गई हैं. अब उन पर गिरफ्तारी की तलवार लटकती हुई दिखाई दे रही है. पुलिस ने इस पूरे मामले में खान सर के खिलाफ बेहद कड़ा रुख अख्तियार किया है. सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस ने स्वयं अपने स्टेटमेंट के आधार पर यह शिकायत दर्ज कराई है, जिसमें खान सर को भी नामजद आरोपी बना दिया गया है. पुलिस सूत्रों का दावा है कि इस कार्रवाई के बाद खान सर की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग ठिकानों पर छापेमारी (रेड) भी की जा रही है.

Read more!

जानिए क्या है पूरा मामला और कैसे शुरू हुआ विवाद

यह पूरा घटनाक्रम 2 जून की रात का है, जब पटना के कदमकुआं थाना क्षेत्र में स्थित खान सर के कोचिंग सेंटर पर अचानक हमला हुआ था. इस हमले के दौरान खान सर के एक सुरक्षाकर्मी (गार्ड) के साथ मारपीट की गई थी. इस घटना का सीधा आरोप रोशन आनंद नाम के व्यक्ति पर लगा था, जिसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए रोशन आनंद को गिरफ्तार कर लिया था. शुरुआत में इसे कोचिंग सेंटर पर हमला माना जा रहा था, लेकिन इसके बाद मामले में एक नया मोड़ आ गया.

वायरल वीडियो ने पलटा पूरा केस, गार्ड्स की हुई गिरफ्तारी

इस पूरे मामले में उस वक्त हड़कंप मच गया जब सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल होने लगा. वायरल हुए इस वीडियो में साफ तौर पर देखा जा सकता है कि खान सर के अपने ही गार्ड्स सरेआम गोलियां चला रहे हैं. फायरिंग का यह वीडियो सामने आने के बाद पुलिस प्रशासन तुरंत हरकत में आया और खान सर के दोनों गार्ड्स को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया गया. इस मोड़ के बाद पुलिस के सामने कई नए सवाल खड़े हो गए कि आखिर सबसे पहले गोली किस तरफ से चलाई गई थी और गार्ड्स को गोली चलाने का आदेश किसने दिया था.

बयानों से पलटे खान सर, दर्ज हुई गंभीर धाराओं में FIR

फायरिंग के इस वीडियो के सामने आने से पहले खान सर ने दावा किया था कि उनके कोचिंग सेंटर पर कई राउंड गोलियां चलाई गईं. हालांकि, बाद में खान सर अपने ही इस बयान से पलट गए. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने खान सर से भी पूछताछ की थी. अब पुलिस ने कदमकुआं थाना क्षेत्र में आर्म्स एक्ट और हत्या के प्रयास (अटेंप्ट टू मर्डर) जैसी बेहद गंभीर धाराओं के तहत खान सर के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है. पुलिस अब इस मामले से जुड़े तमाम सबूतों और गवाहों को इकट्ठा करने में जुटी हुई है.

पटना में उठ रही है गिरफ्तारी की मांग, वर्चस्व की जंग आई सामने

इस पूरे मामले के बाद पटना के छात्र और शिक्षक गुटों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है. जेल में बंद रोशन आनंद के समर्थक छात्र लगातार खान सर की गिरफ्तारी की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं. वहीं दूसरी तरफ, पटना के एक और प्रसिद्ध शिक्षक गुरु रहमान ने भी खान सर को गिरफ्तार करने की मांग उठाई है. दो बड़े शिक्षकों के बीच वर्चस्व की यह लड़ाई अब पूरे बिहार में चर्चा का मुख्य केंद्र बन चुकी है. एक तरफ जहां रोशन आनंद पहले से जेल में हैं, वहीं दूसरी तरफ खान सर के खिलाफ दर्ज हुई इस एफआईआर के बाद पुलिस कभी भी उन्हें गिरफ्तार कर सकती है.

यहां देखें वीडियो

'किसके कहने पर चलाई गोली?'... इस सवाल पर खान सर के गार्ड ने क्या जवाब दिया? देखिए वीडियो