देश के जाने-माने शिक्षक खान सर (फैजल खान) एक बार फिर गंभीर विवादों के घेरे में आ गए हैं. उनके पूर्व सहयोगी और 'टारगेट' कोचिंग के डायरेक्टर रहे निखिल सर ने अब कैमरे के सामने आकर साल 2019 में हुए उस कथित धोखे की पूरी कहानी बयां की है, जिसने पटना के शिक्षा जगत में सनसनी मचा दी है. निखिल सर का दावा है कि जिस कोचिंग साम्राज्य पर आज खान सर राज कर रहे हैं, उसे असल में दबाव और धोखाधड़ी के दम पर उनसे हड़पा गया था. विस्तार से जानिए क्या है पूरी कहानी.
ADVERTISEMENT
50 रुपए प्रति घंटे से हुई थी सफर की शुरुआत
निखिल सर ने खुलासा किया कि जब खान सर पहली बार पटना के मुसल्लहपुर हाट में आए थे, तब उनकी स्थिति बहुत सामान्य थी. उन्होंने बताया कि खान सर पहले वंदना मैम की कोचिंग में पढ़ाते थे, जहां से विवाद के बाद उन्हें निकाल दिया गया था. इसके बाद एक शिक्षक के कहने पर निखिल सर ने उन्हें अपने कोचिंग संस्थान में पढ़ाने का मौका दिया। शुरुआत में खान सर को 50 रुपए प्रति घंटे के हिसाब से भुगतान किया जाता था. निखिल सर के मुताबिक, खान सर की मेहनत देख उन्होंने बाद में 70:30 का रेशियो तय किया, जिसमें 70% हिस्सा खान सर को और 30% हिस्सा निखिल सर को मिलता था, जिससे वे किराया और स्टाफ का खर्चा निकालते थे.
कसम और एग्रीमेंट का भरोसा
बिहार तक से खास बातचीत में निखिल सर ने बताया कि जब कोचिंग में बच्चों की भीड़ बढ़ने लगी, तो उन्होंने किसान कोल्ड स्टोरेज के पास बड़ी जगह ली. उन्होंने दावा किया कि खान सर ने उन पर पूरा भरोसा जताने के लिए 'अब्बा की कसम' तक खाई थी और लिखित में भी दिया था कि वे कभी धोखा नहीं देंगे. निखिल सर ने बताया कि खान सर ने उनसे कहा था कि 'मैं पठान का बच्चा हूं, जिस दिन 5000 बच्चे हो जाएंगे, 50 लाख का हिसाब खुद करके दूंगा.' इसी भरोसे के कारण निखिल सर ने अपने अन्य सेंटर छोड़कर सारा ध्यान इसी कोचिंग पर लगा दिया था.
2019 में दबाव बनाकर हड़पी कोचिंग!
निखिल सर का आरोप है कि जैसे-जैसे खान सर की लोकप्रियता बढ़ी, उनके तेवर बदलने लगे. 2019 के आसपास उन्होंने कथित तौर पर दबाव बनाना शुरू किया. निखिल सर ने आरोप लगाया कि खान सर ने उन्हें डरा-धमकार और 'पिस्तौल' के दम जैसी स्थिति बनाकर जबरन कागज लिखवा लिए कि यह कोचिंग खान सर की ही है. उन्होंने कहा कि उस समय खान सर का वर्चस्व इतना बढ़ चुका था कि वे डर गए थे और चुप रहना ही बेहतर समझा. निखिल सर ने यह भी दावा किया कि उनके पास बिजली बिल, रेंट एग्रीमेंट और मिस्त्रियों के बयान जैसे तमाम सबूत हैं जो साबित करते हैं कि कोचिंग उनकी थी.
धमकी मिलने का दावा और कानूनी लड़ाई की तैयारी
निखिल सर ने भावुक होते हुए कहा कि जब से उन्होंने इस मामले पर मुंह खोला है, उन्हें जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं. उन्होंने बिहार तक के कैमरे पर कहा कि अगर उन्हें या उनके परिवार को कुछ होता है, तो इसके जिम्मेदार खान सर ही होंगे. अब वे इस पूरे मामले को लेकर वकीलों से सलाह ले रहे हैं और जल्द ही खान सर (फैजल खान) के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने और कानूनी कार्रवाई करने की योजना बना रहे हैं.
यहां देखें वीडियो
खान सर के बाद क्या रौशन आनंद भी आएंगे जेल से बाहर? वकील शिवनंदन भारती ने बताया कानून का पूरा गणित
ADVERTISEMENT


