पटना सिविल कोर्ट से खान सर को राहत, पुलिस की गिरफ्तारी पर रोक बरकरार...वकील ने बताई पूरी बात!

Khan Sir News: पटना सिविल कोर्ट से मशहूर शिक्षक खान सर को बड़ी राहत मिली है. ज्ञान बिंदु एकेडमी और खान ग्लोबल स्टडीज विवाद से जुड़े कथित फायरिंग मामले में कोर्ट ने उनकी गिरफ्तारी पर लगी रोक को बरकरार रखा है. अब इस मामले में 25 जून को अंतिम सुनवाई होगी. जानिए वकील ने कोर्ट में क्या जानकारी दी और पूरा मामला कैसे शुरू हुआ.

Khan Sir News
खान सर को कोर्ट से मिली राहत

सुजीत कुमार

follow google news

खान ग्लोबल स्टडीज और ज्ञान बिंदु एकेडमी विवाद से जुड़े कथित फायरिंग मामले में मशहूर शिक्षक खान सर को अदालत से बड़ी राहत मिली है. पटना सिविल कोर्ट ने खान सर की अंतरिम सुरक्षा (इंट्रिम प्रोटेक्शन) यानी गिरफ्तारी पर रोक की अवधि को आगे के लिए बढ़ा दिया है. इस मामले की पिछली सुनवाई में कोर्ट ने खान सर को 20 जून तक के लिए अंतरिम राहत दी थी, जिसे अब बढ़ा दिया गया है. अदालत के इस फैसले के बाद फिलहाल खान सर को पुलिस गिरफ्तार नहीं कर सकेगी.

Read more!

अदालत में क्या हुआ और कब होगी अगली सुनवाई

शनिवार को हुई सुनवाई के दौरान मामले के जांच अधिकारी की ओर से कोर्ट में केस डायरी और जांच से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज प्रस्तुत किए गए. खान सर के वकील अरविंद कुमार मवार ने बताया कि पुलिस ने केस डायरी कोर्ट में सबमिट कर दी है, जिसे पब्लिक प्रॉसिक्यूटर (पीपी साहब) को पढ़ने के लिए सौंप दिया गया है. पीपी साहब इस डायरी को पढ़ने के बाद 23 जून को वापस करेंगे, जिसके बाद कोर्ट इस पूरे मामले पर 25 जून को फाइनल सुनवाई (अग्रिम जमानत याचिका पर विस्तार से सुनवाई) करेगा.

स्टाफ और गार्ड्स को भी मिली राहत

खान सर के अलावा इस मामले में उनके स्टाफ और सुरक्षा गार्ड्स को भी बड़ी राहत मिली है. वकील के मुताबिक, खान सर के तीन अन्य स्टाफ सदस्य, जिन्हें पुलिस इस मामले में ढूंढ रही थी, उन्हें भी कोर्ट से 'नो कोअर्सिव'(राहत) मिल गया है. इसके अलावा, जिन्होंने पहले काउंटर केस फाइल किया था (कदमकुआं थाना कांड संख्या 210/26), उन्हें भी गिरफ्तारी की आशंका थी, लेकिन उनके लिए भी बेल फाइल की गई थी और उन्हें भी कोर्ट से राहत मिल गई है. खान सर के दोनों सुरक्षा गार्ड्स की जमानत याचिकाओं पर भी अब 25 जून को एक साथ ही सुनवाई की जाएगी.

क्या है ज्ञान बिंदु और खान ग्लोबल स्टडीज का पूरा विवाद

इस पूरे विवाद की शुरुआत 2 जून की रात को हुई थी, जब खान ग्लोबल स्टडीज के परिसर में हमला और मारपीट की घटना सामने आई थी. खान ग्लोबल स्टडीज के संचालक खान सर ने आरोप लगाया था कि ज्ञान बिंदु एकेडमी के निदेशक रोशन आनंद ने यह हमला और फायरिंग करवाई थी. इस शिकायत पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने रोशन आनंद समेत अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था, हालांकि बाद में रोशन आनंद को जमानत मिल गई. शुरुआत में सीसीटीवी फुटेज में केवल मारपीट दिखाई दी थी और फायरिंग की पुष्टि नहीं हुई थी.

कैसे फंसे खान सर इस मामले में

घटना के दो दिन बाद सोशल मीडिया पर एक और सीसीटीवी फुटेज वायरल हुआ, जिसमें खान सर के निजी सुरक्षा गार्ड्स हथियार से फायरिंग करते हुए दिखाई दिए. पुलिस ने इस वीडियो की जांच के बाद दोनों गार्ड्स को गिरफ्तार कर लिया. पूछताछ के दौरान दोनों सुरक्षा गार्ड्स ने पुलिस के सामने यह दावा किया कि उन्होंने खान सर के कहने पर ही गोलियां चलाई थीं. इस खुलासे के बाद पुलिस ने खान सर को भी मामले में आरोपी बनाया और उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी थी. इसके बाद खान सर ने कोर्ट का रुख किया, जहां 9 जून को उन्हें पहली बार अग्रिम जमानत की अर्जी पर अंतरिम राहत मिली थी जिसे अब 25 जून तक के लिए बढ़ा दिया गया है.

यहां देखें वीडियो

खान सर और रोशन आनंद विवाद में नया मोड़! 'नेपाल कनेक्शन' और पुलिस के रवैये पर उठे गंभीर सवाल, कोई मैनेज कर रहा है मामला?

    follow google news