Khan Sir: बिहार के मशहूर शिक्षक और यूट्यूबर खान सर की गिरफ्तारी की अटकलों के बीच पटना के मुसल्लहपुर हाट स्थित उनके कोचिंग कैंपस (KGS Campus) के बाहर रातभर भारी गहमागहमी देखने को मिली. सोशल मीडिया और छात्र गुटों में यह चर्चा तेज थी कि पुलिस देर रात 2 से 3 बजे के बीच खान सर को गिरफ्तार कर सकती है. इस इनपुट के बाद बिहार तक की टीम रातभर करीब 8 से 9 घंटे तक ग्राउंड जीरो पर डटी रही.
ADVERTISEMENT
रातभर जागते रहे छात्र
खान सर की संभावित गिरफ्तारी की खबर सुनते ही उनके कई समर्थक और छात्र रात में ही मुसल्लहपुर हाट स्थित कोचिंग सेंटर के बाहर जमा हो गए. कड़ाके की स्थिति और रात के सन्नाटे में भी दो दर्जन से ज्यादा छात्र सुबह 5 बजे तक कैंपस के बाहर बैठे नजर आए. छात्रों का कहना था कि वे अपने शिक्षक के समर्थन में वहां खड़े हैं.
पुलिस की गाड़ियों की आवाजाही
रातभर इलाके में सुरक्षा और कानून व्यवस्था को देखते हुए पुलिस की गश्त बेहद तेज रही. कोचिंग कैंपस के बाहर से कभी सुल्तानगंज थाने की पुलिस, कभी कदमकुआं थाने की गाड़ी, तो कभी डायल 112 की गाड़ियां गुजरती रहीं. कई बार पुलिस की गाड़ियां खान सर के कोचिंग सेंटर के ठीक बाहर रुकीं भी, जिससे सस्पेंस और बढ़ गया, लेकिन कुछ देर रुकने के बाद पुलिस की गाड़ियां आगे बढ़ गईं.
क्या खान सर गिरफ्तार हुए?
सुबह के 5 बजने तक कोचिंग कैंपस या उसके आसपास पुलिस का कोई ऐसा बड़ा दलबल नहीं पहुंचा जो गिरफ्तारी की कार्रवाई को अंजाम दे. फिलहाल खान सर की गिरफ्तारी को लेकर कोई भी आधिकारिक पुष्टि या सूचना सामने नहीं आई है. सुबह होते ही मुसल्लहपुर हाट इलाके में छात्रों की सामान्य आवाजाही (दौड़ने और वॉक करने वाले छात्र) फिर से शुरू हो गई है और स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है.
ADVERTISEMENT


