बिहार के नालंदा जिले में भोजपुरी स्टार खेसारी लाल यादव के एक कार्यक्रम में जमकर बवाल हुआ. अपने चहेते कलाकार को देखने और सुनने के लिए बड़ी संख्या में पहुंचे दर्शकों के बीच अचानक ऐसा हंगामा शुरू हुआ कि कार्यक्रम स्थल रणक्षेत्र में बदल गया. देखते ही देखते लोगों के बीच रोड़ेबाजी होने लगी. हालात बिगड़ने पर सुरक्षाकर्मियों को लाठीचार्ज करना पड़ा. इसके बाद गुस्साए लोगों ने कार्यक्रम स्थल पर रखी कुर्सियों में आग लगा दी. स्थिति ऐसी हो गई कि खेसारी लाल यादव को अपना कार्यक्रम बीच में ही छोड़ना पड़ा.
ADVERTISEMENT
तिलक समारोह में सांस्कृतिक कार्यक्रम करने पहुंचे थे खेसारी
पूरा मामला नालंदा जिले के इस्लामपुर थाना क्षेत्र के शेख अल्ली गांव का है. यहां एक तिलक समारोह में खेसारी लाल यादव सांस्कृतिक कार्यक्रम करने पहुंचे थे. खेसारी के आने की खबर मिलते ही उन्हें देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग जुट गए. शुरुआत में कार्यक्रम सामान्य तरीके से चल रहा था. मंच पर खेसारी लाल यादव भोजपुरी गानों की प्रस्तुति दे रहे थे और दर्शक उनके गानों का आनंद उठा रहे थे. लेकिन जैसे-जैसे कार्यक्रम आगे बढ़ा, भीड़ का उत्साह हंगामे में बदलने लगा.
धक्कामुक्की के बाद शुरू हुई रोड़ेबाजी
कार्यक्रम के दौरान दर्शकों के बीच धक्कामुक्की और विवाद शुरू हो गया. इसी बीच अचानक पत्थर और रोड़े चलने लगे. स्थिति बिगड़ती देख खेसारी लाल यादव ने खुद मंच से लोगों को समझाने की कोशिश की. उन्होंने दर्शकों से शांति बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि पत्थर नहीं, फूल बरसाइए. खेसारी लगातार लोगों से कार्यक्रम का माहौल खराब नहीं करने की अपील करते रहे, लेकिन उनकी बातों का भीड़ पर कोई असर नहीं हुआ.
भीड़ को काबू करने के लिए करना पड़ा लाठीचार्ज
रोड़ेबाजी और हंगामे को बढ़ता देख मौके पर मौजूद सुरक्षाकर्मियों ने भीड़ को नियंत्रित करने की कोशिश की. जब स्थिति संभलती नहीं दिखी तो सुरक्षाकर्मियों को लाठीचार्ज करना पड़ा. इसके बाद कार्यक्रम स्थल पर अफरा-तफरी मच गई. लोग इधर-उधर भागने लगे और माहौल तनावपूर्ण हो गया. मंच से खेसारी लाल यादव लगातार लोगों को समझाते नजर आए, लेकिन हालात उनके नियंत्रण से बाहर हो चुके थे.
कुर्सियां तोड़ीं, फिर लगाई आग
लाठीचार्ज के बाद भी हंगामा शांत नहीं हुआ. गुस्साए लोगों ने कार्यक्रम स्थल पर रखी दर्जनों कुर्सियां तोड़ दीं और उनमें आग लगा दी. देखते ही देखते आग की लपटें उठने लगीं. कार्यक्रम स्थल पर मौजूद लोगों में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई. सुरक्षा व्यवस्था में जुटे कर्मियों को हालात संभालने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी. काफी प्रयास के बावजूद जब स्थिति सामान्य नहीं हुई तो आयोजकों को कार्यक्रम बीच में ही बंद करना पड़ा.
डीएसपी ने क्या बताया, आयोजन की अनुमति की होगी जांच
घटना को लेकर डीएसपी ऋषिराज ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान मजिस्ट्रेट और सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की गई थी. भीड़ को नियंत्रित करने के लिए हल्का बल प्रयोग किया गया. उन्होंने यह भी कहा कि कार्यक्रम के आयोजन की अनुमति ली गई थी या नहीं, इसकी जांच की जाएगी. प्रशासन की ओर से घटना के तमाम पहलुओं को देखा जा रहा है.
निजी समारोह में इतनी बड़ी भीड़, सुरक्षा इंतजामों पर उठे सवाल
खेसारी लाल यादव के कार्यक्रम में हुई इस घटना ने निजी समारोहों में बड़े सांस्कृतिक आयोजनों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं. एक तिलक समारोह में भोजपुरी स्टार की प्रस्तुति देखने के लिए इतनी बड़ी संख्या में लोगों का जुटना आयोजकों और सुरक्षा व्यवस्था के सामने चुनौती बन गया. सवाल यह भी है कि जब भीड़ लगातार बढ़ रही थी और विवाद शुरू हो गया था, तब उसे समय रहते नियंत्रित क्यों नहीं किया जा सका? फिलहाल नालंदा के शेख अल्ली गांव में खेसारी लाल यादव के कार्यक्रम में हुए बवाल की चर्चा है. रोड़ेबाजी, लाठीचार्ज और आगजनी की इस घटना के बाद प्रशासन आयोजन की अनुमति और सुरक्षा इंतजामों से जुड़े पहलुओं की जांच कर रहा है.
ADVERTISEMENT


