किशनगंज में युवती से बदसलूकी, धर्म पूछा, मारपीट की, 3 आरोपी गिरफ्तार

आशीष अभिनव

• 04:02 PM • 26 Sep 2026

जमुई के बाद अब किशनगंज से युवती से बदसलूकी का मामला सामने आया है. युवती को घेरकर पूछताछ और मारपीट का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. करीब 52 सेकेंड के इस वीडियो में कुछ युवक एक युवती को चारों तरफ से घेरे नजर आ रहे हैं. पुलिस ने मामले में 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है.

kishanganj news
kishanganj news
Google CTA

जमुई के बाद अब किशनगंज से युवती से बदसलूकी का मामला सामने आया है. युवती को घेरकर पूछताछ और मारपीट का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. करीब 52 सेकेंड के इस वीडियो में कुछ युवक एक युवती को चारों तरफ से घेरे नजर आ रहे हैं. वायरल वीडियो में कुछ युवक युवती से सवाल करते दिखाई दे रहे हैं. इस दौरान एक युवक उसके दोनों हाथ पकड़े नजर आता है. वहीं, पास में बाइक पर बैठे एक युवक से भी कुछ लोग पूछताछ करते दिख रहे हैं.

Read more!

वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने लिया एक्शन

वीडियो में युवती और बाइक सवार युवक से उनके धर्म के बारे में सवाल किए जाने की बात सामने आती है. इसके अलावा दोनों के बीच संबंध को लेकर भी पूछताछ की जाती है. वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर इसे लेकर कई तरह के दावे किए जाने लगे. इन सबके बीच पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है.  मामला 24-25 सितंबर, 2026 की रात का है. जब तुलसिया हॉल्ट रेलवे स्टेशन के पास एक युवती के साथ मारपीट और डांटने से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था. यह वीडियो के सामने आते ही किशनगंज पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार के निर्देश पर SIT का गठन किया गया. वीडियो के आधार पर अभियुक्तों की पहचान की गई. 


मामले में कुल 3 आरोपी गिरफ्तार 

पुलिस के अनुसार, प्राथमिकी अभियुक्त शहजाद, उम्र 21 वर्ष, को दिघलबैंक थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया जा चुका था. SIT टीम ने घटना के बाद फरार होकर कर्नाटक और गुजरात में छिपे दो अन्य अभियुक्तों मिनाज उर्फ सलमान, और अफसर आलम उर्फ हती को पूर्णिया एयरपोर्ट और बागडोगरा एयरपोर्ट के पास से खदेड़ते हुए किशनगंज क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस अधीक्षक कार्यालय की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया है कि गिरफ्तार सभी अभियुक्तों से घटना से जुड़ी आवश्यक पूछताछ की जा रही है. पीड़िता के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और मामले में शामिल अन्य अभियुक्तों की तलाश में लगातार छापेमारी एवं दबिश जारी है. 

पुलिस ने लोगों से की खास अपील 

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि इस घटना से जुड़ी किसी भी अफवाह या भ्रामक सूचना पर ध्यान न दें और सोशल मीडिया पर अपुष्ट वीडियो या जानकारी प्रसारित करने से बचें. किशनगंज पुलिस का कहना है कि मामले में सभी अभियुक्तों के विरुद्ध साक्ष्य के आधार पर नियमानुसार कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी.