Fact Check: क्या मधेपुरा में भी हुई जमुई जैसी घटना? जानिए सोशल मीडिया पर वायरल खबर का पूरा सच

Madhepura Viral Video Fact Check: बिहार के मधेपुरा में स्कूल के बाहर छात्रा और एक युवक से जुड़ा वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. वीडियो को जमुई और समस्तीपुर में सामने आए छेड़खानी के मामलों की तरह से जोड़कर शेयर किया जा रहा था, लेकिन पुलिस जांच में इसकी अलग कहानी सामने आई है. जानिए मधेपुरा वायरल वीडियो का पूरा सच और पुलिस ने क्या कहा.

Madhepura Viral Video Fact Check
Madhepura Viral Video Fact Check
Google CTA

सोशल मीडिया से लेकर हर जगह बिहार इस वक्त चर्चा में है. जमुई में छात्र-छात्रा से बदसलूकी और फिर समस्तीपुर में भी एक और लड़की से छेड़खानी का मामला लगातार सुर्खियों में बना हुआ है. इसी बीच सोशल मीडिया पर मधेपुरा से एक वीडियो वायरल हुआ, जिसे इसी तरह की घटना से जोड़ा जाने लगा. लेकिन जब इसकी पड़ताल की गई तो कुछ और ही कहानी पता चली. साथ ही मामले में एसडीपीओ का भी बयान सामने आया है, जिसने की सोशल मीडिया पर चल रहे कथित वायरल की कहानी पूरी तरह से ही उलट दिया है. आइए विस्तार से जानते हैं मामले की कहानी और पूरी सच्चाई.

Read more!

क्या है मधेपुरा का मामला?

मामला मधेपुरा जिले के उदाकिशुनगंज थाना क्षेत्र से सामने आया है. जानकारी के मुताबिक, अपग्रेड हाई स्कूल उदा के आसपास छात्रा से मिलने एक युवक पहुंचा था, जिसके साथ वहां कुछ लोगों ने हाथापाई की है. इसी से जुड़ा एक वीडियो भी वायरल हो रहा है, जिसमें कुछ युवक स्कूल के बाहर छात्रा और उसके साथ मौजूद युवक को घेरकर पूछताछ करते दिखाई दे रहे हैं. इस दौरान वहां मौजूद कुछ लोग लड़के के बाइक की चाबी भी निकाल लेते हैं और चाबी वापस मांगने पर वीडियो वायरल करने की धमकी देते हैं. घटनाक्रम के दौरान आसपास मौजूद कुछ महिलाएं भी वहां पहुंचती हैं. हालांकि बिहार तक/न्यूज तक इस वायरल वीडियो की सच्चाई की पुष्टि नहीं करता है.

स्कूल के प्रिंसिपल ने कही ये बातें!

बताया जा रहा है कि यह मामला मंगलवार यानी 22 सितंबर का है. स्थानीय लोगों के मुताबिक कुछ युवक स्कूल आने-जाने वाले लड़कियों पर कमेंट करते है. हालांकि इन दावों की अभी तक स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो पाई है. वहीं मामले को लेकर अपग्रेड हाई स्कूल उदा के प्रिंसिपल रविंद्र कुमार ने कहा कि स्कूल परिसर के अंदर कोई भी घटना नहीं हुई है. स्कूल के बाहर क्या हुआ है, इसकी उन्हें जानकारी नहीं है. 

क्या है वायरल खबर की पूरी सच्चाई?

इस मामले में उदाकिशुनगंज के एसडीपीओ पवन कुमार सिंह ने बड़ा खुलासा किया है. उन्होंने कहा कि वायरल वीडियो 22 सितंबर 2026 का है और वीडियो को गलत संदर्भ में सोशल मीडिया पर प्रसारित किया जा रहा है. पुलिस के मुताबिक, विद्यालय में अर्द्धवार्षिक परीक्षा का आयोजन चल रहा था. प्रथम पाली की परीक्षा समाप्त होने के बाद छात्र-छात्राएं विद्यालय से बाहर निकलकर अपने घर जा रहे थे. इसी दौरान विद्यालय के बाहर सड़क पर एक युवक मोटरसाइकिल लगाकर खड़ा था. विद्यालय के कुछ नाबालिग छात्रों को संदेह हुआ कि वह किसी छात्रा से मिलने आया है. इसी बात को लेकर छात्रों ने उससे पूछताछ शुरू कर दी. इसी दौरान विद्यालय के अन्य छात्र-छात्राएं भी वहां पहुंच गए और आपस में बहस होने लगी. घटना की जानकारी मिलने पर विद्यालय के शिक्षक भी मौके पर पहुंचे और छात्रों को समझाकर वहां से हटा दिया. पुलिस के अनुसार इस दौरान किसी प्रकार की छेड़खानी या अन्य अप्रिय घटना नहीं हुई. 

पुलिस कर रही मामले की कार्रवाई!

पुलिस ने बताया कि घटना से संबंधित वीडियो को कुछ लोगों द्वारा सोशल मीडिया पर गलत मंशा से प्रसारित किया जा रहा है. वायरल वीडियो में दिखाई दे रहे सभी नाबालिग बच्चों को चिह्नित कर लिया गया है तथा उनके परिजनों को नोटिस दिया गया है. पुलिस ने बताया कि किशोर न्याय अधिनियम (JJ Act) के तहत आवश्यक कार्रवाई की जा रही है. इसके अलावा, वीडियो को गलत मंशा से सोशल मीडिया पर प्रसारित करने वाले लोगों की भी पहचान की जा रही है और उनके विरुद्ध विधि-सम्मत कार्रवाई की जाएगी.पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर किसी घटना से संबंधित अपुष्ट या भ्रामक जानकारी साझा न करें और पूरे मामले की वास्तविकता जाने बिना किसी निष्कर्ष पर न पहुंचें.

जमुई कांड का मुख्य आरोपी नंदन यादव का पिता भी है हिस्ट्रीशीटर, सामने आई गनौरी यादव की क्राइम कुंडली