बिहार के मधुबनी जिले के बलिराजगढ़ गोलीकांड से जुड़ा एक बड़ा और चौंकाने वाला मामला सामने आया है. अंधाधुंध फायरिंग कर एक ग्रामीण की हत्या करने और तीन लोगों को गंभीर रूप से घायल करने के बाद से फरार चल रहे आरोपी ASI चंद्र मोहन सिंह का शव बरामद कर लिया गया है. उनका शव बाबूबरही थाना क्षेत्र के बलिराजगढ़ गांव स्थित एक मैदान में मिला है, जिसके पास से उनकी सर्विस पिस्टल भी बरामद की गई है. गुरुवार देर शाम घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और वरिष्ठ अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया.
ADVERTISEMENT
3 नवंबर की रात की थी अंधाधुंध फायरिंग
बीते 3 नवंबर की रात मधुबनी के बाबूबरही थाना क्षेत्र के बलिराजगढ़ गांव में उस वक्त कोहराम मच गया था, जब आरोपी ASI चंद्र मोहन सिंह ने कथित तौर पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी थी. इस खूनी संघर्ष में एक ग्रामीण की गोली लगने से मौत हो गई थी, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गए थे. वारदात को अंजाम देने के बाद ASI मौके से फरार हो गया था, जिसकी गिरफ्तारी के लिए मधुबनी पुलिस लगातार दबिश दे रही थी.
गिरफ्तारी के लिए बनाई गई थीं 12 विशेष टीमें
फरार ASI की धरपकड़ के लिए मधुबनी के एसएसपी योगेन्द्र कुमार के निर्देश पर कुल 12 विशेष टीमों का गठन किया गया था. ये टीमें नेपाल से सटे सीमावर्ती इलाकों के साथ-साथ अन्य राज्यों में भी उसके संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही थीं. इसके अलावा तकनीकी निगरानी और स्थानीय सुरागों के आधार पर भी लगातार तलाश जारी थी.
आधार कार्ड और लैपटॉप से हुई पहचान
गुरुवार देर शाम पुलिस को बलिराजगढ़ के एक मैदान में अज्ञात शव पड़े होने की सूचना मिली. मौके पर पहुंची पुलिस और FSL (फॉरेंसिक साइंस लैब) की टीम ने जब दस्तावेजों की जांच की, तो शव के पास मिले कपड़ों, आधार कार्ड, मोबाइल फोन और लैपटॉप के जरिए मृतक की शिनाख्त फरार ASI चंद्र मोहन सिंह के रूप में हुई. फॉरेंसिक जांच के दौरान शव के ठीक नीचे से वही सर्विस पिस्टल भी बरामद हुई, जिसका इस्तेमाल गोलीकांड में किया गया था.
तीन डॉक्टरों का मेडिकल बोर्ड करेगा पोस्टमार्टम
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी योगेन्द्र कुमार ने बताया कि पूरी प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में मृत्यु समीक्षा (इनक्वेस्ट) रिपोर्ट तैयार की जा रही है. साथ ही, तीन चिकित्सकों का मेडिकल बोर्ड गठित कर वीडियोग्राफी की निगरानी में शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा ताकि मौत के असली कारणों का खुलासा हो सके.
फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फॉरेंसिक साक्ष्यों और बरामद सर्विस पिस्टल की जांच के आधार पर यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि ASI की मौत किन परिस्थितियों में हुई है.
ADVERTISEMENT


