मैथिली ठाकुर गौतम झा पर क्यों भड़कीं? कथित वायरल ऑडियो के बाद अब पता चली विवाद की पूरी कहानी

प्रह्लाद कुमार

• 05:05 PM • 07 Jul 2026

Maithili Thakur Controversy: बिहार के अलीनगर से एक कथित ऑडियो वायरल होने के बाद नया राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया है. दावा किया जा रहा है कि ऑडियो में बीजेपी विधायक मैथिली ठाकुर एक युवक को अपशब्द बोलते और धमकी देते हुए सुनाई दे रही हैं. हालांकि, ऑडियो की सत्यता की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है.

मैथिली ठाकुर के कथित ऑडियो से मचा हंगामा
मैथिली ठाकुर के कथित ऑडियो से मचा हंगामा
Google CTA

Maithili Thakur Audio Controversy: सोशल मीडिया पर बिहार के अलीनगर से एक कथित ऑडियो तेजी से वायरल हो रहा है. बताया जा रहा है कि इस वायरल ऑडियो में भारतीय जनता पार्टी की विधायक मैथिली ठाकुर अपने ही विधानसभा क्षेत्र के गौतम झा नामक एक युवक को गुस्से में अपशब्द बोल रही हैं. इतना ही नहीं कथित ऑडियो में गौतम को देख लेने तक की धमकी दी जा रही हैं. इस बातचीत में दोनों के बीच तीखी बहस साफ सुनी जा सकती है, जिसने अब एक नया राजनीतिक विवाद खड़ा कर दिया है. हालांकि, 'न्यूज तक' इस वायरल ऑडियो की सत्यता की पुष्टि नहीं करता है. क्या है पूरा मामला चलिए जानते हैं इस खबर में..

Read more!

फोन पर हुई तीखी बहस

दरअसल, वायरल हो रहे ऑडियो में कथित तौर पर विधायक मैथिली ठाकुर और युवक गौतम झा के बीच तीखी नोकझोंक हो रही है. बातचीत के दौरान विधायक काफी गुस्से में नजर आ रही हैं. इस दौरान युवक के लिए 'पागल', 'बुड़बक' और 'खच्चर' जैसे अपशब्दों का इस्तेमाल होता हुआ सुनाई दे रही हैं. वहीं, दूसरी तरफ से युवक भी विधायक से अपनी भाषा पर नियंत्रण रखने की बात कह रहा है. विधायक युवक पर किसी गरीब की संवेदनाओं और भावनाओं के साथ खेलने का आरोप लगा रही हैं और कह रही हैं कि उन्होंने दिन-रात जनता की सेवा की है.

कैसे शुरू हुआ पूरा विवाद?

इस विवाद की वजह अलीनगर विधानसभा क्षेत्र के नदिया गांव का एक मामला बताया जा रहा है. दरअसल, गांव का रहने वाला सुभाष चौपाल नाम का एक युवक पिछले 10-15 दिनों से लापता है. स्थानीय विधायक मैथिली ठाकुर क्षेत्र के दौरे पर तो गईं, लेकिन पीड़ित परिवार से मुलाकात नहीं की. विधायक के इसी रवैये से नाराज होकर गांव के युवक गौतम झा ने पीड़ित परिवार के घर जाकर एक लाइव वीडियो बनाया और उसे सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया.

वीडियो वायरल होने पर खोया आपा

गौतम झा द्वारा शेयर किए गए इस लाइव वीडियो में विधायक, सांसद और अन्य जनप्रतिनिधियों की निष्क्रियता पर सवाल उठाए गए थे. वीडियो में रोते हुए पीड़ित परिवार के लोग भी यह कहते नजर आ रहे थे कि उन्होंने बेटी समझकर वोट दिया था. यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ तो लोगों ने विधायक से सवाल पूछने शुरू कर दिए. इसके बाद कथित तौर पर मैथिली ठाकुर का गुस्सा भड़क गया. दावा है कि उन्होंने 4 जुलाई की रात को युवक को फोन किया गया, जिसकी रिकॉर्डिंग अब वायरल हो रही है.

यह भी पढ़ें: खान सर की बढ़ीं मुश्किलें, जमानत पर टली सुनवाई, बॉडीगार्ड के अवैध हथियार को लेकर पुलिस ने किया बड़ा खुलासा