बिहार के चर्चित यूट्यूबर और जन सुराज नेता मनीष कश्यप ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से मुलाकात की है. इस मुलाकात के दौरान उनकी होने वाली पत्नी अनुष्का भी मौजूद रहीं. मनीष कश्यप ने मुख्यमंत्री के साथ अपनी तस्वीर सोशल मीडिया पर साझा की है, जिसके बाद यह मुलाकात चर्चा में आ गई है.
ADVERTISEMENT
अनुष्का के साथ पहुंचे मनीष कश्यप, CM को भेंट की भगवद्गीता
मनीष कश्यप ने सोशल मीडिया पोस्ट में बताया कि वह अपनी होने वाली जीवनसंगिनी के साथ मुख्यमंत्री से मिलने पहुंचे थे. इस दौरान दोनों ने सम्राट चौधरी को भारतीय संस्कृति, ज्ञान और जीवन दर्शन का प्रतीक श्रीमद्भगवद्गीता की पुस्तक भेंट की. मनीष कश्यप ने मुलाकात के बाद मुख्यमंत्री का आशीर्वाद भी लिया.
'Rise & Fall' के बाद बिहार लौटे मनीष कश्यप
मनीष कश्यप ने अपनी पोस्ट में रियलिटी शो 'Rise & Fall' का भी जिक्र किया. उन्होंने लिखा कि शो में अपनी दमदार मौजूदगी से सुर्खियां बटोरने के बाद वह बिहार लौटे हैं. इसके बाद उन्होंने मुख्यमंत्री से शिष्टाचार मुलाकात की. मनीष कश्यप ने मुख्यमंत्री से मिले स्नेह, सम्मान और आशीर्वाद के पलों को अपने और अनुष्का के लिए खास और यादगार बताया.
BJP में वापसी की अटकलें क्यों लगने लगीं?
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के साथ मनीष कश्यप की तस्वीर सामने आने के बाद उनकी राजनीतिक पारी को लेकर चर्चाएं शुरू हो गई हैं. जन सुराज से जुड़े मनीष कश्यप की इस मुलाकात को कुछ लोग BJP में उनकी संभावित वापसी से जोड़कर देख रहे हैं. हालांकि, मनीष कश्यप ने अपनी सोशल मीडिया पोस्ट में इसे शिष्टाचार मुलाकात बताया है. उन्होंने BJP में वापसी को लेकर कोई घोषणा या संकेत नहीं दिया है.
क्या फिर बदलेंगे मनीष कश्यप के सियासी समीकरण?
मनीष कश्यप की पहचान बिहार में एक चर्चित यूट्यूबर और पत्रकार के तौर पर रही है. बाद में उन्होंने राजनीति में कदम रखा और जन सुराज से जुड़े. अब मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से उनकी मुलाकात ने एक बार फिर उनकी राजनीतिक दिशा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं. आने वाले दिनों में मनीष कश्यप की ओर से इस संबंध में कोई बयान आता है या नहीं, इस पर सबकी नजर रहेगी.
ADVERTISEMENT


