प्रशांत किशोर का साथ छोड़ देंगे मनीष कश्यप? CM सम्राट चौधरी से मिलने के बाद क्यों लग रही अटकलें? समझिए !

आशीष अभिनव

• 10:17 AM • 13 Nov 2026

हार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से मनीष कश्यप की मुलाकात के बाद उनकी राजनीतिक वापसी को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं. कभी बीजेपी में रहे मनीष कश्यप फिलहाल जन स्वराज से जुड़े हैं. ऐसे में सवाल उठ रहा है कि यह महज शिष्टाचार मुलाकात थी या उनकी राजनीति में कोई नया मोड़ आने वाला है.

prashant Kishor manish kashyap news
prashant Kishor manish kashyap news
Google CTA

बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से मुलाकात के बाद यूट्यूबर और जनसुराज के नेता मनीष कश्यप एक बार फिर राजनीतिक चर्चा के केंद्र में हैं. इस मुलाकात के दौरान उनकी होने वाली पत्नी अनुष्का शर्मा भी मौजूद थीं. दोनों ने मुख्यमंत्री को श्रीमद्भगवद्गीता भेंट की और उनका आशीर्वाद लिया. मनीष कश्यप ने इस मुलाकात को शिष्टाचार भेंट बताया है, लेकिन राजनीतिक गलियारों में इसके कई मायने निकाले जा रहे हैं. सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या मनीष कश्यप एक बार फिर भारतीय जनता पार्टी की ओर लौटने की तैयारी कर रहे हैं?

Read more!

बीजेपी से जनसुराज तक कैसा रहा मनीष का राजनीतिक सफर?

मनीष कश्यप की पहचान शुरुआत में बिहार के स्थानीय मुद्दों पर वीडियो बनाने वाले एक चर्चित यूट्यूबर और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर के रूप में बनी. धीरे-धीरे उनकी लोकप्रियता बढ़ी और उन्होंने चुनावी राजनीति में भी कदम रखा. साल 2020 में उन्होंने चनपटिया विधानसभा सीट से निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर चुनाव लड़ा था, लेकिन उन्हें सफलता नहीं मिली. उनकी राजनीतिक पहचान किसी बड़े दल के बजाय अपनी व्यक्तिगत लोकप्रियता और समर्थकों के दम पर बनी थी.

2024 में बीजेपी में हुए शामिल, लेकिन जल्द हो गया मोहभंग

मनीष कश्यप ने लोकसभा चुनाव 2024 से ठीक पहले 25 अप्रैल को भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ली थी. उस वक्त माना जा रहा था कि बिहार में उनकी सोशल मीडिया पर लोकप्रियता का फायदा बीजेपी को मिल सकता है. मनीष कश्यप ने चुनाव लड़ने की इच्छा भी जताई थी, लेकिन उनकी चुनावी महत्वाकांक्षा पूरी नहीं हो सकी. बाद के दिनों में उन्होंने बीजेपी के कुछ नेताओं और पार्टी के रवैये को लेकर नाराजगी भी जाहिर की. जून 2025 में उन्होंने पार्टी छोड़ने का ऐलान कर दिया. उनका आरोप था कि पार्टी ने जरूरत के हिसाब से उनका इस्तेमाल किया, लेकिन उन्हें अपेक्षित राजनीतिक भूमिका नहीं मिली.

प्रशांत किशोर के साथ जुड़े मनीष कश्यप, जनसुराज की ली सदस्यता

बीजेपी से अलग होने के बाद मनीष कश्यप के अगले राजनीतिक कदम को लेकर कई तरह की अटकलें लगाई जा रही थीं. आखिरकार 7 जुलाई 2025 को पटना के बापू सभागार में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने प्रशांत किशोर की जन सुराज पार्टी की सदस्यता ले ली. इसके बाद उनकी राजनीति को लेकर एक नई चर्चा शुरू हुई. सवाल उठने लगे कि क्या मनीष कश्यप प्रशांत किशोर के साथ बिहार की राजनीति में अपनी नई पहचान बना पाएंगे? हालांकि, अब तक मनीष कश्यप ने जन सुराज से अलग होने का कोई ऐलान नहीं किया है और वह खुद को इस संगठन का हिस्सा बताते रहे हैं.

विधानसभा चुनाव में नहीं चला मनीष कश्यप का जादू

बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में मनीष कश्यप ने एक बार फिर चनपटिया सीट से जन सुराज के टिकट पर चुनाव लड़ा. इस चुनाव में उनकी खूब चर्चा हुई और सोशल मीडिया पर भी उनके समर्थन में माहौल दिखाई दिया. हालांकि, यह लोकप्रियता जीत में तब्दील नहीं हो सकी. मनीष कश्यप को 37,172 वोट मिले और वह तीसरे स्थान पर रहे. इस सीट पर कांग्रेस उम्मीदवार ने जीत दर्ज की. चुनाव के नतीजों ने एक सवाल जरूर खड़ा किया कि सोशल मीडिया पर बड़ी लोकप्रियता रखने वाले मनीष कश्यप अपनी लोकप्रियता को चुनावी वोट में कितना बदल पाएंगे.

सम्राट चौधरी से मुलाकात के बाद प्रशांत किशोर से दूरी की चर्चा क्यों?

मनीष कश्यप की मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से मुलाकात ऐसे समय हुई है, जब वह जन सुराज से जुड़े हुए हैं. ऐसे में सोशल मीडिया पर भी लोग सवाल उठा रहे हैं कि राइज एंड फॉल शो से लौटने के बाद मनीष कश्यप अपने राजनीतिक नेता प्रशांत किशोर से मुलाकात करने के बजाय मुख्यमंत्री से क्यों मिले? इसकी एक वजह उनका पुराना बीजेपी कनेक्शन भी है. मनीष कश्यप पहले बीजेपी में रह चुके हैं और चुनाव के दौरान पार्टी के लिए प्रचार भी कर चुके हैं. उनकी कई राजनीतिक टिप्पणियां भी बीजेपी की विचारधारा से मेल खाती दिखाई देती हैं. यही वजह है कि मुख्यमंत्री से उनकी मुलाकात को बीजेपी में संभावित वापसी की अटकलों से जोड़कर देखा जा रहा है.

क्या बीजेपी में लौटेंगे मनीष कश्यप या जन सुराज में ही रहेंगे?

मनीष कश्यप पहले भी बिहार तक को दिए इंटरव्यू में अपनी राजनीतिक भविष्य की योजनाओं को लेकर खुलकर बात कर चुके हैं. उन्होंने जन सुराज और प्रशांत किशोर की तारीफ की थी और संगठन के साथ मजबूती से खड़े रहने की बात कही थी. हालांकि, भविष्य में क्या होगा, इस पर उन्होंने निश्चित तौर पर कुछ नहीं कहा था. अब सम्राट चौधरी से मुलाकात के बाद एक बार फिर उनकी राजनीतिक दिशा को लेकर सवाल उठ रहे हैं. यह मुलाकात महज शिष्टाचार भेंट थी या बीजेपी में वापसी की संभावनाओं की शुरुआत, इसका जवाब फिलहाल मनीष कश्यप के अगले कदम से ही मिलेगा.

राजनीति और एंटरटेनमेंट, दोनों मोर्चों पर सक्रिय मनीष कश्यप

मनीष कश्यप इन दिनों सिर्फ राजनीति ही नहीं, बल्कि मनोरंजन की दुनिया को लेकर भी चर्चा में हैं. रियलिटी शो 'राइज एंड फॉल' से लौटने के बाद उनकी लोकप्रियता को लेकर फिर बातचीत हो रही है. एक तरफ वह जन स्वराज की राजनीति से जुड़े हैं, तो दूसरी तरफ मनोरंजन के मंच पर भी अपनी पहचान बना रहे हैं. अब देखना होगा कि मनीष कश्यप आने वाले समय में अपनी राजनीतिक सक्रियता को किस दिशा में ले जाते हैं. क्या वह प्रशांत किशोर के साथ जन स्वराज में बने रहेंगे या फिर एक बार दोबारा बीजेपी का दामन थामेंगे? फिलहाल मुख्यमंत्री से हुई मुलाकात ने इन सवालों को और हवा दे दी है.