मोतिहारी में DM बने शिक्षक, बच्चों को पढ़ाया गणित, कठिन सवाल सुलझाकर जीता छात्रों का दिल

सचिन पांडेय

• 12:32 PM • 17 Sep 2026

मोतिहारी के अरेराज में स्कूल निरीक्षण के दौरान डीएम सौरभ सुमन यादव ने बच्चों को गणित, हिंदी और अंग्रेजी पढ़ाई. करीब एक घंटे तक बच्चों से संवाद कर कठिन सवाल भी हल कराए.

motihari dm saurabh suman
motihari dm saurabh suman
Google CTA

मोतिहारी: पूर्वी चंपारण के अरेराज प्रखंड स्थित सरस्वती विद्या निकेतन (मॉडल स्कूल), मलाही में उस वक्त बच्चों की खुशी का ठिकाना नहीं रहा, जब स्कूल के निरीक्षण के लिए पहुंचे जिलाधिकारी सौरभ सुमन यादव खुद शिक्षक की भूमिका में आ गए. निरीक्षण के बाद डीएम ने कक्षा में पहुंचकर बच्चों को पढ़ाया और उनके सवालों का जवाब भी दिया. दरअसल, जिलाधिकारी सौरभ सुमन यादव ने विद्यालय का निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने स्कूल में चल रही पढ़ाई की व्यवस्था देखी और शिक्षा साथी ऐप के इस्तेमाल की जानकारी भी ली. निरीक्षण के बाद डीएम ने सीधे बच्चों से संवाद किया और उनकी पढ़ाई से जुड़ी जानकारी हासिल की. इसके बाद जिलाधिकारी नौवीं कक्षा के बच्चों के बीच पहुंचे और करीब एक घंटे तक उन्हें गणित पढ़ाया. इस दौरान उन्होंने बच्चों से गणित के कई कठिन सवाल हल करवाए. बच्चों ने भी सवालों को उत्साह के साथ हल किया और अपनी समझ का प्रदर्शन किया.

Read more!

गणित के साथ हिंदी और अंग्रेजी भी पढ़ाई

जिलाधिकारी ने सिर्फ गणित तक ही खुद को सीमित नहीं रखा. उन्होंने बच्चों को हिंदी और अंग्रेजी विषय से जुड़ी बातें भी समझाईं. एक अधिकारी को अपने बीच शिक्षक के रूप में देखकर छात्र-छात्राओं में खासा उत्साह देखने को मिला. कक्षा में डीएम ने बच्चों से बातचीत की और पढ़ाई से जुड़ी उनकी जिज्ञासाओं को दूर करने की कोशिश की. बच्चों के लिए यह अनुभव इसलिए भी खास रहा क्योंकि जिस अधिकारी को वे प्रशासनिक भूमिका में देखते हैं, वही उस दिन उनके सामने शिक्षक बनकर खड़े थे.

बच्चों ने पूछा- अगली बार कब आएंगे सर?'

डीएम के साथ पढ़ाई का यह अनुभव बच्चों को इतना पसंद आया कि उन्होंने उनसे अगली बार फिर स्कूल आने का आग्रह किया. बच्चों ने कहा कि वे उनके दोबारा आने का इंतजार करेंगे. बच्चों के इस आग्रह को जिलाधिकारी ने भी स्वीकार किया. उन्होंने कहा कि जब भी वे क्षेत्र में आएंगे, बच्चों के साथ दोबारा जुड़ने की कोशिश करेंगे.

शिक्षकों को अभिभावक की तरह बच्चों पर ध्यान देने का निर्देश

विद्यालय में पढ़ाई की व्यवस्था को देखने के बाद जिलाधिकारी ने संतोष व्यक्त किया. उन्होंने स्कूल के शिक्षकों को बच्चों की पढ़ाई के साथ-साथ उनके प्रति अभिभावक जैसी जिम्मेदारी निभाने और उन पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया. डीएम के शिक्षक बनने की ये तस्वीरें अब चर्चा का विषय बनी हुई हैं. स्कूल निरीक्षण के दौरान प्रशासनिक जिम्मेदारी निभाने के साथ बच्चों के बीच बैठकर उन्हें पढ़ाने का यह अंदाज छात्र-छात्राओं के लिए यादगार बन गया.