परिसीमन और महिला आरक्षण पर मुकेश सहनी का केंद्र पर हमला, 'सामाजिक न्याय की बलि देकर आरक्षण मंजूर नहीं'

वीआईपी प्रमुख मुकेश सहनी ने कैबिनेट द्वारा मंजूर परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े संविधान संशोधन प्रस्तावों पर केंद्र सरकार को घेरा है. उन्होंने मौजूदा सीटों पर 33 प्रतिशत आरक्षण लागू करने और ओबीसी व मुस्लिम महिलाओं के लिए सब-कोटा की मांग की है.

NewsTak
Google CTA

विकासशील इंसान पार्टी (VIP) के संस्थापक और बिहार के पूर्व मंत्री मुकेश सहनी ने केंद्र सरकार की कैबिनेट द्वारा मंजूर परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े संविधान संशोधन प्रस्तावों पर तीखा प्रहार किया है. उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी महिला आरक्षण के पक्ष में है, लेकिन महिला सशक्तीकरण के नाम पर बहुजन समाज के राजनीतिक अधिकारों को कमजोर करने की किसी भी कोशिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. सहनी ने आरोप लगाया कि महिला आरक्षण की आड़ में देश का राजनीतिक नक्शा बदलने और सामाजिक न्याय की लड़ाई को पीछे धकेलने का प्रयास हो रहा है, जिस पर सरकार को अपनी मंशा स्पष्ट करनी चाहिए.

Read more!

मौजूदा सीटों पर 33 प्रतिशत आरक्षण लागू करने की मांग

मुकेश सहनी ने केंद्र सरकार की मंशा और प्रक्रिया पर सवाल खड़े करते हुए कहा कि जब सरकार महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देना ही चाहती है, तो इसे मौजूदा लोकसभा और विधानसभा की सीटों पर लागू करने में क्या कठिनाई है. उन्होंने पूछा कि इसके लिए परिसीमन और सीटों की संख्या में 50 प्रतिशत वृद्धि की शर्त क्यों जोड़ी जा रही है तथा महिला आरक्षण के नाम पर पूरे देश की निर्वाचन व्यवस्था बदलने की जरूरत आखिर किसे है. उनके अनुसार, महिलाओं के अधिकारों को परिसीमन की राजनीतिक प्रक्रिया से जोड़ना सरकार की नीयत पर गंभीर सवाल उठाता है.

संविधान (132वां संशोधन) विधेयक, 2026 और प्रतिनिधित्व पर चिंता

सहनी ने कहा कि कैबिनेट से मंजूर संविधान (132वां संशोधन) विधेयक, 2026 के तहत लोकसभा की अधिकतम सदस्य संख्या 850 करने का प्रस्ताव है, जिसमें राज्यों के लिए 815 और केंद्रशासित प्रदेशों के लिए 35 सीटें प्रस्तावित हैं. इसी तरह विधानसभा सीटों में 50 प्रतिशत बढ़ोतरी कर अधिकतम सदस्य संख्या 650 करने, राज्यों के बीच मौजूदा आनुपातिक प्रतिनिधित्व को 2051 तक सुरक्षित रखने और नई सीमाएं तय करने के लिए नवीनतम प्रकाशित जनगणना के आंकड़ों के इस्तेमाल की बात कही गई है. उन्होंने कहा कि यह केवल सीटें बढ़ाने का विषय नहीं है, बल्कि राजनीतिक ताकत और प्रतिनिधित्व के संतुलन को प्रभावित करने वाला बड़ा कदम है, जिसमें पिछड़े, अतिपिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक समाज के अधिकारों की सुरक्षा सुनिश्चित की जानी चाहिए.

बिहार की जाति गणना का हवाला और सब-कोटा की मांग

बिहार की जाति आधारित गणना के आंकड़ों का उल्लेख करते हुए मुकेश सहनी ने कहा कि राज्य में पिछड़ा वर्ग की आबादी 3,54,63,936 और अत्यंत पिछड़ा वर्ग की आबादी 4,70,80,514 है, जिनकी संयुक्त हिस्सेदारी 8,25,44,450 यानी लगभग 63.14 प्रतिशत बैठती है. इसके अलावा राज्य में अनुसूचित जाति की आबादी 19.65 प्रतिशत और अनुसूचित जनजाति की आबादी 1.68 प्रतिशत है. उन्होंने कहा कि इतनी बड़ी आबादी के राजनीतिक प्रतिनिधित्व की अनदेखी स्वीकार नहीं की जा सकती. साथ ही, 2023 के 106वें संविधान संशोधन में एक-तिहाई महिला आरक्षण के प्रावधान के बावजूद ओबीसी महिलाओं के लिए अलग सब-कोटा न होने को उन्होंने सामाजिक न्याय की विसंगति बताया और मुस्लिम महिलाओं के लिए भी उचित राजनीतिक प्रतिनिधित्व की मांग की.

निष्पक्ष परिसीमन और लोकतांत्रिक विरोध की चेतावनी

मुकेश सहनी ने कहा कि परिसीमन आयोग की प्रक्रिया पूरी तरह निष्पक्ष, पारदर्शी और जवाबदेह होनी चाहिए तथा सीमा निर्धारण में सामाजिक संरचना, जनसंख्या और राजनीतिक प्रतिनिधित्व का पूरा ध्यान रखा जाए. उन्होंने स्पष्ट किया कि मुस्लिम बहुल, पिछड़ा वर्ग बहुल और वंचित समुदायों के क्षेत्रों का प्रतिनिधित्व कमजोर करने की किसी भी कोशिश का विरोध होगा. अंत में उन्होंने मांग दोहराई कि मौजूदा सीटों पर 33 प्रतिशत महिला आरक्षण लागू किया जाए तथा ओबीसी और मुस्लिम महिलाओं के लिए ठोस संवैधानिक प्रावधान हों, अन्यथा बहुजन समाज की आवाज दबाने के खिलाफ सड़क से सदन तक लोकतांत्रिक विरोध किया जाएगा.

Jharkhand: रांची-पटना नेशनल हाइवे पर भीषण सड़क हादसे में 13 की मौत