बिहार में चोरी का अनोखा कारनामा: ठेकेदार बनकर बुलाए 26 मजदूर, लोगों ने ऐसे धर लिया

गोविंद कुमार

• 03:21 PM • 29 Aug 2026

मुंगेर में फर्जी ठेकेदार बनकर आए शख्स ने 26 मजदूरों को लगाकर रातभर में 1 KM BSNL केबल कटवा दिया. स्थानीय लोगों की सतर्कता से पुलिस ने 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया, फर्जी ठेकेदार फरार.

NewsTak
Google CTA

बिहार के मुंगेर शहर से शातिर दिमाग अपराधियों के चोरी करने के एक बेहद हैरान कर देने वाले तरीके का पर्दाफाश हुआ है. यहां एक चोर खुद को अररिया का अधिकृत सरकारी ठेकेदार बताकर मुंगेर पहुंचा और 26 मजदूरों को दिहाड़ी पर लगाकर रात के अंधेरे में सड़क की खुदाई शुरू करवा दी. मजदूरों को लगा कि वे किसी सरकारी प्रोजेक्ट का काम कर रहे हैं, लेकिन असल में उनसे रातभर में करीब 1 किलोमीटर लंबा बीएसएनएल (BSNL) का कीमती अंडरग्राउंड कॉपर केबल कटवा लिया गया.

Read more!

यह पूरा मामला कोतवाली थाना क्षेत्र के अशोक स्तंभ चौक के पास का है. हालांकि, स्थानीय लोगों की सतर्कता और पुलिस की मुस्तैदी से इस बड़ी चोरी का भंडाफोड़ हो गया.

रात के अंधेरे में सड़क खोदते देख स्थानीय लोगों को हुआ शक

गुरूवार देर रात अशोक स्तंभ चौक के पास जब दो दर्जन से ज्यादा मजदूर कुदाल और गैता लेकर जोर-शोर से सड़क खोदने लगे, तो आसपास के लोगों को अनहोनी की आशंका हुई. देर रात किसी सरकारी एजेंसी के बिना किसी आधिकारिक बैनर या बोर्ड के सड़क खोदने से स्थानीय लोगों को संदेह हुआ और उन्होंने तुरंत स्थानीय कोतवाली पुलिस को इसकी सूचना दे दी.

सूचना मिलते ही पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुंची. पुलिस की गाड़ियों की सायरन सुनते ही फर्जी ठेकेदार मजदूरों को मौके पर छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया.

गैस पाइपलाइन बिछाने के अनुभव का उठाया फायदा

मुंगेर के पुलिस अधीक्षक (SP) सैयद इमरान मसूद ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने मौके पर छापेमारी कर 6 लोगों को हिरासत में लिया है.

पुलिस की प्रारंभिक जांच में एक चौंकाने वाला खुलासा हुआ है:

  • गैस पाइपलाइन से जुड़ा कनेक्शन: पकड़े गए कुछ आरोपी पहले गैस पाइपलाइन बिछाने वाली कंपनियों में काम कर चुके थे. इसी दौरान उन्हें शहर की सड़कों के नीचे बिछे टेलीफोन और BSNL के कॉपर केबल्स की सटीक गहराई और लोकेशन की जानकारी हो गई थी.
  • सामग्री जब्त: पुलिस ने मौके से 20 से 25 कुदाल-गैता, खोदा गया भारी मात्रा में BSNL का केबल, एक स्कूटी, एक पल्सर बाइक और एक ई-रिक्शा जब्त किया है.

6 आरोपी गिरफ्तार, फर्जी ठेकेदार की तलाश में छापेमारी

गिरफ्तार आरोपियों में मुंगेर के लालदरवाजा निवासी सदानंद यादव के अलावा अररिया जिले के मो. कयुम, मो. नजीमुद्दीन, मो. आफताब, मो. आदिल और मो. रकीब शामिल हैं. जबकि मास्टरमाइंड फर्जी ठेकेदार और उसके अन्य सहयोगी फिलहाल पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं. पुलिस उनके संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है.