Munger News: बिहार के मुंगेर जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. यहां मुफस्सिल थाना क्षेत्र में महज 2 से 3 महीने पहले ब्याही गई 19 वर्षीय नवविवाहिता रूपम कुमारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. घटना के बाद से ही मृतिका के पति समेत ससुराल के अन्य लोग घर छोड़कर फरार हैं. पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मृतिका की सास को हिरासत में ले लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है.
ADVERTISEMENT
नदी पार कर बदहवास पहुंचे पिता
मृतिका के पिता भूजल यादव बेगूसराय जिले के रहने वाले हैं. उन्होंने बताया कि वह गंगा नदी के पार पशुओं को लेकर गए हुए थे, तभी उन्हें बेटी की मौत की सूचना मिली. खबर सुनते ही वह बदहवास हो गए और उन्होंने कपड़ों या रास्तों की परवाह किए बिना तैरकर गंगा नदी को पार किया और सीधे बेटी के ससुराल पहुंचे. वहां पहुंचने पर उन्होंने देखा कि पुलिस मृतिका के शव को छप्पर से नीचे उतार चुकी थी.
शादी के कुछ ही दिनों बाद शुरू हुआ उत्पीड़न
परिजनों के मुताबिक, रूपम की शादी बीते मई महीने में पूरे धूमधाम और रीति-रिवाज के साथ हुई थी. शादी में सामर्थ्य के अनुसार नकद और आभूषण भी दिए गए थे. शादी तय कराने वाले अगुआ ने बताया था कि लड़के के पास पांच बीघा जमीन है. लेकिन शादी के कुछ ही दिनों बाद से ही ससुराल वालों ने अतिरिक्त दहेज की फरमाइश शुरू कर दी. मृतिका पर एक लाख रुपये नकद और एक नई मोटरसाइकिल देने के लिए लगातार मानसिक और शारीरिक दबाव बनाया जा रहा था.
मौत से पहले फोन कर बयां किया था दर्द
मृतिका की बड़ी बहन पिंकू देवी और पिता ने बताया कि रूपम ने मौत से कुछ दिन पहले फोन कर रोते हुए अपनी आपबीती सुनाई थी. उसने कहा था कि 'अगर मोटरसाइकिल और पैसे नहीं दिए गए तो ये लोग मेरी जान ले लेंगे.' बड़ी बहन का आरोप है कि पति दिलखुश, सास और देवर समेत परिवार के 5-6 लोग मिलकर उसे अक्सर प्रताड़ित करते थे और उसका मोबाइल फोन भी छीन लिया गया था.
पुलिसिया कार्रवाई और जांच जारी
मुफस्सिल थाना प्रभारी विपिन कुमार सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह मामला पूरी तरह संदिग्ध लग रहा है. पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू की. फिलहाल पुलिस ने सास को हिरासत में ले लिया है, जबकि फरार पति और अन्य नामजद आरोपियों की तलाश में सघन छापेमारी की जा रही है. पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और एफएसएल (FSL) की जांच रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा.
यह भी पढ़ें: 40 लाख की इनोवा, खराब इंजन और E20 विवाद... Toyota ने दिया जवाब तो भड़क उठे मनीष कश्यप ने दे डाली ये खुली चुनौती
ADVERTISEMENT


