छोटे भाई की लव मैरिज से भड़के लड़की वाले, रात के अंधेरे में बड़े भाई को उतारा मौत के घाट...मुंगेर में हुआ खूनी खेल!

Munger Murder Case: बिहार के मुंगेर में अंतरजातीय लव मैरिज के बाद खूनी खेल देखने को मिला. छोटे भाई रवि नंदन की कोर्ट मैरिज से नाराज लड़की पक्ष के लोगों ने रात में घर में घुसकर हमला कर दिया, लेकिन गलत पहचान के कारण बड़े भाई नीतीश कुमार को बेरहमी से मौत के घाट उतार दिया. जानिए मुंगेर की इस सनसनीखेज वारदात की पूरी कहानी.

Munger Murder Case
Munger Murder Case

गोविंद कुमार

follow google news

बिहार के मुंगेर जिले से एक बेहद दर्दनाक और सनसनीखेज मामला सामने आया है. यहां छोटे भाई के अंतरजातीय प्रेम विवाह का बदला लेने के लिए लड़की पक्ष के लोगों ने रात के अंधेरे में सोते हुए बड़े भाई पर जानलेवा हमला कर दिया. इस हमले में गंभीर रूप से घायल हुए युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई. घटना के बाद से पूरे इलाके में कोहराम मचा हुआ है और पीड़ित परिवार में चीख-पुकार मची है.

Read more!

चाट-चौमीन की दुकान चलाकर लौट रहा था नीतीश

हवेली खड़कपुर थाना क्षेत्र के मधुबन दरियापुर गांव निवासी कपिल देव बिंद का बेटा नीतीश कुमार अपने पांच भाइयों के साथ मिलकर मेलों में चाट-चौमीन की दुकान चलाता था. सोमवार की रात भी वह पास के चंदली स्थान में चल रहे यज्ञ के मेले से अपनी दुकान बंद कर देर रात करीब 1:00 से 2:00 बजे के बीच घर लौटा था. नीतीश और उसका एक और भाई मनीष कुमार घर के नए वाले मकान के बरामदे पर सो गए. रात के सन्नाटे में पूरा परिवार गहरी नींद में था, तभी लड़की पक्ष के लोग रवि नंदन (नीतीश का छोटा भाई) को मारने की नियत से घर में दाखिल हुए.

गलत पहचान और कमरे के फेर में गई निर्दोष की जान

दरअसल, नीतीश का छोटा भाई रवि नंदन गांव की ही एक अन्य जाति की युवती से प्यार करता था. दोनों के परिवार इस रिश्ते के खिलाफ थे, लेकिन पिछले महीने 17 अप्रैल को दोनों ने घर से भागकर कोर्ट मैरिज कर ली थी. इस शादी के बाद से ही लड़की पक्ष के लोग लगातार रवि नंदन को जान से मारने की धमकियां दे रहे थे. सोमवार-मंगलवार की दरमियानी रात करीब 3:30 से 4:00 बजे के बीच लड़की पक्ष के लोग हथियार लेकर रवि नंदन की तलाश में घर घुसे. लेकिन अंधेरे, गलत कमरे और गलत पहचान के कारण हमलावरों ने रवि नंदन की जगह उसके बड़े भाई नीतीश कुमार को अपना निशाना बना लिया.

हथौड़े और कुल्हाड़ी से बर्बरता की हदें पार कीं

मृतक के चचेरे भाई तुलसी कुमार के अनुसार, हमलावरों ने सोते हुए नीतीश पर हथौड़े, पिस्तौल की बट, लोहे की रॉड, सावल और कुल्हाड़ी से बेरहमी से वार किए. हमला इतना बर्बर था कि हमलावरों ने नीतीश के पैर के नाखून तक उखाड़ दिए थे. भोर में करीब 4:00 बजे जब परिवार के लोग जगे, तो उन्होंने कुछ संदिग्धों को नहर और सड़क के रास्ते भागते हुए देखा. जब लोग नीतीश के पास पहुंचे, तो वह बिस्तर पर लहूलुहान और अत्यंत गंभीर स्थिति में तड़प रहा था, जबकि दूसरे कमरे में सोया मनीष वहां से गायब था.

इलाज के दौरान तोड़ा दम, परिवार ने की न्याय की मांग

गंभीर रूप से घायल नीतीश को आनन-फानन में हवेली खड़कपुर स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां उसकी नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे सदर अस्पताल रेफर कर दिया. हालांकि, जख्म इतने गहरे थे कि इलाज के दौरान नीतीश ने दम तोड़ दिया. मृतक के भाई तुलसी कुमार का कहना है कि नीतीश का इस पूरे मामले में कोई कसूर नहीं था, उसने कुछ नहीं किया था. पीड़ित परिवार अब पुलिस-प्रशासन से सख्त कार्रवाई और इंसाफ की मांग कर रहा है.

पुलिस ने मुख्य हथियार किया बरामद, जांच जारी

मामले की गंभीरता को देखते हुए मुंगेर के एसपी सैयद इमरान मसूद ने घटना की पुष्टि की है. उन्होंने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही हवेली खड़कपुर के एसडीपीओ और एफएसएल (FSL) की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल को सुरक्षित कर साक्ष्य जुटाए. पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल किए गए मुख्य हथियार हथौड़े को बरामद कर लिया है. फिलहाल एक संदिग्ध को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है और परिजनों से आवेदन लेकर मामले की हर बिंदु पर गहन जांच की जा रही है.

    follow google news