Munger: प्रेमिका को दवा देने पहुंचा था प्रेमी, ग्रामीणों ने मंदिर में करा दी शादी, इनकार के बाद भी भरनी पड़ी मांग

गोविंद कुमार

• 11:52 AM • 26 Sep 2026

मुंगेर में प्रेमिका को दवा देने पहुंचे प्रेमी को ग्रामीणों ने पकड़ लिया और दोनों की मंदिर में शादी करा दी. बताया जा रहा है कि प्रेमी ने शादी से इनकार किया, लेकिन ग्रामीणों के दबाव में उसे प्रेमिका की मांग में सिंदूर भरना पड़ा. मामले का वीडियो सामने आने के बाद यह घटना चर्चा में है, हालांकि पूरी परिस्थितियों की पुष्टि जांच के बाद ही होगी.

munger marriage
munger marriage
Google CTA

मुंगेर में एक प्रेमी अपनी प्रेमिका को दवा देने पहुंचा था, लेकिन उसे क्या पता था कि इस मुलाकात का अंजाम सीधे शादी के मंडप में पहुंचने वाला है. ग्रामीणों ने युवक-युवती को पकड़ लिया और हनुमान मंदिर में दोनों की शादी कराने की कोशिश शुरू कर दी. वायरल वीडियो में युवक कभी गले से जयमाला निकालकर फेंकता दिख रहा है तो कभी सिंदूर देने से इनकार करता नजर आ रहा है. काफी हंगामे के बाद आखिरकार युवक ने युवती की मांग में सिंदूर भर दिया.

Read more!

दवा लेकर पहुंचा प्रेमी, ग्रामीणों ने पकड़ लिया

पूरा मामला मुंगेर के हेमजापुर थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है. यहां एक युवती और एक युवक के बीच प्रेम प्रसंग पिछले कुछ वर्षों से चल रहा था. बताया जा रहा है कि 22 सितंबर को युवक अपनी प्रेमिका से मिलने उसके गांव पहुंचा था. युवक का कहना है कि उसे युवती ने फोन कर अपनी तबीयत खराब होने की बात कही थी और दवा लाने के लिए कहा था.
 प्रेमी दवा लेकर पहुंचा, लेकिन वहां उसका इंतजार कोई और ही कर रहा था. ग्रामीणों ने दोनों को पकड़ लिया और इसके बाद मामला सीधे शादी तक पहुंच गया.

हनुमान मंदिर में शुरू हुई शादी की तैयारी

ग्रामीणों और परिजनों ने दोनों को हेमजापुर इलाके के एक हनुमान मंदिर परिसर में पहुंचाया. वहां शादी कराने की तैयारी शुरू कर दी गई. मंदिर में ग्रामीणों की अच्छी-खासी भीड़ जुट गई. वायरल वीडियो में पुलिसकर्मी भी दिखाई दे रहे हैं. हालांकि पुलिस की मौजूदगी किस वजह से थी, इस बारे में फिलहाल आधिकारिक तौर पर कोई स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है.

सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल

इसके बाद जो हुआ, उसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. प्रेमिका ने पहनाई जयमाला, प्रेमी ने गले से निकालकर फेंक दी वायरल वीडियो में युवती युवक के गले में जयमाला डालती दिखाई देती है. लेकिन जयमाला पड़ते ही युवक का पारा चढ़ जाता है. वह गुस्से में अपने गले से वरमाला निकालता है और उसे फेंक देता है. मंदिर परिसर में मौजूद लोग युवक को समझाने की कोशिश करते दिखाई देते हैं. लेकिन मामला यहीं नहीं रुकता.

शादी को लेकर नाराज दिखाई दिया युवक

शादी की रस्म आगे बढ़ी तो पंडित ने युवक की तरफ सिंदूर बढ़ाया. लेकिन युवक ने सिंदूर लेने के बजाय पंडित के हाथ से सिंदूर छीनकर फेंक दिया. वीडियो में युवक इस शादी को लेकर नाराज दिखाई देता है. मौके पर मौजूद लोग उसे मनाने और रस्म पूरी कराने की कोशिश करते रहे. काफी हंगामे और समझाने-बुझाने के बाद आखिरकार युवक ने युवती की मांग में सिंदूर भर दिया. यानी जिस युवक के गले में वरमाला पड़ी तो उसने उसे उतारकर फेंक दिया, उसी युवक ने बाद में सिंदूर की रस्म भी पूरी कर दी.

परिजनों के दबाव में शादी कराई गई?

हालांकि इस मामले में दोनों पक्षों की ओर से अभी तक कोई विस्तृत सार्वजनिक बयान सामने नहीं आया है. मामले में फिलहाल किसी भी पक्ष ने हेमजापुर थाने में लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई है. पुलिस वायरल वीडियो के आधार पर मामले की जांच करने की बात कह रही है. फिलहाल सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या दोनों की शादी उनकी सहमति से हुई या ग्रामीणों और परिजनों के दबाव में शादी कराई गई? इसका जवाब पुलिस की जांच और दोनों पक्षों के आधिकारिक बयान के बाद ही साफ हो पाएगा.