बिहार के मुंगेर में आयोजित 'जन कल्याण संवाद' कार्यक्रम में एक महिला की चीख-पुकारने लगी. राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री सह डिप्टी सीएम विजय कुमार सिन्हा जनता की समस्याएं सुन रहे थे, तभी बड़ी बाजार मोहल्ले की एक पीड़ित महिला माइक पर आई और अपनी आपबीती सुनाते हुए फफक पड़ी.
ADVERTISEMENT
भतीजे की 'गंदी नजर' और घर से बेदखल करने की साजिश
पीड़िता ने बताया कि पति की मौत के बाद वह बेहद मुश्किल से 5,000 रुपये की नौकरी कर अपने बेटे को पढ़ा रही है. आरोप है कि उसका भतीजा न सिर्फ उस पर बुरी नजर रखता है, बल्कि मारपीट कर उसे घर से बाहर निकालने की कोशिश कर रहा है. महिला ने बताया कि उसके घर में ताला जड़ दिया गया है और विरोध करने पर उसे और उसके बेटे को गोली मारने की धमकी दी जा रही है.
प्रशासन की लापरवाही पर भड़के डिप्टी सीएम
महिला ने रोते हुए कहा कि वह मदद के लिए थाने और अंचल कार्यालय के चक्कर काट चुकी है, लेकिन कहीं सुनवाई नहीं हुई. यह सुनते ही विजय कुमार सिन्हा का पारा चढ़ गया. उन्होंने मौके पर मौजूद कमिश्नर और एसपी को तुरंत जांच के आदेश दिए.
डिप्टी सीएम ने तल्ख तेवर में कहा, "एक अकेली महिला को दबंग परेशान कर रहे हैं और प्रशासन चुप है? यह जंगलराज का वातावरण बर्दाश्त नहीं होगा."
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि तुरंत महिला के घर का ताला खुलवाया जाए और आरोपी के खिलाफ सख्त एक्शन लिया जाए. साथ ही उन्होंने स्थानीय मेयर और पुलिस को महिला की सुरक्षा सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी सौंपी.
ADVERTISEMENT


