बिहार के मुजफ्फरपुर सिविल कोर्ट परिसर में एक ऐसी घटना घटी है, जिसने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था और कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. नाबालिग लड़की के अपहरण के मामले में गिरफ्तार एक आरोपी को जब पुलिस पेशी के लिए कोर्ट लेकर पहुंची, तो वह अदालत के भीतर दाखिल होने से पहले ही पुलिसकर्मियों को चकमा देकर फरार हो गया. हैरानी की बात यह है कि आरोपी ने बड़ी सफाई से अपने हाथ से हथकड़ी सरकाई और दौड़ लगाकर भीड़ का फायदा उठाते हुए भाग निकला. इस घटना के बाद पूरे कोर्ट परिसर में अफरातफरी मच गई.
ADVERTISEMENT
सीजीएम कैंपस गेट के पास दिया घटना को अंजाम
यह पूरा वाकया सिविल कोर्ट स्थित सीजीएम (CJM) कैंपस गेट के समीप हुआ. पुलिस के अनुसार, साहेबगंज थाना क्षेत्र में एक नाबालिग लड़की के अपहरण के मामले में नामजद आरोपी को गुरुवार को पारू थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया था. शुक्रवार को कानूनी प्रक्रिया के तहत उसे न्यायालय में पेश करने के लिए लाया गया था. कोर्ट परिसर में प्रवेश करने के दौरान ही आरोपी ने मौका पाकर अपने हाथ से हथकड़ी निकाल ली और साथ चल रहे पुलिसकर्मी को चकमा देकर भाग खड़ा हुआ. पुलिसकर्मी ने काफी दूर तक उसका पीछा किया और कोर्ट में मौजूद कुछ अन्य लोगों ने भी उसे पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन वह किसी के हाथ नहीं आया. बाद में पुलिस को मौके से खाली हथकड़ी बरामद हुई.
पुलिस अधिकारियों ने की पुष्टि, गिरफ्तारी के लिए छापेमारी तेज
इस घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मचा हुआ है. सरैया के एसडीपीओ अभिजीत कौर ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी को न्यायिक पेशी के लिए कोर्ट लाया गया था, इसी दौरान वह पुलिस हिरासत से चकमा देकर फरार हो गया. उन्होंने कहा कि फरार आरोपी की पुनः गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं. वहीं, साहेबगंज थाना प्रभारी सुनील कुमार ने जानकारी दी कि आरोपी के खिलाफ नाबालिग के अपहरण का गंभीर मामला दर्ज है और उसकी तलाश में अलग-अलग इलाकों में सघन दबिश दी जा रही है.
पुलिस निगरानी और सुरक्षा इंतजामों पर उठे सवाल
दिनदहाड़े कोर्ट परिसर जैसे संवेदनशील इलाके में पुलिस की मौजूदगी के बावजूद आरोपी का हथकड़ी सरका कर भाग जाना कई सवाल खड़े करता है. इस घटना के बाद यह चर्चा तेज हो गई है कि क्या आरोपी को ले जा रहे पुलिसकर्मियों की निगरानी में भारी चूक हुई, या फिर सुरक्षा के बुनियादी इंतजाम ही कमजोर थे. फिलहाल पुलिस की पहली प्राथमिकता फरार आरोपी को जल्द से जल्द सलाखों के पीछे पहुंचाना है, जिसके साथ ही इस बात की भी जांच की जा रही है कि वह पुलिस हिरासत से भागने में कैसे सफल रहा.
असिस्टेंट प्रोफेसर पद से डॉ. अशोक चौधरी का इस्तीफा, पाटलिपुत्र विश्वविद्यालय को भेजा त्यागपत्र
ADVERTISEMENT


