Muzaffarpur EOU Raid: मुजफ्फरपुर में EOU का बड़ा एक्शन, इंजीनियर नारद कुमार दास के 5 ठिकानों पर छापा, 50 लाख कैश मिलने की सूचना

ऋचा शर्मा

• 03:08 PM • 08 Oct 2026

मुजफ्फरपुर में आर्थिक अपराध इकाई यानी EOU ने योजना एवं विकास विभाग के एग्जीक्यूटिव इंजीनियर नारद कुमार दास के 5 ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की है. तलाशी के दौरान करीब 50 लाख रुपये कैश मिलने की सूचना है. इसके अलावा जेवरात और कई अहम दस्तावेज मिलने की भी जानकारी सामने आई है. प्राथमिक जांच में 83.53 लाख रुपये की आय से अधिक संपत्ति का प्रथमदृष्टया साक्ष्य मिलने की बात कही जा रही है.

NewsTak
Google CTA

मुजफ्फरपुर में आर्थिक अपराध इकाई यानी EOU ने भ्रष्टाचार और आय से अधिक संपत्ति से जुड़े मामले में बड़ी कार्रवाई की है. टीम ने योजना एवं विकास विभाग के एग्जीक्यूटिव इंजीनियर नारद कुमार दास से जुड़े कुल 5 ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की है. यह कार्रवाई मुजफ्फरपुर, मुंगेर, भागलपुर और पटना समेत अलग-अलग स्थानों पर की जा रही है.

Read more!

मुजफ्फरपुर में EOU की टीम ने काजी मोहम्मदपुर थाना क्षेत्र के राधिका अपार्टमेंट स्थित F अपार्टमेंट में सुबह करीब 7 बजे से तलाशी शुरू की. कार्रवाई के दौरान स्थानीय थाना पुलिस भी मौके पर मौजूद रही. छापेमारी की जानकारी सामने आने के बाद अपार्टमेंट के बाहर स्थानीय लोगों की भीड़ भी जमा हो गई.

तलाशी में 50 लाख रुपये कैश मिलने की सूचना

तलाशी के दौरान बड़ी मात्रा में नकदी मिलने की सूचना है. सूत्रों के मुताबिक, मुजफ्फरपुर स्थित ठिकाने से करीब 50 लाख रुपये कैश बरामद होने की बात सामने आई है. नकदी की गिनती के लिए मशीन भी मौके पर मंगाई गई है.

हालांकि, EOU की ओर से फिलहाल कैश की इस कथित बरामदगी की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है. इसलिए बरामद रकम की अंतिम पुष्टि जांच और आधिकारिक कार्रवाई पूरी होने के बाद ही हो सकेगी.

जेवरात और दस्तावेज भी जांच के दायरे में

नकदी के अलावा छापेमारी के दौरान महत्वपूर्ण दस्तावेज और बड़ी मात्रा में जेवरात मिलने की भी जानकारी सामने आई है. जेवरात का वजन करने के लिए स्थानीय पुलिस एक आभूषण दुकानदार को इलेक्ट्रॉनिक तराजू के साथ मौके पर लेकर पहुंची. EOU की टीम इन सामानों के साथ-साथ संपत्ति से जुड़े दस्तावेज और अन्य वित्तीय रिकॉर्ड की भी जांच कर रही है.

ज्ञात आय से 83.53 लाख रुपये अधिक संपत्ति का मामला

प्राथमिक जांच के आधार पर EOU को नारद कुमार दास की वैध और ज्ञात आय की तुलना में 83 लाख 53 हजार 200 रुपये की अधिक संपत्ति होने का प्रथम दृष्टया साक्ष्य मिलने की बात सामने आई है. बताया जा रहा है कि यह संपत्ति उनकी ज्ञात कानूनी आय से करीब 64.93 प्रतिशत अधिक है.

इसी आधार पर आर्थिक अपराध इकाई ने पटना स्थित विशेष न्यायालय, निगरानी से सर्च वारंट हासिल किया. इसके बाद अलग-अलग ठिकानों पर एक साथ तलाशी की कार्रवाई शुरू की गई.

मुंगेर में भी इंजीनियर के आवास पर छापा

नारद कुमार दास वर्तमान में मुंगेर में पदस्थापित हैं. वह कासिम बाजार थाना क्षेत्र में किराए के मकान में रहते हैं. EOU की टीम ने मुंगेर स्थित उनके आवास पर भी छापेमारी की है.

नारद कुमार दास मूल रूप से भागलपुर के रहने वाले बताए जा रहे हैं. ऐसे में जांच टीम ने भागलपुर से जुड़े उनके ठिकाने को भी तलाशी के दायरे में रखा है.

जांच पूरी होने के बाद साफ होगी बरामदगी की तस्वीर

EOU की कार्रवाई फिलहाल जारी है. टीम अलग-अलग ठिकानों पर नकदी, जेवरात, दस्तावेज और संपत्तियों से जुड़े रिकॉर्ड की जांच कर रही है. मुजफ्फरपुर के राधिका अपार्टमेंट में चल रही कार्रवाई को देखने के लिए आसपास के लोगों की भीड़ जुटी हुई है. अब जांच पूरी होने और EOU की आधिकारिक जानकारी सामने आने के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि छापेमारी में कुल कितनी नकदी, जेवरात और अन्य संपत्तियों से जुड़े दस्तावेज मिले हैं.

फिलहाल 50 लाख रुपये कैश और जेवरात मिलने की जानकारी सूत्रों के हवाले से सामने आई है, जिसकी आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है.