निशांत कुमार के स्वागत में उमड़ी भीड़ का फायदा उठा गए चोर, JDU नेता के गले से पार की 7 लाख की सोने की चैन

मणि भूषण शर्मा

• 06:46 PM • 05 Sep 2026

बिहार के मुजफ्फरपुर में स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार के स्वागत कार्यक्रम में भारी धक्का-मुक्की के बीच जेडीयू नेता राजेश मंडल के गले से 7 लाख रुपये की सोने की चैन गायब हो गई. पुलिस सीसीटीवी खंगाल कर मामले की जांच में जुटी है.

NewsTak
Google CTA

बिहार के मुजफ्फरपुर जिले से एक अनोखी और हैरान कर देने वाली वारदात सामने आई है. पटना से मुजफ्फरपुर जा रहे राज्य के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार के स्वागत कार्यक्रम के दौरान भीड़ का फायदा उठाकर शातिर चोरों ने जेडीयू (JDU) नेता के गले से लाखों रुपये मूल्य की सोने की चैन साफ कर दी. घटना मुजफ्फरपुर के तुर्की थाना क्षेत्र अंतर्गत सकरी मोड़  की है.

Read more!

माला पहनाने के दौरान मची धक्का-मुक्की

जानकारी के अनुसार, स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार के मुजफ्फरपुर आगमन की सूचना पर सकरी मोड़ पर सैकड़ों की संख्या में जेडीयू कार्यकर्ता और स्थानीय नेता उनका स्वागत करने के लिए इकट्ठा हुए थे. जैसे ही मंत्री का काफिला वहां पहुंचा, उन्हें माला पहनाने और स्वागत करने की होड़ मच गई. इसी भारी भीड़ और धक्का-मुक्की के बीच जेडीयू नेता राजेश मंडल भी मंत्री के स्वागत में आगे बढ़े थे. कार्यक्रम समाप्त होने और मंत्री के आगे निकल जाने के बाद जब राजेश मंडल ने अपने गले पर हाथ रखा, तो उनके होश उड़ गए. उनके गले में मौजूद सोने की भारी-भरकम चैन गायब थी.

34 ग्राम वजनी थी चैन, कीमत लगभग 7 लाख रुपये

पीड़ित जेडीयू नेता राजेश मंडल के मुताबिक, गायब हुई चैन का वजन करीब 34 ग्राम था, जिसकी मौजूदा बाजार कीमत लगभग 7 लाख रुपये है. राजेश मंडल ने बताया कि भीड़ इतनी ज्यादा थी कि उन्हें समझ ही नहीं आया कि किसी ने झपट्टा मारकर चैन निकाली या धक्का-मुक्की में चैन टूटकर गिर गई, लेकिन मौके का फायदा उठाकर किसी चोर ने ही इस वारदात को अंजाम दिया है.

CCTV और वीडियो फुटेज खंगाल रही पुलिस

घटना के तुरंत बाद पीड़ित नेता ने स्थानीय तुर्की थाने में अज्ञात अपराधियों के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई है. मामले की पुष्टि करते हुए तुर्की थानाध्यक्ष (सब-इंस्पेक्टर सेंटू कुमार) ने बताया कि आवेदन प्राप्त कर लिया गया है और पुलिस छानबीन में जुट गई है. पुलिस सकरी चौक के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों (CCTV) की रिकॉर्डिंग खंगाल रही है. साथ ही, मंत्री के स्वागत के दौरान बनाए गए वीडियो फुटेज की भी बारीकी से जांच की जा रही है, ताकि संदिग्धों की पहचान कर कार्रवाई की जा सके.

Teacher's Day: सीएम सम्राट के बड़े ऐलान, शिक्षकों के वेतनमान से प्रशिक्षण तक कई अहम फैसले