बिहार के मुजफ्फरपुर जिले से एक अनोखी और फिल्मी प्रेम कहानी सामने आई है. यहां रात के अंधेरे में अपनी प्रेमिका से चुपके-चुपके मिलने पहुंचे प्रेमी को ग्रामीणों ने रंगे हाथ पकड़ लिया. इसके बाद जो कुछ भी हुआ, उसने इस लव स्टोरी को सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया.
ADVERTISEMENT
सोशल मीडिया पर शुरू हुई थी लव स्टोरी
जानकारी के मुताबिक, युवक मुजफ्फरपुर के बोचहां थाना क्षेत्र का रहने वाला है, जबकि युवती अहियापुर थाना क्षेत्र की रहने वाली है. करीब एक साल पहले दोनों की मुलाकात सोशल मीडिया के जरिए हुई थी. धीरे-धीरे बातचीत दोस्ती में बदली और दोस्ती गहराते-गहराते प्यार में तब्दील हो गई.
रात की मुलाकात और ग्रामीणों का फैसला
सोमवार की रात युवक अपनी प्रेमिका से मिलने के लिए उसके गांव पहुंच गया. प्रेमी का प्लान तो मुलाकात करके चुपचाप वापस लौटने का था, लेकिन गांव में किसी को इसकी भनक लग गई. देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई और दोनों को पकड़ लिया गया. कुछ देर तक गहमागहमी चलने के बाद ग्रामीणों ने दोनों की शादी कराने का फैसला सुना दिया. अगले ही दिन सुबह लड़की के घर पर ही शादी का माहौल तैयार हो गया. महिलाएं शादी के पारंपरिक गीत गाने लगीं और भीड़ के सामने युवक ने युवती की मांग में सिंदूर भर दिया.
वीडियो हुआ वायरल तो पुलिस की हुई एंट्री
इस पूरी घटना का वीडियो वहां मौजूद किसी ग्रामीण ने बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो में महिलाएं शादी के मंगल गीत गाती दिख रही हैं और युवक प्रेमिका की मांग भरता नजर आ रहा है.जबरन शादी कराए जाने की सूचना मिलते ही अहियापुर थाने की पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और युवक-युवती को थाने ले आई.
थाने में दोनों ने सुनाया अपना फैसला
पुलिस ने जब दोनों से अलग-अलग पूछताछ की, तो मामला बिल्कुल अलग निकला. जांच में दोनों के बालिग होने की पुष्टि हुई. जब पुलिस अधिकारियों ने उनकी इच्छा पूछी, तो दोनों ने साफ कहा कि वे एक-दूसरे से प्यार करते हैं और अपनी मर्जी से साथ रहना चाहते हैं.इसके बाद परिजनों की सहमति और स्थानीय जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में पुलिस ने जरूरी कानूनी कागजी कार्रवाई (पीआर बॉन्ड) पूरी कर दोनों को साथ जाने की अनुमति दे दी.
ADVERTISEMENT


