बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में दोस्ती और विश्वास को शर्मसार करने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. यहां एक युवक की उसके ही दोस्तों ने बेरहमी से हत्या कर दी. मामला बरियारपुर थाना क्षेत्र के बेरुआ डीह गांव का है, जहां प्रेम प्रसंग के चलते इस खूनी वारदात को अंजाम दिया गया. पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए महज 12 घंटे के भीतर हत्याकांड की गुत्थी सुलझा ली है.
ADVERTISEMENT
साजिश के तहत दी मौत
पुलिस जांच में सामने आया कि 32 वर्षीय बिगन राम की हत्या की साजिश उसके ही दोस्त राम प्रवेश पासवान ने रची थी. बताया जा रहा है कि बिगन राम का राम प्रवेश की पत्नी के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था. इस बात को लेकर पहले पंचायत भी हुई थी, लेकिन बिगन राम पीछे हटने को तैयार नहीं था. इसी खुन्नस में राम प्रवेश ने अपने साथी गोरख पासवान के साथ मिलकर उसे रास्ते से हटाने का प्लान बनाया.
शराब में जहर और फिर जलाने की कोशिश
आरोपियों ने पहले बिगन को प्यार से बुलाया और शराब में जहर मिलाकर पिला दिया. जब वह बेहोश हो गया तो उसके साथ मारपीट की गई और उसकी हत्या कर दी गई. सबूत मिटाने के इरादे से आरोपियों ने शव को पहले जमीन में गाड़ने की कोशिश की लेकिन बाद में उसे आग लगा दी ताकि यह एक सामान्य दाह संस्कार जैसा लगे.
वीडियो ने खोला राज
इस पूरे मामले का खुलासा सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो से हुआ. वीडियो के सामने आते ही पुलिस ने तेजी दिखाई और दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया.
एसडीपीओ ईस्ट-2 मनोज कुमार सिंह ने बताया कि यह हत्या प्रेम प्रसंग के चलते की गई. फिलहाल दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया गया है और आगे की जांच जारी है.
ADVERTISEMENT


