नालंदा के शीतला मंदिर में 8 श्रद्धालुओं की मौत के बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने किया ये बड़ा ऐलान

बिहार के नालंदा जिले में शीतला मंदिर में मची भगदड़ में 8 श्रद्धालुओं की मौत के बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने गहरा दुख जताया है और पीड़ितों के लिए मुआवजे की घोषणा की है वहीं प्रशासन की लापरवाही पर भी बड़े सवाल उठ रहे हैं.

Nalanda Bihar Sharif Shitla Mandir Stampede
Nalanda Bihar Sharif Shitla Mandir Stampede

शशि भूषण कुमार

follow google news

Nalanda Bihar Sharif Shitla Mandir Stampede: बिहार के नालंदा जिले में शीतला देवी मंदिर में मची भगदड़ में अब तक 8 श्रद्धालुओं की मौत हो गई है. इस बीच अब इस हादसे पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने गहरा शोक व्यक्त किया है. मुख्यमंत्री ने कहा कि यह घटना काफी दुखद है और इससे वह पूरी तरह मर्माहित हैं. सीएम ने अब मृतकों के परिवारों के लिए मुआवजे का ऐलान किया है. इसके साथ ही अधिकारियों को राहत कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं.

Read more!

मृतकों के परिजनों को 6-6 लाख रुपये का मुआवजा

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मृतकों के आश्रितों को आर्थिक मदद देने का निर्देश दिया है. इसके तहत आपदा प्रबंधन विभाग की ओर से 4 लाख रुपये और मुख्यमंत्री राहत कोष से 2 लाख रुपये यानी कुल 6 लाख रुपये का अनुग्रह अनुदान प्रति मृतक के परिवार को दिया जाएगा. मुख्यमंत्री के आदेश पर जिले के वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर पहुंच गए हैं और बचाव कार्य का जायजा ले रहे हैं. इसके साथ ही सीएम ने घायलों के समुचित इलाज और उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना भी की है.

जानिए कैसे हुआ शीतला मंदिर में हादसा?

जानकारी के मुताबिक चैत्र महीने के आखिरी मंगलवार की वजह से शीतला मंदिर में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी हुई थी. पूजा-अर्चना के लिए लंबी लाइनें लगी थीं. बताया जा रहा है कि दर्शन की जल्दबाजी में कुछ श्रद्धालुओं ने लाइन तोड़कर आगे बढ़ने की कोशिश की जिससे अफरा-तफरी मच गई. देखते ही देखते मौके पर भगदड़ की स्थिति बन गई. भीड़ में लोग एक-दूसरे के ऊपर गिरते चले गए. इस हादसे में 8 लोगों की जान चली गई जबकि आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हैं जिनका इलाज अस्पताल में चल रहा है.

प्रशासन की लापरवाही और सुरक्षा पर सवाल

हादसे के बाद पुलिस और प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं. प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि इतने बड़े धार्मिक आयोजन के बावजूद मंदिर परिसर में पुलिस के इंतजाम ना के बराबर थे. सुरक्षा बल तैनात नहीं होने की वजह से भीड़ को नियंत्रित करना मुश्किल हो गया. लोगों का आरोप है कि प्रशासन की घोर लापरवाही की वजह से ही यह बड़ा हादसा हुआ है. फिलहाल पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को काबू में किया है और राहत कार्य जारी है.

यह भी पढ़ें:

    follow google news