Nalanda News: शराब तस्करों का पीछा कर रही टीम पर फायरिंग, एक्साइज सिपाही अजीत कुमार की मौत

रंजीत कुमार सिंह

15 Oct 2026 (अपडेटेड: Oct 15 2026 1:02 PM)

बिहार के नालंदा में शराब तस्करों का पीछा कर रही उत्पाद विभाग की टीम पर फायरिंग में सिपाही अजीत कुमार की मौत हो गई. पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है.

Nalanda News
Nalanda News
Google CTA

बिहार के नालंदा में शराब तस्करों के खिलाफ कार्रवाई करने निकली उत्पाद विभाग की टीम पर बदमाशों ने फायरिंग कर दी. इस हमले में एक्साइज इंटेलिजेंस ब्यूरो (EIB) में तैनात सिपाही अजीत कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए. उन्हें पहले पावापुरी के मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, लेकिन हालत नाजुक होने के कारण डॉक्टरों ने पटना रेफर कर दिया. पटना में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई. घटना के बाद उत्पाद विभाग और जिला पुलिस की टीमें हमलावरों की तलाश में जुट गई हैं.

Read more!

शराब की बड़ी खेप की सूचना पर शुरू हुआ पीछा

उत्पाद अधीक्षक संजय कुमार चौधरी के मुताबिक, पटना मुख्यालय की एक्साइज इंटेलिजेंस ब्यूरो को गुप्त सूचना मिली थी कि झारखंड से शराब की बड़ी खेप नालंदा लाई जा रही है. सूचना मिलने के बाद पटना से आई ईआईबी की विशेष टीम ने राजगीर उत्पाद विभाग के सब-इंस्पेक्टर और स्थानीय टीम के साथ मिलकर तस्करों को पकड़ने की कार्रवाई शुरू की.
जानकारी के अनुसार, शराब से लदी पिकअप नवादा जिले के खराट मोड़ से आगे बढ़ी थी. टीम ने वाहन का पीछा किया और नालंदा पहुंच गई. इसके बाद पावापुरी-गिरियक इलाके में हाईवे पर फ्लाईओवर के पास पिकअप को रोकने और घेरने की कोशिश की गई.

फ्लाईओवर के पास अचानक चली गोली

बताया जा रहा है कि इसी दौरान तस्करों के लिए रेकी कर रहे एक कथित लाइनर ने पुलिस टीम पर अचानक गोली चला दी. गोली सिपाही अजीत कुमार को लगी और वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े. अचानक हुई फायरिंग से मौके पर अफरातफरी मच गई. इसका फायदा उठाकर शराब तस्कर और उनके साथ मौजूद लाइनर पिकअप समेत फरार हो गए. घटना के बाद पुलिस टीम ने घायल सिपाही को अस्पताल पहुंचाया और वरिष्ठ अधिकारियों को मामले की जानकारी दी.

पावापुरी से पटना रेफर, इलाज के दौरान मौत

गोली लगने के बाद अजीत कुमार को तत्काल पावापुरी स्थित भगवान महावीर आयुर्विज्ञान संस्थान ले जाया गया. वहां डॉक्टरों ने उनका प्राथमिक उपचार किया. हालांकि, उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया गया. पटना में इलाज के दौरान सिपाही अजीत कुमार की मौत हो गई. फिलहाल उनके शव का पटना में पोस्टमार्टम कराया जा रहा है. एक सरकारी कार्रवाई के दौरान सिपाही की मौत से उत्पाद विभाग और पुलिस महकमे में शोक का माहौल है.

फरार तस्करों और लाइनर की तलाश में छापेमारी

उत्पाद अधीक्षक संजय कुमार चौधरी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि कार्रवाई पटना से आई ईआईबी की विशेष टीम के नेतृत्व में की जा रही थी. वारदात के बाद उत्पाद विभाग और जिला पुलिस की संयुक्त टीमें हमलावरों की पहचान करने और उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं. जांच में यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि शराब की खेप कहां से लाई जा रही थी, तस्करी में कौन-कौन शामिल था और फायरिंग करने वाले व्यक्ति की पहचान क्या है. फरार पिकअप और उसमें सवार लोगों की तलाश भी की जा रही है.

शराब तस्करी के खिलाफ कार्रवाई के बीच बड़ा सवाल

नालंदा में हुई इस घटना ने शराब तस्करी के नेटवर्क और उसे पकड़ने के लिए की जा रही कार्रवाई के दौरान सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं. शराब की खेप रोकने पहुंची टीम पर फायरिंग और एक सिपाही की मौत के बाद अब पुलिस के सामने आरोपियों को पकड़ने की चुनौती है. फिलहाल मामले में जांच और छापेमारी जारी है. पुलिस की कार्रवाई के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि इस हमले में कौन-कौन शामिल था और शराब तस्करी के इस नेटवर्क के तार कहां तक जुड़े हुए हैं.