नेपाल में आई भीषण बाढ़ ने गजब की तबाही मचाई हुई है. इस तबाही के कारण बिहार से सटे कई राज्यों में अलर्ट जारी कर सतर्क रहने की सलाह दी गई थी. इसी बीच पश्चिम चंपारण प्रशासन काफी सतर्क हो गया है और नया अलर्ट जारी किया गया है. दरअसल, गंडक नदी के पानी के तेज बहाव के साथ कुछ असामन्य और अज्ञात मछलियां राज्य के सीमावर्ती इलाकों में पहुंच रही हैं. प्रशासन ने लोगों से इन मछलियों को लेकर सावधानी बरतने की अपील की है.
ADVERTISEMENT
मछलियों को खाने से हो सकती है गंभीर बीमारी!
मामले की स्थिति को देखते हुए डेयरी, मत्स्य और पशु संसाधन विभाग ने एडवाइजरी जारी की है. इसके बाद बगहा अनुमंडल प्रशासन ने लोगों को इन मछलियों को नहीं खाने की सलाह दी है. प्रशासन ने कहा है कि, बाढ़ के पानी के साथ बहकर आने वाली मछलियां गंदी/दूषित पानी के संपर्क में रही हो सकती हैं. ये गंदे नालों और मरे हुए जीव-जंतुओं के संपर्क में भी आई हो सकती है. प्रशासन का मानना है कि ऐसे पानी में कई तरह के हानिकारक चीजें मौजूद हो सकती हैं. ऐसे में अगर मछलियों को खाया जाएं तो गंभीर संक्रमण या बीमारी का खतरा हो सकता है और लोगों का स्वास्थ्य खराब हो सकता है.
बड़ी संख्या में मछली पकड़ने के पहुंच रहे लोग
दरअसल, नेपाल में आई भीषण बाढ़ के बाद सीमावर्ती इलाकों के नदियों के जलस्तर में बढ़ोतरी हुई है. इसी बीच इंडो-नेपाल सीमा पर वाल्मीकिनगर से लेकर धनहा के गौतम बुद्ध सेतु तक गंडक नदी के किनारे हाल के दिनों में काफी भीड़ देखी जा रही है. मिली जानकारी के मुताबिक, बड़ी संख्या में लोग मछली पकड़ने के लिए गंडक नदी के किनारे पहुंच रहे हैं. इस दौरान कई लोगों के हाथ बड़ी मछलियां भी लगी है, ऐसे भी जानकारी सामने आई है.
बताया जा रहा है कि इन मछलियों का वजन 10 किलोग्राम से लेकर 90 किलोग्राम तक है. बड़ी मछलियों की जानकारी मिलने के बाद लोगों की उत्सुकता और बढ़ गई है. कई लोग इन मछलियों को पकड़कर घर ले जा रहे हैं तो कुछ लोगों के इसे बाजार में बेचने की बात भी कही जा रही है.
प्रशासन ने की अपील
स्थिति को देखते हुए बगहा की SDM चांदनी कुमारी ने लोगों से खास सावधानी बरते की अपील की है. उन्होंने कहा है कि, बाढ़ के पानी के साथ आई किसी भी प्रकार की मछली को लेकर कोई भी शक हो तो उसे ना खाएं और पहले उसकी पहचान करें. साथ ही संबंधित मत्स्य विभाग से जानकारी लेने की भी सलाह दी गई है. प्रशासन ने लोगों ने कहा है कि इस तरह की मछलियों की तुरंत सूचना दें, क्योंकि इस वक्त लोगों की सुरक्षा सबसे ज्यादा जरूरी है.
ADVERTISEMENT


