निशांत कुमार को मिला नीतीश का 'संकटमोचन'! जानिए कौन हैं IAS कुमार रवि, जो बने स्थ्य विभाग के नए सचिव

IAS Kumar Ravi: बिहार में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल! नए स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार को मिला नीतीश कुमार का सबसे भरोसेमंद अफसर. जानिए कौन हैं IAS कुमार रवि, जिन्हें बिहार स्वास्थ्य विभाग का नया सचिव बनाया गया है.

IAS Kumar Ravi
IAS Kumar Ravi

आशीष अभिनव

follow google news

बिहार की राजनीति और प्रशासनिक गलियारों में इन दिनों एक बड़े बदलाव की चर्चा जोरों पर है. मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार को बिहार का नया स्वास्थ्य मंत्री बनाए जाने के बाद, अब उनके विभाग में एक ऐसे दमदार अधिकारी की एंट्री हुई है जिसे नीतीश कुमार का बेहद करीबी और भरोसेमंद माना जाता है. वरिष्ठ आईएएस अधिकारी कुमार रवि को स्वास्थ्य विभाग का नया सचिव नियुक्त किया गया है. सम्राट मंत्रिमंडल के विस्तार के बाद हुए इस बड़े प्रशासनिक फेरबदल को निशांत कुमार की राजनीतिक पारी को मजबूती देने और स्वास्थ्य विभाग की व्यवस्था सुधारने की रणनीति के तौर पर देखा जा रहा है.

Read more!

नीतीश कुमार के सबसे भरोसेमंद सिपहसालार हैं कुमार रवि

बिहार कैडर के 2005 बैच के आईएएस अधिकारी कुमार रवि की गिनती मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के सबसे करीबी और भरोसेमंद अधिकारियों में होती है. वे एक सुलझे हुए और रिजल्ट ओरिएंटेड अधिकारी माने जाते हैं, जिन पर नीतीश कुमार आंख मूंदकर भरोसा करते हैं. कुमार रवि ने मुख्यमंत्री सचिवालय में सचिव के रूप में लंबा समय बिताया है, जहां वे सीधे मुख्यमंत्री को रिपोर्ट करते थे. उनके काम करने के तरीके और पॉलिसी मेकिंग में उनकी पकड़ को देखते हुए ही उन्हें अब एक बड़ी और चुनौतीपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है.

निशांत कुमार के लिए 'रणनीतिकार' की भूमिका

निशांत कुमार ने स्वास्थ्य मंत्री के रूप में अपनी राजनीतिक पारी की शुरुआत की है, लेकिन स्वास्थ्य विभाग जैसा महत्वपूर्ण और संवेदनशील मंत्रालय चलाना एक बड़ी चुनौती है. ऐसे में कुमार रवि की नियुक्ति को सीधे तौर पर निशांत कुमार को प्रशासनिक सहयोग और मजबूती देने के रूप में देखा जा रहा है. माना जा रहा है कि नीतीश कुमार ने अपने सबसे भरोसेमंद अधिकारी को बेटे के साथ इसलिए लगाया है ताकि वे निशांत कुमार के लिए बेहतर नीतियां बना सकें और विभाग की बारीकियों को समझने में उनकी मदद कर सकें. यह नियुक्ति इस बात का संकेत है कि नीतीश कुमार अपने बेटे को भविष्य के लिए तैयार करने में कोई कसर नहीं छोड़ना चाहते.

प्रशासनिक अनुभव और ट्रैक रिकॉर्ड

कुमार रवि का प्रशासनिक करियर काफी प्रभावशाली रहा है. वे पटना के जिलाधिकारी (DM) के रूप में काफी चर्चा में रहे, जहां उनके कार्यकाल को विकास कार्यों और बेहतर प्रशासनिक व्यवस्था के लिए सराहा गया. स्वास्थ्य विभाग में आने से पहले वे भवन निर्माण विभाग में सचिव के पद पर तैनात थे, जहां उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के कई ड्रीम प्रोजेक्ट्स को जमीन पर उतारने में अहम भूमिका निभाई. इसके अलावा प्रमंडलीय आयुक्त के पद पर रहते हुए भी उन्होंने शहरी प्रशासन और प्रोजेक्ट मैनेजमेंट में अपनी काबिलियत साबित की है.

स्वास्थ्य विभाग की चुनौतियों से निपटना होगा मुख्य लक्ष्य

बिहार में स्वास्थ्य व्यवस्था हमेशा से एक संवेदनशील मुद्दा रही है और विपक्ष अक्सर इस पर सवाल उठाता रहा है. निशांत कुमार के मंत्री बनने के बाद जनता की उम्मीदें भी बढ़ी हैं. ऐसे में कुमार रवि के सामने सबसे बड़ी चुनौती स्वास्थ्य सिस्टम को दुरुस्त करने और नई योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू करने की होगी. अब यह देखना दिलचस्प होगा कि मंत्री निशांत कुमार और सचिव कुमार रवि की यह नई जोड़ी बिहार की स्वास्थ्य सेवाओं में कितना बड़ा सकारात्मक बदलाव लेकर आती है और क्या कुमार रवि, निशांत कुमार के लिए 'संकटमोचन' साबित हो पाते हैं.

यहां देखें वीडियो

 

    follow google news