नीतीश कुमार कब देंगे इस्तीफा...राजनीति में कब एंट्री लेंगे निशांत? JDU विधायक ने पूरी प्लानिंग का किया खुलासा

बिहार की राजनीति में हलचल बढ़ गई है. जेडीयू विधायक हरिनारायण सिंह ने दावा किया है कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार जल्द ही राजनीति में प्रवेश कर सकते हैं. बताया जा रहा है कि वे 8 मार्च को जेडीयू की सदस्यता ले सकते हैं और आगे चलकर उन्हें डिप्टी सीएम की जिम्मेदारी मिल सकती है.

nishant kumar
nishant kumar

रोहित कुमार सिंह

follow google news

बिहार की राजनीति में एक बार फिर हलचल तेज हो गई है. जनता दल यूनाइटेड (JDU) के वरिष्ठ नेता और हरनौत से कई बार विधायक रहे हरिनारायण सिंह ने एक बड़ा दावा किया है. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार जल्द ही सक्रिय राजनीति में कदम रख सकते हैं और उन्हें बिहार का डिप्टी सीएम बनाया जा सकता है. इस बयान के सामने आने के बाद राज्य की सियासत में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है.

Read more!

बैठक में हुई राजनीतिक भविष्य पर चर्चा

हरिनारायण सिंह के मुताबिक हाल ही में मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में एक अहम बैठक आयोजित की गई थी. इस बैठक में पार्टी के कई विधायक और सांसद शामिल हुए थे. बताया जा रहा है कि बैठक में निशांत कुमार के राजनीतिक भविष्य को लेकर चर्चा हुई और कई नेताओं ने उनके राजनीति में आने के प्रस्ताव का समर्थन भी किया.

8 मार्च को जेडीयू की सदस्यता लेने का दावा

जेडीयू विधायक का कहना है कि तय योजना के तहत निशांत कुमार आज यानी 8 मार्च को जनता दल यूनाइटेड की प्राथमिक सदस्यता ले सकते हैं. इसके बाद उनके औपचारिक रूप से सक्रिय राजनीति में प्रवेश की प्रक्रिया शुरू होगी.
उन्होंने कहा कि पार्टी के भीतर इस प्रस्ताव को लेकर काफी समर्थन देखने को मिल रहा है और कई विधायक इस फैसले के पक्ष में हैं.

एमएलसी बनकर मिल सकती है बड़ी जिम्मेदारी

हरिनारायण सिंह ने यह भी दावा किया कि निशांत कुमार को बिहार विधान परिषद के जरिए एमएलसी बनाया जा सकता है. इसके लिए अप्रैल में होने वाले एमएलसी चुनाव का रास्ता अपनाया जा सकता है. उनका कहना है कि परिषद का सदस्य बनने के बाद उन्हें बिहार सरकार में बड़ी जिम्मेदारी दी जा सकती है और डिप्टी सीएम पद की जिम्मेदारी भी सौंपी जा सकती है.

10 अप्रैल के बाद इस्तीफे का दावा

विधायक ने यह भी कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार 10 अप्रैल के बाद मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे सकते हैं. हालांकि इस दावे की अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.

अब तक राजनीति से दूर रहे हैं निशांत कुमार

निशांत कुमार लंबे समय से सार्वजनिक जीवन और सक्रिय राजनीति से दूर रहे हैं. मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे होने के बावजूद उन्होंने अब तक राजनीतिक गतिविधियों में खुलकर हिस्सा नहीं लिया.

हालांकि जेडीयू विधायक के इस बयान के बाद बिहार की राजनीति में चर्चाएं तेज हो गई हैं. फिलहाल पार्टी की ओर से इस मुद्दे पर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है.

    follow google news