JDU कार्यालय से नीतीश कुमार ने 10 मिनट में ये 5 संदेश देकर बता दी आगे की पूरी रणनीति, देखें वीडियो 

ऋचा शर्मा

• 08:14 PM • 26 Apr 2026

Bihar Politics News: बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने रविवार को जेडीयू प्रदेश कार्यालय का महज 10 मिनट का दौरा किया, लेकिन इन चंद मिनटों में उन्होंने अपनी अगली राजनीतिक रणनीति का पूरा खाका खींच दिया है.

Nitish Kumar 5 Point Message
Nitish Kumar 5 Point Message
Google CTA

Nitish Kumar 5 Messages: बिहार की राजनीति में कभी-कभी मौन भी बहुत कुछ कह जाता है. मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने के बाद पहली बार जब नीतीश कुमार पटना स्थित जेडीयू प्रदेश कार्यालय पहुंचे, तो नजारा किसी बड़ी चुनावी जीत के जश्न जैसा था. ढोल-नगाड़ों और गगनभेदी नारों के बीच नीतीश कुमार का जोरदार स्वागत किया गया. हालांकि, यह दौरा केवल 10 मिनट का था, लेकिन इन 10 मिनटों में नीतीश कुमार ने पांच ऐसे संदेश दिए, जो उनकी भविष्य की राजनीति और रणनीति का आधार बनने वाले हैं.

Read more!

काम और सेवा पर दिया जोर

नीतीश कुमार का पहला संदेश बहुत स्पष्ट था "मैं काम करता हूं, मेरा काम ही बोलता है." इस लाइन के जरिए उन्होंने साफ कर दिया कि सत्ता में रहें या न रहें, उनकी राजनीति का केंद्र केवल 'काम' ही रहेगा. इसके साथ ही उन्होंने दूसरा संदेश देते हुए कहा कि "राजनीति सेवा के लिए है, मेवा के लिए नहीं." यह पार्टी के भीतर उन नेताओं के लिए एक कड़ा संकेत माना जा रहा है जो निजी लाभ को प्राथमिकता देते हैं.

सामाजिक संतुलन और विकास का विजन

जेडीयू की पहचान रही 'न्याय के साथ विकास' को उन्होंने अपना तीसरा संदेश बनाया. इसे दोहराकर नीतीश कुमार ने यह सुनिश्चित किया कि आने वाले समय में भी वे सामाजिक न्याय और विकास के अपने पुराने ट्रैक पर ही आगे बढ़ेंगे. यह संदेश बिहार के हर वर्ग तक पहुंचने की उनकी रणनीति का हिस्सा है.

कार्यकर्ताओं के लिए 'अलर्ट मोड'

नीतीश कुमार का चौथा संदेश सीधे तौर पर पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं के लिए था. उन्होंने कहा, "आधे मन से कोई बड़ा काम नहीं होता." इस संदेश का मतलब साफ है कि अब समय पूरी ताकत के साथ चुनावी मैदान में उतरने का है. उन्होंने कार्यकर्ताओं को संकेत दे दिया है कि वे आने वाले राजनीतिक मुकाबलों के लिए पूरी तरह तैयार रहें.

बिहार को ऊंचाई पर ले जाने का लक्ष्य

उनका पांचवां और सबसे महत्वपूर्ण संदेश था कि "बिहार को ऊंचाई पर ले जाना है." इसमें न केवल वर्तमान बल्कि भविष्य की राजनीति का गहरा विजन छिपा है. नीतीश कुमार ने यह संकेत दे दिया है कि उनका लक्ष्य सिर्फ सत्ता का पद नहीं, बल्कि बिहार का सर्वांगीण विकास है.

महज 10 मिनट में नीतीश कुमार ने न सिर्फ अपनी पार्टी को दिशा दी, बल्कि विरोधियों को भी यह संदेश दे दिया कि वे अब भी बिहार की राजनीति के सबसे अनुभवी और चतुर खिलाड़ी हैं. इस दौरे ने यह साफ कर दिया है कि बिहार की राजनीतिक स्क्रिप्ट लिखने वाला खिलाड़ी अब भी मैदान में सक्रिय है.

यह भी पढ़ें: बाहुबली विधायक अनंत सिंह को सोनू सूद ने वीडियो कॉल पर दिया मुंबई आने का न्योता ताे मिला ऐसा जवाब कि वीडियो हुआ वायरल, देखें