नीतीश कुमार की लखेंद्र पासवान संग बंद कमरे में सीक्रेट मीटिंग...फिर अचानक CM रेस में शामिल हुआ उनका नाम, जानें क्या हुई बात

बिहार की राजनीति में बड़ा उलटफेर होने के संकेत मिल रहे हैं. मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राज्यसभा सदस्य के रूप में शपथ ले ली है, जिसके बाद उनके इस्तीफे की अटकलें तेज हो गई हैं. इस बीच नए मुख्यमंत्री को लेकर कई नाम चर्चा में हैं, जिसमें एक चौंकाने वाला नाम भी सामने आया है.

नीतीश कुमार और लखेंद्र की सीक्रेट मीटिंग
नीतीश कुमार और लखेंद्र की सीक्रेट मीटिंग

सैय्यद अलमदार हुसैन रिजवी

follow google news

बिहार में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राज्यसभा सदस्य के रूप में शपथ ले ली है. इसके साथ ही उन्होंने बिहार विधान परिषद की सदस्यता से अपना इस्तीफा दे दिया है. हालांकि, नीतीश कुमार ने अभी तक मुख्यमंत्री पद से औपचारिक रूप से इस्तीफा नहीं सौंपा है. लेकिन माना जा रहा है कि वह बहुत जल्द अपना पद छोड़ देंगे. उनके इस कदम के बाद अब पटना से लेकर दिल्ली तक इस बात की चर्चा है कि बिहार की कमान अब किसके हाथों में होगी. नीतीश कुमार के हटने की खबरों के बीच बिहार के अगले मुख्यमंत्री को लेकर कई नाम चर्चा में हैं. लेकिन 'द हिंदू' की एक ताजा रिपोर्ट ने सबको हैरान कर दिया है.

Read more!

रिपोर्ट के मुताबिक, बीजेपी के दो बार के विधायक लखेंद्र पासवान सीएम की रेस में सबसे आगे चल रहे हैं. लखेंद्र पासवान एक दलित चेहरा हैं और जमीन से जुड़े नेता माने जाते हैं. अचानक उनका नाम सामने आने के बाद सियासी गलियारों में चर्चा तेज हो गई है कि क्या बीजेपी इस बार किसी नए और चौंकाने वाले चेहरे पर दांव लगाने जा रही है.

नीतीश कुमार और लखेंद्र की सीक्रेट मीटिंग

इन चर्चाओं के बीच पटना में हाई लेवल मीटिंग्स का दौर जारी है. इस बीच लखेंद्र पासवान और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बीच एक मुलाकात की बात सामने आई. हालांकि, मुलाकात के बाद जब लखेंद्र पासवान से मीडिया ने सवाल किया तो उन्होंने इसे एक औपचारिक मुलाकात बताया. उन्होंने कहा कि वह मुख्यमंत्री को 13 तारीख को होने वाले डॉ. भीमराव अंबेडकर समस्त शिक्षा समागम के लिए निमंत्रण देने गए थे. लखेंद्र ने बताया कि नीतीश कुमार इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे.

मुख्यमंत्री बनने की संभावना पर ये बोले

मीडिया ने जब लखेंद्र पासवान से उनके मुख्यमंत्री बनने की संभावना पर सवाल पूछा तो उन्होंने कहा कि वे दो बार के विधायक हैं और पार्टी के लिए निरंतर काम कर रहे हैं. पार्टी ने उन्हें उनकी अपेक्षा से कहीं अधिक दिया है और वे वर्तमान स्थिति से संतुष्ट हैं. लखेंद्र के मुताबिक, एनडीए का शीर्ष नेतृत्व मिलकर मुख्यमंत्री का चेहरा तय करेगा और बहुत जल्द सब कुछ साफ हो जाएगा. उन्होंने कहा कि अब इंतजार का समय खत्म हो रहा है.

कौन हैं लखेंद्र पासवान?

लखेंद्र पासवान बिहार सरकार के अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति कल्याण विभाग के मंत्री हैं. बिहार सरकार की आधिकारिक वेबसाइट के अनुसार, 20 नवंबर 2025 को मंत्री पद संभालने वाले 46 वर्षीय भाजपा विधायक पातेपुर (एससी) विधानसभा क्षेत्र (वैशाली जिला) से लगातार दूसरी बार चुने गए हैं. चुनाव आयोग के हलफनामे के मुताबिक उनके पिता का नाम नागेश्वर पासवान है, शिक्षा स्नातक है, कुल संपत्ति 1.64 करोड़ रुपये है और उनके खिलाफ कोई आपराधिक मामले दर्ज नहीं हैं. वे खुद को किसान का बेटा बताते हैं और दलित-जनजाति कल्याण, शिक्षा तथा विकास के मुद्दों पर सक्रिय रहते हैं.

एनडीए में बैठकों का दौर जारी

बिहार में सत्ता परिवर्तन की आहट के बीच एनडीए के सभी घटक दल सक्रिय हो गए हैं. बीजेपी और जेडीयू के शीर्ष नेता लगातार संपर्क में हैं ताकि सत्ता के हस्तांतरण की प्रक्रिया सुचारू रूप से पूरी की जा सके. आने वाले कुछ दिन बिहार की राजनीति के लिए बेहद निर्णायक होने वाले हैं, क्योंकि बहुत जल्द ही नए मुख्यमंत्री के नाम की आधिकारिक घोषणा हो सकती है.

    follow google news