नीतीश कुमार की विदाई: अशोक चौधरी के छलके आंसू, राम कृपाल यादव भी हुए भावुक

20 साल तक बिहार के मुख्यमंत्री रहे नीतीश कुमार ने पद से इस्तीफा दे दिया है, जिससे उनके करीबी मंत्री अशोक चौधरी और राम कृपाल यादव काफी भावुक हो गए. अब बिहार की कमान सम्राट चौधरी के हाथों में जाने की संभावना है, जिनका नाम मुख्यमंत्री पद के लिए सबसे आगे चल रहा है.

नीतीश कुमार
नीतीश कुमार

अनिकेत कुमार

follow google news

बिहार की राजनीति में आज एक युग का अंत हो रहा है. पिछले 20 सालों से बिहार की सत्ता के शिखर पर रहने वाले नीतीश कुमार ने आखिरकार मुख्यमंत्री पद को अलविदा कह दिया है. अपनी आखिरी कैबिनेट बैठक के बाद जब नीतीश कुमार राजभवन की ओर विदा हो रहे थे, तब पटना की सड़कों पर बेहद भावुक कर देने वाले दृश्य देखने को मिले. उनके सबसे करीबी मंत्रियों में शुमार अशोक चौधरी और राम कृपाल यादव अपने आंसू नहीं रोक पाए.

Read more!

कैबिनेट की आखिरी बैठक और भावुक विदाई

नीतीश कुमार की आखिरी कैबिनेट बैठक खत्म होने के बाद जैसे ही वह बाहर निकले, उनके साथ मंत्रियों का काफिला चल रहा था. मुख्यमंत्री की कुर्सी छोड़ने और राज्यसभा जाने के फैसले से उनके सहयोगी काफी मर्माहत नजर आए. वीडियो में देखा जा सकता है कि अशोक चौधरी लगातार रुमाल से अपने आंसू पोंछ रहे थे. नीतीश कुमार ने उन्हें ढांढस बंधाने की कोशिश की और 'नहीं रोने' का इशारा किया, लेकिन अशोक चौधरी का गला रुंध गया.

इसी दौरान बिहार सरकार में मंत्री राम कृपाल यादव भी फूट-फूटकर रोते नजर आए. नीतीश कुमार ने हाथ जोड़कर उन्हें प्रणाम किया और मुस्कुराते हुए विदा ली, लेकिन राम कृपाल यादव की आंखों से आंसू थमने का नाम नहीं ले रहे थे.

20 साल का सफर और राज्यसभा की राह

नीतीश कुमार ने पिछले दो दशकों से बिहार की कमान बखूबी संभाली थी. उनके कार्यकाल में बिहार ने विकास के कई नए आयाम छुए. हालांकि, अब उन्होंने खुद अपनी इच्छा जाहिर करते हुए राज्यसभा जाने का विकल्प चुना है. उनके इस फैसले से न केवल जेडीयू के कार्यकर्ता बल्कि बिहार की जनता का एक बड़ा वर्ग भी इमोशनल नजर आ रहा है. लोग चाहते थे कि नीतीश कुमार कम से कम अगले 5 साल और मुख्यमंत्री बने रहें.

सम्राट चौधरी का नाम रेस में सबसे आगे

नीतीश कुमार के इस्तीफे के बाद अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि बिहार की कमान कौन संभालेगा? राजनीतिक गलियारों में सम्राट चौधरी का नाम मुख्यमंत्री पद के लिए लगभग तय माना जा रहा है. कल शपथ ग्रहण समारोह होना है और आज शाम तक सस्पेंस से पर्दा उठ जाएगा. यह देखना दिलचस्प होगा कि क्या एनडीए कोटे से बनने वाला नया मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की तरह बिहार को आगे ले जा पाएगा.

 

    follow google news