बिहार में सत्ता परिवर्तन की उलटी गिनती शुरू...नीतीश कुमार के इस्तीफे की तारीख फाइनल!

बिहार में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार 14 अप्रैल को अपने पद से इस्तीफा दे सकते हैं. वे राज्यसभा सदस्य के तौर पर 10 अप्रैल को शपथ लेंगे. उनकी जगह बीजेपी नेता सम्राट चौधरी के मुख्यमंत्री बनने की संभावना है. 15 अप्रैल को नई सरकार का शपथ ग्रहण हो सकता है, जिसमें प्रधानमंत्री मोदी के शामिल होने की उम्मीद है.

bihar politics
bihar politics

शशि भूषण कुमार

follow google news

बिहार की सियासत में एक युग का अंत होने जा रहा है. करीब दो दशक तक सूबे की कमान संभालने वाले नीतीश कुमार अब दिल्ली की राजनीति में नई पारी शुरू करेंगे. जानकारी के अनुसार, नीतीश कुमार मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने की पूरी तैयारी कर चुके हैं और उनकी जगह बीजेपी का नया मुख्यमंत्री पदभार संभाल सकता है.

Read more!

दिल्ली में लेंगे राज्यसभा की शपथ

नीतीश कुमार गुरुवार को पटना से दिल्ली के लिए रवाना हो रहे हैं. वह शुक्रवार यानी 10 अप्रैल को राज्यसभा सदस्य के रूप में शपथ लेंगे. शपथ लेने के बाद वह शनिवार को वापस पटना लौटेंगे. माना जा रहा है कि उनके लौटते ही बिहार में सत्ता परिवर्तन की प्रक्रिया तेज हो जाएगी.

14 अप्रैल को दे सकते हैं इस्तीफा

सूत्रों के मुताबिक, नीतीश कुमार 14 अप्रैल को मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे सकते हैं. इसी दिन पटना में एनडीए विधायक दल की एक बड़ी बैठक बुलाई गई है. चर्चा है कि इसी बैठक में नीतीश कुमार अपने फैसले का आधिकारिक ऐलान करेंगे. इसके बाद 15 अप्रैल को बिहार में नई सरकार का गठन हो सकता है.

सीएम की रेस में सम्राट चौधरी सबसे आगे

बिहार के सियासी इतिहास में यह पहली बार होगा जब बीजेपी का कोई नेता मुख्यमंत्री की कुर्सी पर बैठेगा. इस दौड़ में वर्तमान डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी का नाम सबसे आगे चल रहा है. जेडीयू के वरिष्ठ नेता विजय कुमार चौधरी ने भी संकेत दिया है कि अब राज्य में सत्ता की कमान बीजेपी के हाथ में होगी. 

शपथ ग्रहण में शामिल हो सकते हैं पीएम मोदी

10 अप्रैल को दिल्ली में बीजेपी के शीर्ष नेतृत्व की एक अहम बैठक होने वाली है. इसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह भी शामिल हों सकते हैं. इस बैठक में बिहार के नए मुख्यमंत्री के नाम पर अंतिम मुहर लग सकती है. खबर है कि 15 अप्रैल को होने वाले शपथ ग्रहण समारोह में खुद पीएम मोदी शिरकत कर सकते हैं.

    follow google news