नीतीश सेतु के विज्ञापन से नीतीश कुमार की तस्वीर गायब, PM मोदी के कार्यक्रम में भी शामिल नहीं होंगे!

नीतीश कुमार के नाम पर बने नीतीश सेतु के उद्घाटन से पहले बिहार की सियासत गरमा गई है. सरकारी विज्ञापन में नीतीश कुमार की तस्वीर और नाम नहीं होने के साथ उनके पीएम मोदी के कार्यक्रम में शामिल नहीं होने की चर्चा ने NDA की एकजुटता पर सवाल खड़े कर दिए हैं.

nitish kumar news
nitish kumar news
Google CTA

बिहार में नीतीश सेतु के उद्घाटन को लेकर राजनीतिक चर्चा तेज हो गई है. जिस पुल का नाम बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नाम पर रखा गया है, उसी पुल के उद्घाटन से जुड़े बिहार सरकार के विज्ञापन में उनकी तस्वीर गायब है. सरकार की ओर से आज अखबारों में प्रकाशित विज्ञापन में कार्यक्रम से जुड़े कई बड़े नेताओं के नाम शामिल किए गए हैं, लेकिन नीतीश कुमार का नाम इसमें नहीं दिख रहा है. इसे लेकर अब कई तरह के सवाल उठने लगे हैं.

Read more!

विज्ञापन में PM मोदी, सम्राट चौधरी समेत NDA नेताओं का नाम

सरकारी विज्ञापन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राज्यपाल जनरल सैयद अता हसनैन, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और एनडीए के कई प्रमुख नेताओं का नाम शामिल है. इनमें जीतन राम मांझी, चिराग पासवान और उपेंद्र कुशवाहा जैसे नेताओं के नाम भी हैं. लेकिन पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का नाम विज्ञापन से गायब होने के बाद उनकी कार्यक्रम में मौजूदगी को लेकर अटकलें तेज हो गई हैं. इससे यह संकेत मिल रहा है कि वह वैशाली के राजापाकर में होने वाले कार्यक्रम में मंच पर मौजूद नहीं रह सकते हैं.

21 नवंबर को राजापाकर में PM मोदी की जनसभा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 21 नवंबर को बिहार के वैशाली जिले के राजापाकर में जनसभा को संबोधित करेंगे. इसी कार्यक्रम के दौरान गंगा नदी पर बने कच्ची दरगाह-बिदुपुर सिक्स लेन पुल का उद्घाटन भी होना है. इस पुल को नीतीश सेतु नाम दिया गया है. कार्यक्रम को लेकर प्रशासनिक और राजनीतिक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं. लेकिन उद्घाटन से पहले ही नीतीश कुमार की मौजूदगी और सरकारी विज्ञापन में उनकी तस्वीर को लेकर राजनीतिक बहस शुरू हो गई है.

पीएम मोदी को एयरपोर्ट पर रिसीव करेंगे पिता- निशांत कुमार

नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार ने कहा है कि उनके पिता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पटना एयरपोर्ट पर रिसीव करने जाएंगे. हालांकि, जब उनसे यह पूछा गया कि क्या नीतीश कुमार राजापाकर में आयोजित जनसभा और पुल उद्घाटन कार्यक्रम में भी शामिल होंगे, तो उन्होंने इस सवाल का सीधा जवाब नहीं दिया. इसके बाद से ही कार्यक्रम में नीतीश कुमार की मौजूदगी को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं.

नीतीश कुमार के 20 साल के काम का सम्मान है पुल- सम्राट चौधरी

नीतीश सेतु के नामकरण को लेकर भी पिछले कई दिनों से बिहार में सियासी बहस चल रही है. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा है कि नीतीश कुमार ने 20 साल तक बिहार के लिए काम किया है और यह पुल उन्हें समर्पित है. सम्राट चौधरी ने पुल के नामकरण को नीतीश कुमार के काम और उनके योगदान के सम्मान से जोड़कर बताया है.

तेजस्वी यादव ने नामकरण पर उठाए सवाल

वहीं, आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने नीतीश सेतु के नामकरण को लेकर अलग सवाल उठाया है. तेजस्वी यादव का कहना है कि नीतीश कुमार के नाम पर पुल का नाम रखा जाना यह दिखाता है कि उन्हें राजनीतिक तौर पर खत्म कर दिया गया है. तेजस्वी ने इस नामकरण को नीतीश कुमार की मौजूदा राजनीतिक स्थिति से जोड़ते हुए निशाना साधा है.

एजाज अहमद बोले- माल महाराज का और मिर्जा खेले होली

सरकारी विज्ञापन में नीतीश कुमार की तस्वीर नहीं होने और प्रधानमंत्री के कार्यक्रम के आयोजन को लेकर आरजेडी ने भी सवाल उठाए हैं. पार्टी प्रवक्ता एजाज अहमद ने कहा कि यह अजीब विडंबना है कि जिस व्यक्ति के नाम पर पुल का उद्घाटन होना है, उनकी न तो सरकारी विज्ञापन में तस्वीर है और न ही रैली स्थल पर उनकी तस्वीर दिखाई दे रही है. एजाज अहमद ने आरोप लगाया कि बिहार में सरकार एनडीए की है, लेकिन प्रधानमंत्री के कार्यक्रम का आयोजन ऐसा लग रहा है जैसे यह केवल बीजेपी का कार्यक्रम हो. उन्होंने तंज कसते हुए कहा, "माल महाराज का और मिर्जा खेले होली."

नीतीश सेतु के उद्घाटन से NDA की एकजुटता पर सवाल

नीतीश सेतु का उद्घाटन अब सिर्फ एक विकास परियोजना का कार्यक्रम नहीं रह गया है, बल्कि इसके साथ बिहार की राजनीति के कई सवाल भी जुड़ गए हैं. सम्राट चौधरी इसे नीतीश कुमार के 20 साल के काम का सम्मान बता रहे हैं, जबकि तेजस्वी यादव नामकरण को नीतीश कुमार की राजनीतिक स्थिति से जोड़ रहे हैं. वहीं, सरकारी विज्ञापन में नीतीश कुमार की तस्वीर नहीं होना और राजापाकर कार्यक्रम में उनकी मौजूदगी को लेकर अनिश्चितता NDA की एकजुटता पर सवाल खड़े कर रही है. अब सबकी नजर 21 नवंबर के कार्यक्रम पर है कि नीतीश कुमार वहां पहुंचते हैं या नहीं.