Nalanda Case: नालंदा की घटनाओं पर दहले पप्पू यादव, बोले- 'मेरा बस चले तो महिलाओं को छूने वाले हाथ काट दूं'

नालंदा में महिलाओं के साथ हुई बदसलूकी और वायरल वीडियो पर पप्पू यादव ने कड़ी नाराजगी जाहिर की है. उन्होंने अपराधियों के हाथ काटने की बात कही और समाज व सरकार को महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जमकर कोसा.

पप्पू यादव
पप्पू यादव

अनिकेत कुमार

follow google news

बिहार के नालंदा जिले में महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराधों और वायरल वीडियो के मामलों ने सियासी और सामाजिक गलियारों में हलचल पैदा कर दी है. जन अधिकार पार्टी के नेता पप्पू यादव ने इन घटनाओं पर गहरा रोष व्यक्त करते हुए कड़ा बयान दिया है. उन्होंने समाज की चुप्पी और प्रशासन की ढिलाई पर सवाल उठाते हुए अपराधियों को सीधी चेतावनी दी है.

Read more!

हाथ काट लेने में नहीं है डर

नालंदा में हुई हालिया घटना और महिलाओं के साथ हो रही बदसलूकी पर प्रतिक्रिया देते हुए पप्पू यादव ने कहा, "कौन होते हैं किसी की पत्नी के सम्मान में हाथ डालने वाले? अगर मेरा बस चले, तो मैं उस हर हाथ को काट दूंगा जो किसी महिला को गलत तरीके से छूने का दुस्साहस करेगा." उन्होंने कहा कि समाज और पंचायत को ऐसी स्थितियों में मूकदर्शक बनने के बजाय सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए.

नालंदा की पुरानी घटनाओं का दिया हवाला

पप्पू यादव ने नालंदा में पिछले कुछ वर्षों में हुई वीभत्स घटनाओं की फेहरिस्त गिनाते हुए सरकार और विपक्ष दोनों को कटघरे में खड़ा किया. उन्होंने कहा:

  • 2018 और 2019 में पहाड़ों के नीचे मासूम बच्चियों के साथ हुए सामूहिक बलात्कार और उनके वीडियो वायरल होने की घटनाएं अभी भी जेहन में ताजा हैं.
  • नगर नौसा और गन्ने के खेतों में महिलाओं के साथ हुई दरिंदगी के वीडियो वायरल हुए, लेकिन न्याय की रफ्तार सुस्त रही.
  • पप्पू यादव ने दावा किया कि अगर उन्होंने आवाज नहीं उठाई होती, तो कई मामलों में एफआईआर तक दर्ज नहीं होती.

समाज की 'मूकदर्शक' भूमिका पर नफरत

मणिपुर से लेकर बिहार तक की घटनाओं का जिक्र करते हुए पप्पू यादव ने कहा कि उन्हें उस समाज से नफरत है जो बलात्कार और छेड़खानी होते हुए देखता रहता है और वीडियो बनाता है. उन्होंने सवाल उठाया कि लोग किसी भी पीड़ित महिला को 'बदचलन' कहकर अपना पल्ला क्यों झाड़ लेते हैं? स्कूल, कॉलेज, कोचिंग और कार्यस्थल पर महिलाओं की सुरक्षा आज भी एक बड़ा सवाल बनी हुई है.

नशे की लत और बढ़ते अपराध

पप्पू यादव ने युवाओं में बढ़ते नशे (ड्रग्स, स्मैक, थिनर) की लत को भी इन अपराधों का एक मुख्य कारण बताया. उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे अपनी बहन और बेटी के बारे में सोचें और ऐसी घिनौनी वारदातों से दूर रहें. उन्होंने सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों को 'चुल्लू भर पानी में डूब मरने' की नसीहत देते हुए सदन में इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाने की बात कही.


 

    follow google news