बिहार में बाढ़ का संकट लगातार लोगों की मुश्किलें बढ़ा रहा है. बाढ़ प्रभावित इलाकों में राहत और मदद पहुंचाने के लिए पूर्णिया सांसद पप्पू यादव लगातार दौरा कर रहे हैं. इसी दौरान देर रात पटना के दियारा इलाके में राहत कार्य के लिए पहुंचे पप्पू यादव खुद बाढ़ के बीच फंस गए. बताया जा रहा है कि बाढ़ प्रभावित इलाके में लोगों की मदद करने के दौरान स्थिति अचानक मुश्किल हो गई. चारों तरफ पानी होने के कारण नाव को आगे ले जाने में भी परेशानी हो रही थी. इसी दौरान पप्पू यादव की सुरक्षा में तैनात सुरक्षाकर्मी दूसरी नाव पर मौजूद थे, लेकिन कुछ समय बाद वह नाव दिखाई नहीं दी. उनके साथ मौजूद तीन नावों के लापता होने की बात भी सामने आई.
ADVERTISEMENT
बाढ़ के बीच फंसे पप्पू यादव
देर शाम दियारा इलाके में राहत कार्य के दौरान पप्पू यादव लोगों से उनकी समस्याओं के बारे में जानकारी ले रहे थे. इसी दौरान उन्होंने इलाके की स्थिति को बेहद चिंताजनक बताया. मौके पर चारों तरफ पानी फैला हुआ था और अंधेरा होने के कारण हालात और मुश्किल हो गए. सांसद ने स्थानीय लोगों से बातचीत के दौरान बिजली, खाना पकाने और बुनियादी सुविधाओं की समस्या का भी जिक्र किया. काफी देर तक स्थिति स्पष्ट नहीं होने के बाद पप्पू यादव को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया. बाद में उन्हें सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया गया.
पटना के कई इलाकों में बाढ़ का असर
पटना जिले के कई इलाकों में नदियों के बढ़े जलस्तर का असर देखने को मिल रहा है. पुनपुन नदी के उफान से नौबतपुर और पुनपुन क्षेत्र के गांव, खेत और सड़कें प्रभावित हैं. वहीं, दानापुर और मनेर के दियारा इलाके गंगा के बढ़े जलस्तर से प्रभावित बताए जा रहे हैं. बाढ़ के बीच राहत और बचाव कार्य लगातार जारी है. इसी दौरान पप्पू यादव भी अलग-अलग प्रभावित इलाकों का दौरा कर रहे हैं और पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं जान रहे हैं.
पुनपुन-लोदीपुर में भी पहुंचे थे सांसद
इससे पहले पप्पू यादव पटना के फुलवारीशरीफ विधानसभा क्षेत्र के पुनपुन और लोदीपुर इलाके में भी बाढ़ की स्थिति का जायजा लेने पहुंचे थे. इस दौरान उन्होंने बाढ़ पीड़ित परिवारों से मुलाकात की और आर्थिक मदद भी की. पप्पू यादव के सोशल मीडिया पोस्ट में भी बाढ़ प्रभावित इलाकों के दौरे और लोगों की मदद से जुड़े कई वीडियो सामने आए हैं. इनमें वह पीड़ित परिवारों से बातचीत करते और उनकी परेशानियां सुनते नजर आ रहे हैं.
बाढ़ पीड़ितों को दे रहे आर्थिक मदद
बाढ़ प्रभावित लोगों की मदद के दौरान पप्पू यादव कई परिवारों को आर्थिक सहायता भी दे रहे हैं. हाल ही में सामने आए एक वीडियो में वह पीड़ितों के बीच 500-500 रुपये की आर्थिक मदद करते नजर आए थे. बताया गया कि यह दौरा दीघा घाट के आसपास के इलाकों में किया गया था. फिलहाल पटना के दियारा इलाके में राहत कार्य के दौरान पप्पू यादव के खुद बाढ़ के बीच फंसने का वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा में है. हालांकि बाद में उन्हें सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया गया.
ADVERTISEMENT


