नीतीश कुमार के सपोर्ट में आए पप्पू यादव, आनंद मोहन के इन दावों को सिरे से कर दिया खारिज!

Pappu Yadav on Anand Mohan Statement: पप्पू यादव ने नीतीश कुमार के समर्थन में उतरते हुए पूर्व सांसद आनंद मोहन सिंह के विवादित दावों को खारिज कर दिया. जेडीयू में गुटबाजी, निशांत कुमार की भूमिका और पैसों के लेनदेन के आरोपों पर पप्पू यादव ने बड़ा बयान दिया. जानिए बिहार की राजनीति में क्यों मचा है सियासी घमासान.

Pappu Yadav on Anand Mohan Statement
Pappu Yadav on Anand Mohan Statement

बिपुल राहुल

follow google news

बिहार की राजनीति में पूर्व सांसद आनंद मोहन के एक बयान ने सियासी गलियारों में हलचल तेज कर दी है. आनंद मोहन ने जनता दल यूनाइटेड और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को लेकर बेहद तीखी टिप्पणी की है. आनंद मोहन के इस बयान के बाद अब पूर्णिया के सांसद पप्पू यादव की प्रतिक्रिया सामने आई है. पप्पू यादव ने आनंद मोहन के दावों पर पलटवार करते हुए जेडीयू के भीतर की गुटबाजी और पैसों के लेनदेन के आरोपों पर अपनी बात रखी है.

Read more!

आनंद मोहन के बयान से मचा हड़कंप

बिहार की राजनीति में पूर्व सांसद आनंद मोहन के बयानों ने अचानक राजनीतिक सरगर्मी बढ़ा दी है. आनंद मोहन ने जेडीयू और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की वर्तमान स्थिति को लेकर बड़ा दावा किया है. उन्होंने कहा कि जिस नीतीश कुमार ने जेडीयू को अपने दम पर खड़ा किया और सत्ता के शिखर तक पहुंचाया, आज उन्हीं को पार्टी के भीतर पूरी तरह से नजरअंदाज किया जा रहा है. आनंद मोहन ने यहां तक कह दिया कि नीतीश कुमार को जिंदा ही दफन कर दिया गया है. उन्होंने आरोप लगाया कि पार्टी के कार्यक्रमों में अब नीतीश कुमार की मौजूदगी या उनकी तस्वीरें भी दिखाई नहीं देती हैं. इसके साथ ही उन्होंने जेडीयू में पैसों के दम पर राजनीति होने का भी संगीन आरोप लगाया है.

पप्पू यादव का पलटवार और जेडीयू में दो फाड़ का सवाल

आनंद मोहन के इस विवादित बयान के सामने आने के बाद पप्पू यादव ने मोर्चा संभाला और कड़ी प्रतिक्रिया दी. पप्पू यादव ने आनंद मोहन के दावों पर सवाल उठाते हुए पूछा कि क्या इस बयान के बाद अब यह मान लिया जाए कि जेडीयू दो धड़ों में बंट चुकी है और पार्टी में दो फाड़ हो गया है. पप्पू यादव ने कहा कि बिहार की जनता चाहती है कि नीतीश कुमार के बेटे निशांत जी आगे आएं और जेडीयू का नेतृत्व संभालें. उन्होंने सवाल उठाया कि क्या ये लोग निशांत जी के साथ हैं या जेडीयू में अब दो अलग-अलग ग्रुप काम कर रहे हैं.

नीतीश कुमार के चरित्र पर उठाया विश्वास

जेडीयू में रुपयों की थैली और पैसों के लेनदेन के आरोपों पर पप्पू यादव ने नीतीश कुमार का बचाव किया. उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जब तक नीतीश कुमार हैं, तब तक उनके रहते कोई पैसा ले ले, वह ऐसा बिल्कुल नहीं मानते हैं. पप्पू यादव ने कहा कि नीतीश कुमार का यह कैरेक्टर कभी नहीं रहा है, न पहले था और न आज है. उन्होंने कहा कि कौन लोग पैसा लेते हैं और कौन नहीं, इसके बारे में उन्हें जानकारी नहीं है, लेकिन नीतीश कुमार और उनकी पार्टी का यह चरित्र नहीं हो सकता. पप्पू यादव ने जोर देकर कहा कि नीतीश कुमार आज भी बिहार की राजनीति में उतने ही प्रासंगिक हैं और बिहार आज भी उन्हें बहुत याद करता है.

'नीतीश को कोई जिंदा दफन नहीं कर सकता'

नीतीश कुमार को जिंदा दफन किए जाने के आनंद मोहन के आरोप को पप्पू यादव ने सिरे से खारिज कर दिया. उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार को कोई भी जिंदा दफन नहीं कर सकता है. हालांकि, उन्होंने जेडीयू के भीतर चल रही अंदरूनी साजिशों की तरफ इशारा करते हुए कहा कि नीतीश कुमार की पीठ में छुरा भोंकने की कोशिश जरूर की गई है. उन्होंने कहा कि आज भी हर मुद्दे पर केवल नीतीश कुमार ही सर्वमान्य और एक्सेप्टेबल हैं, उनके अलावा कोई दूसरा चेहरा स्वीकार्य नहीं है. आनंद मोहन ने भी अपने बयान में कहा था कि कुछ नेता नीतीश कुमार की मौजूदा स्थिति का नाजायज फायदा उठाने की कोशिश कर रहे हैं.

हमाम में सब नंगे हैं: पप्पू यादव

पप्पू यादव ने बिहार की मौजूदा राजनीतिक स्थिति और नेताओं के बयानों पर तंज कसते हुए एक शायरी के जरिए अपनी बात खत्म की. उन्होंने कहा कि वह बस इतना जानते हैं कि इस हमाम में सब के सब नंगे हैं और राजनीति की हर डाल पर उल्लू बैठा है. ऐसे हालात में इस गुलिस्तां का अंजाम क्या होगा, इसके बारे में किसी एक व्यक्ति को जिम्मेदार ठहराकर कुछ भी नहीं कहा जा सकता है. बहरहाल, आनंद मोहन और पप्पू यादव के इन बयानों के बाद बिहार में जेडीयू के भविष्य और नीतीश कुमार की राजनीतिक विरासत को लेकर नए सवाल खड़े हो गए हैं.

यहां देखें वीडियो

'बाप-बेटे को डॉक्टर की जरूरत, इसलिए मिला स्वास्थ्य मंत्रालय...', JDU पर फूटा आनंद मोहन का गुस्सा, देखें वीडियो

    follow google news