पप्पू यादव का किसी ने गला पकड़ा..किसी ने भगाया.. 'चढ़ावा चोरी' के विपक्ष का अनोखा प्रदर्शन

आशीष अभिनव

• 01:32 PM • 31 Jul 2026

संसद में साधु के भेष में पहुंचे पप्पू यादव ने राम मंदिर में कथित चढ़ावा चोरी पर अनोखा प्रदर्शन किया. राहुल गांधी ने दिया चंदा तो अवधेश प्रसाद ने पकड़ा गला.

Pappu Yadav
संसद में पप्पू यादव का प्रदर्शन
Google CTA

संसद परिसर में एक नाटकीय विरोध प्रदर्शन देखने को मिला, जिसमें पूर्णिया के निर्दलीय सांसद पप्पू यादव ने साधु का भेष धारण कर और हाथ में दानपेटी लेकर प्रदर्शन किया. यह प्रदर्शन 'राम मंदिर में कथित चढ़ावा चोरी' के मुद्दे पर विपक्ष की ओर से केंद्र सरकार को घेरने के लिए किया गया था. इस दौरान कांग्रेस नेता राहुल गांधी को निर्दलीय सांसद पप्पू यादव को चंदा देते हुए भी देखा गया. प्रदर्शन के दौरान फैजाबाद के सांसद अवधेश प्रसाद सहित अन्य विपक्षी सांसदों ने भी इसमें हिस्सा लिया. 

Read more!

साधु बने पप्पू यादव और दान पेटी से 'चढ़ावा चोरी'

पप्पू यादव संसद परिसर में गेरुआ वस्त्र धारण कर पुजारी/साधु के रूप में नजर आए. उनके हाथ में एक दान पात्र (दान पेटी) था. प्रदर्शन के दौरान उन्होंने सांकेतिक रूप से दान पात्र से चढ़ावा चुराने का नाटक किया और वहां से भागने लगे. इस नाटकीय प्रदर्शन में विपक्ष के अन्य सांसदों ने भी पूरा साथ दिया. फैजाबाद (अयोध्या) के सपा सांसद अवधेश प्रसाद ने पप्पू यादव का गला पकड़कर उन्हें रोका और चढ़ावा चोरी के लिए सजा देने की मांग की. वहीं, अन्य विपक्षी सांसद उन्हें वहां से भगाते और धर-पकड़ करते नजर आए.

राहुल गांधी ने दिया 'चंदा', सपा सांसदों ने की धर-पकड़

इस अनोखे प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेता और नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी भी शामिल हुए और उन्होंने पप्पू यादव की दान पेटी में 'चंदा' यानी चढ़ावा दिया. संसद परिसर में घूम-घूमकर चंदा बटोर रहे पप्पू यादव के इस प्रदर्शन को देखकर वहां मौजूद सभी सांसद हैरान रह गए.

कांग्रेस का हमला: 'चढ़ावा चोर गद्दी छोड़'

इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. कांग्रेस ने अपने आधिकारिक एक्स (ट्विटर) हैंडल पर वीडियो शेयर करते हुए लिखा "चढ़ावा चोर गद्दी छोड़."

कांग्रेस का आरोप 

कांग्रेस ने आरोप लगाया कि राम मंदिर में बीजेपी और आरएसएस ने चढ़ावा चोरी करके देश के करोड़ों राम भक्तों की आस्था और श्रद्धा के साथ खिलवाड़ किया है, जो एक महापाप है. पार्टी ने कहा कि विपक्ष के सांसदों ने संसद परिसर में बेहद अनोखे अंदाज में इस कथित घोटाले के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराया है.

संसद में चर्चा की मांग पर अड़ा विपक्ष, बीजेपी ने जताया ऐतराज

राम मंदिर में हुए कथित चढ़ावा घोटाले को लेकर विपक्ष लगातार संसद में चर्चा कराने की मांग कर रहा है. इसी सिलसिले में शुक्रवार को पप्पू यादव का यह नाटकीय अंदाज चर्चा का केंद्र बना रहा. हालांकि, भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने पप्पू यादव और विपक्ष के इस प्रदर्शन का कड़ा विरोध किया है और इसे धार्मिक भावनाओं का मजाक उड़ाना करार दिया है.