दिल्ली में आईआरसीटीसी (IRCTC) मामले की अदालत में सुनवाई के बाद पटना लौटे राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के शीर्ष नेतृत्व का एक अनोखा और भावनात्मक रूप शनिवार को पटना एयरपोर्ट पर देखने को मिला. विमान से उतरने के बाद नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने सुरक्षा काफिले और सरकारी ड्राइवर को दरकिनार कर खुद गाड़ी की कमान संभाल ली.
ADVERTISEMENT
तेजस्वी यादव ड्राइविंग सीट पर बैठे और अपने पिता लालू प्रसाद यादव तथा मां राबड़ी देवी को साथ बैठाकर सीधे आवास के लिए रवाना हो गए. आमतौर पर कड़े सुरक्षा घेरे में रहने वाले बड़े नेताओं के बीच तेजस्वी का इस तरह खुद गाड़ी चलाना एयरपोर्ट पर मौजूद कार्यकर्ताओं और आम लोगों के बीच भारी चर्चा का विषय बन गया.
IRCTC मामले की सुनवाई में शामिल होकर लौटे हैं तीनों नेता
बता दें कि लालू प्रसाद यादव, राबड़ी देवी और तेजस्वी यादव दिल्ली स्थित अदालत में आईआरसीटीसी मामले की पेशी और सुनवाई में शामिल होने गए थे. कोर्ट की कार्यवाही पूरी होने के बाद शनिवार को तीनों नेता एक साथ पटना लौटे. एयरपोर्ट परिसर से निकलते ही तेजस्वी ने बेटे का फर्ज निभाते हुए खुद स्टीयरिंग थामी और माता-पिता को लेकर रवाना हो गए.
'BJP में चले जाएं तो हरिश्चंद्र', तेजस्वी का तंज
पटना एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत करते हुए तेजस्वी यादव ने अदालती प्रक्रिया और केंद्र सरकार की मंशा पर जमकर भड़ास निकाली.
तेजस्वी ने कहा:
हम देश की न्यायपालिका का सम्मान करते हैं, इसीलिए नियमित रूप से कोर्ट की सुनवाई में शामिल होने गए थे. लेकिन देश में आज ऐसा माहौल बना दिया गया है कि अगर हम भारतीय जनता पार्टी (BJP) में शामिल हो जाएं, तो हमें तुरंत राजा हरिश्चंद्र का तमगा दे दिया जाएगा. लेकिन जब तक हम उनके आगे नहीं झुकते, तब तक हमें दोषी ठहराया जाता रहेगा.
चुनाव आयोग, ED और CBI पर बोला हमला
आगामी राजनीतिक रणनीति और केंद्रीय एजेंसियों की भूमिका पर बोलते हुए तेजस्वी ने केंद्र सरकार के साथ-साथ संवैधानिक संस्थाओं पर भी तीखे सवाल खड़े किए. उन्होंने दावा किया कि आने वाले दिनों में प्रवर्तन निदेशालय (ED) और सीबीआई (CBI) को लेकर कई बड़े खुलासे होंगे.
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर हमला बोलते हुए तेजस्वी ने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि उन्होंने जो भूमिका निभाई है, उसकी सजा उन्हें ज़रूर मिलेगी और उनके साथ जुड़े किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा.
6 अक्टूबर को सड़क पर उतरेगा विपक्ष
देश के मौजूदा हालात पर विपक्ष की रणनीति साझा करते हुए तेजस्वी यादव ने बड़ा ऐलान किया. उन्होंने बताया कि 6 अक्टूबर को विपक्ष के तमाम सांसद सड़क पर उतरकर देशव्यापी विरोध प्रदर्शन करेंगे. इसके अलावा, विपक्ष का एक प्रतिनिधिमंडल इस पूरे घटनाक्रम और मुद्दों को लेकर देश की राष्ट्रपति से मुलाकात कर अपनी बात रखेगा.
ADVERTISEMENT


