पटना के बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव से ठीक पहले राजधानी का सियासी पारा पूरी तरह गरमा गया है. जन सुराज पार्टी के सूत्रधार प्रशांत किशोर और पटना के जक्कनपुर थाना प्रभारी (SHO) ऋतुराज कुमार सिंह के बीच आधी रात को थाने के भीतर ही भीषण बहस हो गई. दो कार्यकर्ताओं को गैर-कानूनी तरीके से हिरासत में रखने और फिर बिना किसी आधिकारिक जानकारी के थाने से 'गायब' कर देने का आरोप लगाते हुए प्रशांत किशोर सीधे पुलिस स्टेशन पहुंच गए.
ADVERTISEMENT
इसके बाद जो हुआ, उसने बिहार पुलिस के रवैये और चुनावी माहौल में पुलिसिया कमान पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.
"क्या पुलिस राज है?" - प्रशांत किशोर का तीखा हमला
प्रशांत किशोर अपनी टीम के साथ जक्कनपुर थाने पहुंचे और आरोप लगाया कि उनकी पार्टी के दो कार्यकर्ताओं को पिछले चार घंटे से थाने में बैठाकर रखा गया था. जब कार्यकर्ता थाने से गायब मिले और उनका कोई पुलिस रिकॉर्ड नहीं दिखाया गया, तो पीके का गुस्सा फूट पड़ा.
प्रशांत किशोर ने थानेदार से सीधे सवाल दागा
"अगर उन्होंने कोई मर्डर या क्राइम किया है, तो बताइए? आपके थाने की आखिरी तस्वीर उनके पास से आई थी. अब वे दो लोग कहां गए? क्या थाने से भी लोग गायब होने लगे हैं? क्या बिहार में पुलिस राज चल रहा है?"
SHO का तल्ख जवाब: "वर्दी उतार दूंगा तो आपके बराबर आ जाऊंगा"
थाने में प्रशांत किशोर और मीडिया के कैमरे देखकर जक्कनपुर थाना प्रमुख ऋतुराज कुमार सिंह भी अपना आपा खो बैठे. पीके द्वारा सवाल पूछे जाने और दबाव बनाने पर SHO ने तल्ख लहजे में कहा
"आप मुझे मेरे ही थाने में बैठकर धमकी दे रहे हैं? अगर यह वर्दी उतार दी ना, तो नौकरी छोड़कर आपके ही कैटेगरी में आ जाऊंगा. फिर आप भी आम आदमी और हम भी आम आदमी!"
थानेदार के इस रवैये और 'वर्दी उतारने' की बात पर माहौल और भी ज्यादा गर्मा गया. प्रशांत किशोर ने पलटवार करते हुए कहा कि थानेदार अपनी नाकामी छुपाने के लिए धमकी का सहारा ले रहे हैं और बिहार की जनता देख रही है कि आम लोगों के साथ पुलिस कैसा बर्ताव करती है.
"नौकरी तो जाएगी ही जाएगी..." - PK की खुली चेतावनी
प्रशांत किशोर ने कैमरों के सामने जक्कनपुर SHO ऋतुराज कुमार सिंह का नाम लेते हुए सीधे तौर पर चेतावनी दी। उन्होंने कहा
"यह ऋतुराज कुमार सिंह हैं. इन्होंने गैर-कानूनी तरीके से हमारे कार्यकर्ताओं को बैठाया और फिर बिना किसी सुपीरियर अफसर की जानकारी दिए कहीं ट्रांसफर कर दिया. अगर उन दोनों कार्यकर्ताओं को खरोंच भी आई या किसी तरह का नुकसान हुआ, तो इस SHO की नौकरी जाना तय है".
प्रशांत किशोर का आरोप है कि किसी बड़े राजनीतिक दबाव या आकाओं के इशारे पर चुनाव से ठीक पहले जन सुराज के कार्यकर्ताओं को डराने और उठाने की कोशिश की जा रही है.
उपचुनाव से ठीक पहले गरमाई सियासत
बांकीपुर सीट पर होने वाले मतदान से महज कुछ दिन पहले इस हाई-प्रोफाइल ड्रामे के बाद जक्कनपुर पुलिस और पटना जिला प्रशासन बैकफुट पर दिख रहा है. थाने के भीतर पुलिस और प्रशांत किशोर की यह 'ऑन-कैमरा' तकरार सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है, जिससे इलाके में राजनीतिक तनाव और बढ़ गया है.
अब देखना होगा कि जन सुराज के लापता कार्यकर्ताओं के मामले में वरिष्ठ पुलिस अधिकारी क्या कार्रवाई करते हैं.
ADVERTISEMENT


