राजधानी पटना में बेखौफ अपराधियों ने एक बार फिर पुलिस प्रशासन को खुली चुनौती दे डाली है. मंगलवार की देर रात बेखौफ अपराधियों ने एक युवक पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी. घटना को अंदाम देने के बाद अपराधी मौके से फरार हो गए. घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है. इस फुटेज में दिख रहा है कि एक शख्स जिसका नाम शुभम यादव है और वो फोन पर बात कर रहा है. इतने में एक बाइक पर सवार अपराधी आते हैं और करीब में चार गोली मारते हुए फरार हो जाते हैं.
ADVERTISEMENT
क्राइम मीटिंग कर रहे थे एसएसपी
जहां एक तरफ पटना के एसएसपी कार्तिकेय शर्मा जिले के सभी अनुमंडल पुलिस अधिकारियों और थानेदारों के साथ अपराध नियंत्रण को लेकर क्राइम मीटिंग कर रहे थे, वहीं दूसरी तरफ शातिर अपराधियों ने शहर में एक बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम दे डाला और मौके से आसानी से फरार हो गए.
घटना के तुरंत बाद एक्टिव हुई पुलिस
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत 'मौके-ए-वारदात' पर पहुंची और पूरे मामले की जांच में जुट गई. पुलिस आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी (CCTV) फुटेज को खंगाल रही है ताकि अपराधियों का सुराग लगाया जा सके. वहीं, फोरेंसिक टीम को भी सबूत जुटाने के लिए मौके पर बुलाया गया है.
कानून-व्यवस्था पर उठे सवाल
हैरानी की बात यह है कि वारदात के वक्त पुलिस मुख्यालय और थाने स्तर पर सुरक्षा व्यवस्था और कानून-व्यवस्था को मजबूत करने के लिए मंथन चल रहा था. एसएसपी खुद सभी थानेदारों के साथ जिले की सुरक्षा समीक्षा कर रहे थे, लेकिन अपराधियों ने उसी दौरान इतनी बड़ी वारदात को अंजाम देकर राजधानी में खाकी के खौफ पर बड़ा सवालिया निशान खड़ा कर दिया है. फिलहाल, घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है. पुलिस का कहना है कि अपराधियों की पहचान कर ली जाएगी और जल्द से जल्द उन्हें गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा जाएगा.
ADVERTISEMENT


