Patna Crime: जन सुराज नेता अनिल यादव पर जानलेवा हमला, 4-5 गोलियां मारीं, अस्पताल पहुंचे प्रशांत किशोर

आशीष अभिनव

• 08:56 AM • 24 Sep 2026

पटना के बुद्धा कॉलोनी में जन सुराज नेता अनिल यादव पर जानलेवा हमला हुआ है. अपार्टमेंट की पार्किंग में बैठे अनिल यादव को 4-5 गोलियां मारी गईं, पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है. घटना के बाद प्रशांत किशोर अस्पताल पहुंचे और अनिल यादव के स्वास्थ्य की जानकारी ली.

Patna Crime
जनसुराज नेता को मारी गोली
Google CTA

बिहार की राजधानी पटना में अपराधियों ने एक बार फिर पुलिस के सामने बड़ी चुनौती खड़ी कर दी है. बुद्धा कॉलोनी थाना क्षेत्र में जन सुराज से जुड़े नेता और वार्ड नंबर 24 की पार्षद ज्ञानवती देवी के पति अनिल यादव पर जानलेवा हमला हुआ है. अपराधियों ने उन्हें एक के बाद एक कई गोलियां मारीं. घायल अनिल यादव को इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

Read more!

अपार्टमेंट की पार्किंग में बैठे थे अनिल यादव

जानकारी के मुताबिक, अनिल यादव पटना के बुद्धा कॉलोनी इलाके में स्थित अपने अपार्टमेंट 'मां सुखिया महल' की पार्किंग में बैठे थे. इसी दौरान दो बाइक पर सवार तीन हमलावर वहां पहुंचे.हमलावरों ने पार्किंग में बैठे अनिल यादव पर अचानक फायरिंग शुरू कर दी. शुरुआती जानकारी के मुताबिक उन्हें 4 से 5 गोलियां लगी हैं. फायरिंग के बाद तीनों हमलावर मौके से फरार हो गए.

पैर और पेट के निचले हिस्से में लगी गोली

घटना के बाद आसपास के लोगों और परिजनों की मदद से अनिल यादव को बोरिंग रोड स्थित उदयन अस्पताल ले जाया गया. उनका इलाज चल रहा है.मौके पर पहुंचे एएसपी कोतवाली कृष्ण मुरारी प्रसाद ने बताया कि अनिल किशोर यादव को 4 से 5 गोलियां लगी हैं. उनके मुताबिक दो गोलियां पैर में लगी हैं, जबकि लोअर एब्डोमेन में भी गोली लगी है. पुलिस अधिकारी ने बताया कि डॉक्टर घाव और गोली की स्थिति की जांच कर रहे हैं और एक्स-रे के बाद स्थिति और स्पष्ट होगी. पुलिस के अनुसार फिलहाल जांच शुरुआती चरण में है और इलाज के साथ-साथ घटना से जुड़े तमाम पहलुओं की पड़ताल की जा रही है.

प्रशांत किशोर अस्पताल पहुंचे

घटना की जानकारी मिलने के बाद जन सुराज के प्रमुख प्रशांत किशोर भी अस्पताल पहुंचे. उन्होंने अनिल यादव के स्वास्थ्य की जानकारी ली और उनके परिजनों से मुलाकात की. हमले के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. अपार्टमेंट परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके और उनके आने-जाने के रास्ते का पता लगाया जा सके.

रंजिश समेत कई एंगल पर जांच

पुलिस शुरुआती जांच में हमले के पीछे संभावित कारणों को खंगाल रही है. रंजिश समेत दूसरे संभावित एंगल से भी मामले की जांच की जा रही है. फिलहाल हमले की वजह और हमलावरों की पहचान को लेकर पुलिस की जांच जारी है.राजधानी के रिहायशी इलाके में अपार्टमेंट की पार्किंग में हुई इस गोलीबारी ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े किए हैं. पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज और दूसरे सुरागों के आधार पर हमलावरों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है.